सरकार ने एनएस विश्वनाथन को रिजर्व बैंक का डिप्टी गवर्नर नियुक्त करने संबंधी प्रस्ताव मंजूर कर लिया है। वह एचआर खान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल आगामी तीन जुलाई को खत्म हो रहा है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी कमेटी (एसीसी) की मंगलवार को हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली।
इस समय विश्वनाथन रिजर्व बैंक में ही कार्यकारी निदेशक (ईडी) हैं। बैंक के डिप्टी गवर्नर बनने की दौड़ में वह सबसे आगे बताये जा रहे थे। विश्वनाथन रिजर्व बैंक के ईडी रहते हुए बैंकिंग और नॉन-बैंकिंग रेगुलेशन डिपार्टमेंट देख रहे हैं।
उनके अलावा इस दौड़ में उनके समकक्ष चंदन सिन्हा भी शामिल थे। हालांकि विश्वनाथन के डिप्टी गवर्नर बनने की संभावना सोमवार को ही प्रबल हो गई थी, जब इस पद के लिए साक्षात्कार हुआ था। यह साक्षात्कार कैबिनेट सचिव पीके सिन्हा की अध्यक्षता वाले सर्च पैनल ने लिया था, जिसमें रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन भी सदस्य थे।
अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल करने वाले विश्वनाथन वर्ष 2014 में रिजर्व बैंक के ईडी बनाये गए थे। इसके अलावा विश्वनाथन ने सालों तक अलग-अलग बैंकों के निदेशक के पद पर काम किया है। साथ ही वह आईएफसीआई लिमिटेड के सतर्कता विभाग में चीफ जनरल मैनेजर भी रह चुके हैं।