पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में नेशनल हाइवे पर बेमियादी नाकेबंदी लागू करने वाले नगा संगठन यूनाइटेड नगा कौंसिल (यूएनसी) ने इस साल गणतंत्र दिवस समारोहों का बायकाट करने की अपील की है। यहां संगठन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह की अगुवाई वाली सांप्रदायिक सरकार ने संबंधित लोगों से सलाह-मशविरा किए बिना ही सात नए जिलों के गठन का एलान कर दिया। संगठन ने नगा लोगों से ऐसे किसी समारोह से दूर रहने को कहा है।
वैसे, पूर्वोत्तर के ज्यादातर उग्रवादी संगठनों ने भी गणतंत्र दिवस समारोहों के बायकाट की अपील की है। बायकाट की अपील को ध्यान में रखते हुए राज्य में सुरक्षा के इंतजाम बढ़ाए जा रहे हैं। पुलिस ने कई स्थानों पर सघन तलाशी अभियान भी शुरू किया है। इस बीच, उग्रवादी संगठन एनएससीएन के इसाक-मुइवा गुट के चार सदस्यों को गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि उक्त उग्रवादी जरूरी सामान लेकर हाइवे से आने वाले ट्रकों पर हमले की योजना बना रहे थे।
दूसरी ओर, नाकेबंदी खत्म करने के लिए बातचीत के मुद्दे पर भी गतिरोध बना हुआ है। मुख्य सचिव ओ. नबकिशोर ने इंफाल सचिवालय में बैठक का न्योता देते हुए 17 जनवरी को यूएनसी को पत्र भेजा था, लेकिन अब तक इसका कोई जवाब नहीं दिया है। दरअसल, वह चाहते हैं कि यह बैठक या तो दिल्ली में हो या फिर राज्य के सेनापति जिला मुख्यालय में हो।