राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि ऑपरेशन सिंदूर से पहले और पहलगाम हमले के बाद क्या हालात थे और प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम हमले के बाद सबसे पहला सवाल क्या किया था? डिस्कवरी की डॉक्यूमेंट्री सीरीज डीक्लासीफाइड: ऑपरेशन सिंदूर के लिए एक इंटरव्यू में अजीत डोभाल ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य 88 घंटे के सैन्य ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान में मौजूद आतंकी शिविर नष्ट करना था और खासकर वे शिविर, जो पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े थे।
एनएसए अजीत डोभाल ने क्या बताया?
ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपने पहले इंटरव्यू में अजीत डोभाल ने उन फैसलों के बारे में बताया, जिन्होंने पहलगाम हमले के बाद भारत की सैन्य प्रतिक्रिया को आकार दिया। पहलगाम आतंकी हमले के समय पीएम मोदी सऊदी अरब के दौरे पर थे। हमले की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री अपना दौरा बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट आए थे।
प्रधानमंत्री ने सबसे पहले क्या पूछा?
अजीत डोभाल
- फोटो : अमर उजाला
डोभाल ने याद करते हुए बताया, 'प्रधानमंत्री सऊदी अरब से लौटे। विदेश सचिव उन्हें रिसीव करने गए। फिर हवाई अड्डे पर ही हमारी मुलाकात हुई। सबसे पहले प्रधानमंत्री ने आतंकी हमले से जुड़ी पूरी जानकारी ली।' डोभाल ने बताया, 'प्रधानमंत्री यह जानना चाहते थे कि हमले के पीछे कौन था। डोभाल ने बताया कि प्रधानमंत्री का पहला सवाल था- ये किसने किया है? इसके लिए कौन जिम्मेदार है? हमें ये साफ पता होना चाहिए कि अपराधी कौन है। मुझे यह तुरंत चाहिए।'
डोभाल ने बताया कि हम चाहते थे कि पाकिस्तानी सेना यह समझे कि आतंकवाद को उसका समर्थन या उसका आतंकियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करना हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके बाद निर्णायक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारत की सीमित और सटीक कार्रवाई के बावजूद पाकिस्तान ने भारत पर हमले शुरू कर दिए, जिसका भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
'हम खून की आखिरी बूंद तक लड़ेंगे'
जम्मू कश्मीर की बैसारण घाटी में आतंकियों ने 26 बेगुनाह लोगों की हत्या की। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर के तहत सैन्य संघर्ष करीब 88 घंटे तक चला। 10 मई की शाम को पाकिस्तान ने संघर्ष विराम की अपील की, जिसे भारत ने स्वीकार कर लिया।
इंटरव्यू के दौरान डोभाल ने कहा, 'एक बार कुछ भी शुरू होता है, तो हम जहां तक जरूरी होगा, वहां तक जाएंगे और देश की संप्रभुता की रक्षा करेंगे। हम खून की आखिरी बूंद तक लड़ेंगे।' उन्होंने कहा कि 'जब पीएम मोदी कहते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है तो उनका कहने का मतलब है कि आतंक के खिलाफ लड़ाई तभी पूरी होगी, जब आखिरी आतंकी भी मारा जाएगा।'