सुरक्षा पर सवाल और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले में जहां एक ओर सवाल सुरक्षा पर खड़े हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अब आरोप-प्रत्योरोप का बाजार भी बेजोड़ गर्म हो गया है। मामले में ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने दुख जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या बोला सीएम माझी ने?
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक उड़िया छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर चिंता जताई। साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और दर्दनाक है। उन्होंने ममता बनर्जी से कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने पीड़िता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की और अधिकारियों को पश्चिम बंगाल सरकार से संपर्क कर मदद करने के निर्देश दिए। इस दौरान माझी ने इस बात का भी आश्वासन दिया कि ओडिशा सरकार पीड़िता के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
भाजपा ने ममता सरकार की सुरक्षा पर उठाए ढेरो सवाल
इस मामले को लेकर अब राजनीति भी तेज हो गई है। भाजपा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि पीड़िता ने बयान में वासिफ अली और उसके साथियों के नाम लिए हैं। वहीं भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पीड़िता के पिता से बात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया और जरूरत पड़ने पर इलाज के लिए कोलकाता शिफ्ट करने की सलाह दी।
ये भी पढ़ें:- Maharashtra: परीक्षा से जुड़े विवाद को लेकर संगीत विद्यालय में घुसे दो लोग, 11 छात्रों को बेल्ट-डंडों से पीटा
राष्ट्रीय महिला आयोग ने क्या कहा?
राष्ट्रीय महिला आयोग की एक टीम पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंची। आयोग की सदस्य अर्चना मजूमदार ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस सक्रिय भूमिका नहीं निभा रही है। यह बहुत दुखद है। वहीं राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेज से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है।
राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। जांच जारी है, हमें धैर्य रखना चाहिए। वहीं, वेस्ट बंगाल डॉक्टर्स फोरम (डब्ल्यूबीडीएफ) ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा कैंपस में भी नहीं है।