केरल के बहुचर्चित नन दुष्कर्म मामले में आरोपी बिशप फ्रैंको मुलक्कल का विरोध करने वाली पांच में चार नन को हटा दिया गया है। पिछले साल जारी ट्रांसफर आदेश के तहत चारों को कोट्टयम के कान्वेंट से जाने को कहा गया है। सिस्टर अनुपमा, सिस्टर एनसिटा, सिस्टर एल्फी और सिस्टर जॉसफाइन को तुरंत प्रभाव से पुराने कान्वेंट जाने का आदेश दिया गया है।
पांच में से एक नन ने मुलक्कल के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया था। बाद में इन सभी नन ने मुल्लकल की गिरफ्तारी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। चारों को मार्च और मई 2018 के बीच ट्रांसफर आदेश जारी कर अलग अलग कान्वेंट में जाने को कहा गया था, लेकिन तब उन्होंने यह कहकर जाने से मना कर दिया था कि वे अपने साथी को अकेला नहीं छोड़ सकतीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुलक्कल को बचाने के लिए यह सब किया जा रहा है।
केरल की एक नन ने रोमन कैथलिक चर्च के बिशप मुलक्कल पर 2014 से 2016 के बीच दुष्कर्म और अप्राकृतिक सेक्स करने का आरोप लगाया था। जून में कोट्टयम पुलिस को दी गई शिकायत में नन ने आरोप लगाया था कि बिशप ने मई 2014 में कुराविलंगा गेस्ट हाउस में उसके साथ दुष्कर्म किया और लंबे समय तक यौन शोषण करते रहे।