अलवर के थानागाजी गैंगरेप मामले में मंगलवार को एससी/एसटी न्यायालय में पीड़ित महिला के बयान दर्ज किए गए जिसमें ग्रामीण सीओ जगमोहन शर्मा ने सुबह करीब 8 बजे पीड़ित महिला व उससे गैंगरेप करने के आरोपी छोट्या उर्फ छोटेलाल गुर्जर, इंद्राज गुर्जर, हंसराज गुर्जर और अशोक गुर्जर सहित सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल करने वाले मुकेश गुर्जर को कड़े पुलिस घेरे के बीच कोर्ट में पेश किया। इस दौरान करीब 4 घंटे तक अदालत के बंद कमरे में पीड़िता के बयानों की कार्रवाई चली।
वहीं, लोक अभियोजक ने पीड़िता से आरोपियों की शिनाख्त करवाई। बयान के दौरान अदालत में उपस्थित 4 आरोपियों की पीड़िता ने पहचान कर ली जबकि एक आरोपी को न्यायालय द्वारा नाबालिग करार देने से उसकी सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष की जा रही है।
हालांकि अदालत के कामकाज का समय पूरा होने के कारण बयान पूरे नहीं हो सके। न्यायाधीश बृजेश कुमार शर्मा ने बयान की अगली तारीख 10 जून तय की है।
जोधपुर में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज
जोधपुर में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सोमवार रात मंडोर थाने में दर्ज हुआ। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को नाबालिग पीड़िता का मेडिकल करवाया गया। मामला डेढ़ साल पुराना है और इसकी जांच जारी है।
असम से सरदारशहर लाई गई एक 16 वर्षीय नाबालिग को सरदारशहर के गांव ढाणी सुहाना में एक लाख 20 हजार रुपए में बेच दिया गया। मारपीट के डर से नाबालिग सोमवार रात ढाणी सुहाना से भागकर पास में ही स्थित गांव गिड़गिचिया की एक ढाणी में पहुंच गई। मंगलवार सुबह नाबालिग को रोते देख ढाणी मालिक ने पुलिस को सूचना दी, तो मामले का पता चला। पुलिस ने नाबालिग के बताए अनुसार उसको खरीदने वाली महिला सरस्वती को हिरासत में भी ले लिया।