भारत में महिलाओं की भागेदारी तेजी से बढ़ रही है। यहां तक कि महिला पायलटों की भी संख्या लगातार बढ़ रही है। देश में इस वक्त कुल पायलटों की संख्या 8,797 है, जिसमें 1,092 महिला पायलट हैं। यह कुल पायलटों की संख्या का 12.4 फीसदी है। पिछले चार सालों के आंकड़ों को देखें तो महिला पायलटों की संख्या बढ़कर लगभग दोगुनी हो गई है।
साल 2014 में घरेलू विमानन कंपनियों के कुल 5,050 पायलट थे, जिसमें महिला पायलटों की संख्या 586 थी। अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखें तो भारत अब उन देशों की श्रेणी में आ गया है, जहां महिला पायलटों की संख्या सबसे अधिक है। अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में महिला पायलटों की संख्या कुल कार्य बल का 5 फीसदी है।
'इंटरनेशनल सोसायटी ऑफ वुमन एयरलाइन पायलट' में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस वक्त दुनियाभर में महिला पायलटों की कुल संख्या 7,409 है, जो कि कुल कार्य बल का 5 फीसदी है। हाल के दिनों में भारत में महिला पायलटों की संख्या में सबसे ज्यादा वृद्धि देखी गई है। इस मामले में एयर इंडिया पहले पायदान पर है। कंपनी में इस वक्त कुल महिला पायलटों की संख्या 280 है, जो कि कुल पायलटों की संख्या का 12.8 फीसदी है।
हाल ही में महिला दिवस के मौके पर भी भारत में महिला पायलटों ने ही जिम्मेदारी संभाली थी। उस दिन कुल 20 महिला पायलटों को दिल्ली और मुंबई से अमेरिका जाने और आने वाली फ्लाइट के लिए तैनात किया गया था।