भारत में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि जारी है, लेकिन इससे ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी उसी रफ्तार से बढ़ रही है। मई से सितंबर के बीच कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 50 हजार से बढ़कर 36 लाख हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। ठीक हुए मरीजों में से 58 फीसदी पांच राज्यों से हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि भारत में कोविड-19 रिकवरी मई में 50,000 थी, जो सितंबर में 36 लाख से अधिक हो गई है। हर दिन 70,000 से अधिक मरीज इस बीमारी से उबर रहे हैं। भारत में रिकवरी रेट सक्रिय मामलों की तुलना में 3.8 गुना है। अब देश में कोरोना वायरस से ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) 77.88 फीसद है।
देश में अब तक कोरोना संक्रमण से ठीक हुए मरीजों में से 58 फीसदी पांच राज्यों से हैं। इनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महाराष्ट्र रोजाना 13,000 से अधिक मरीजों के स्वस्थ होने के साथ सबसे आगे बना हुआ है जबकि आंध्र प्रदेश में रोज 10,000 से अधिक मरीज ठीक हो रहे हैं।
मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में 78,399 मरीज स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोविड-19 के 94,372 नए मरीज सामने आए हैं। अकेले महाराष्ट्र में 22,000 से अधिक जबकि आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में नौ-नौ हजार से अधिक नए मरीज सामने आए हैं।