ओडिशा क्राइम ब्रांच-अपराध जांच विभाग (सीबी-सीआईडी) ने गुरुवार को एनएचआरसी को सूचना दी कि उसने एक व्हिसलब्लोअर की हत्या के मामले में सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक से मदद मांगी है। क्राइम ब्रांच ने बताया कि व्हिसलब्लोअर आदित्य दास कथित तौर पर सात जुलाई 2020 को भुवनेश्वर में लिंगराज रेलवे स्टेशन पर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में कैलीफोर्निया स्थित फेसबुक सिक्योरिटी की लॉ एनफोर्समेंट रिस्पॉन्स टीम से आदित्य दास के फेसबुक अकाउंट से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके साथ ही सीबी-सीआईडी ने एक सुसाइड नोट को विश्लेषण के लिए मनोवैज्ञानिक के पास भी भेजा है।
एक मोटीवेशनल स्पीकर और मानवाधिकार कार्यकर्ता आदित्य दास की मौत का राज सामने लाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता और कार्यकर्ता राधाकांत त्रिपाठी ने इस मामले में एनएचआरसी (राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग) से दखल देने की मांग की थी।
त्रिपाठी की ओर से दाखिल की गई शिकायत पर कदम उठाते हुए एनएचआरसी ने आदेश पारित किया था और कहा था कि भुवनेश्वर के पुलिस आयुक्त और एडीजी, सीबी-सीआईडी, ओडिशा, कटक को निर्देश दिया जाता है कि वह इस मामले में आठ सप्ताह के अंदर रिपोर्ट पेश करें। आयोग ने ऐसा न कर पाने की स्थिति में कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी थी।
आयोग ने इस मामले का 27 जुलाई 2020 को संज्ञान लिया था और संबंधित अधिकारियों से की गई कार्रवाइयों की रिपोर्ट मांगी थी।