भारी बारिश से ओडिशा के कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं रेलवे ट्रैक पानी में डूब जाने के कारण ओडिशा के रायगढ़ जिले से एक विडियो सामने आया है। जिसमें साफ दिख रहा है कि रेल पटरियां पूरी तरह से पानी में डूबी हुई हैं। जिसकी वजह से भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंद एक्सप्रेस रास्ते में ही खड़ी है।
आपको बता दें कि बीते दो दिनों से ओडिशा में लगातार भारी बारिश हो रही है। इस वजह से भुवनेश्वर, कटक, पुरी, रायगढ़ा जैसे इलाके में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन ने पहले ही स्कूलों में छुट्टी कर दी है। भारी बारिश की वजह से लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं। वहीं मौसम विभाग ने 13 जिलों में अभी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के चलते कई जगह गांव बाहरी क्षेत्रों से कट गए हैं।
भारी बारिश के कारण ओडिशा के साथ-साथ सबसे बुरा हाल केरल और गुजरात के सौराष्ट्र इलाके का हो रखा है। मुंबई के बाद अब महाराष्ट्र के हिल स्टेशनों में मॉनसूनी बारिश का सिलसिला तेज हो गया है। दूसरी ओर पूर्वी और दक्षिण भारत में भी मॉनसून की बारिश से कोहराम मचा हुआ है।