भुवनेश्वर हाइवे पर ट्रक ने कार को 500 मीटर घसीटा।
- फोटो : अमर उजाला
Odisha Truck Car Accident Video: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में कटक हाइवे से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य सामने आया है। यहां भुवनेश्वर से कटक की ओर जा रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मारी और फिर उसे करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। हाईटेक चौराहे के पास हुई इस घटना से अफरा तफरी मच गई। हादसे के वक्त कार में लोग सवार थे जो बाल बाल बच गए। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई सकते में हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही भुवनेश्वर की मंचेस्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ड्राइवर का मेडिकल टेस्ट भी करवाया जिसमें पुष्टि हुई है कि उसने शराब नहीं पी रखी थी। फिलहाल ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है कि उसने कार को टक्कर मारने के बाद रोका क्यों नहीं।
कार में थे लोग, फिर भी 500 मीटर तक घसीटा
लोकल रिपोर्ट के अनुसार, घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय कार में लोग मौजूद थे। उसके बावजूद ट्रक चालक कार को हाइवे पर करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हाइवे से गुजर रहे लोगों में से किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
पुलिस का कहना है कि यह हादसा पहले टक्कर की वजह से शुरू हुआ था। ट्रक चालक ने पहले कार को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद वह डर गया और घबराहट में उसने ट्रक नहीं रोका। इसी वजह से कार ट्रक में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। दूसरी तरफ कार में सवार लोगों के रिश्तेदारों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि ट्रक ड्राइवर ने जानबूझकर कार सवारों को मारने की कोशिश की है।
पुलिस अब इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि यह वाकई एक हादसा था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश थी। जानकारी के अनुसार यह ट्रक संबलपुर की ओर जा रहा था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर मौजूद चश्मदीदों से भी आगे आकर बयान दर्ज कराने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: गहरी खाई में गिरा डंपर, चालक की मौत: परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, बुजुर्ग मां का रो रोकर हुआ बुरा हाल