सेल्फी की दीवानगी मौत का सबब भी बन रही है। पिछले कुछ दिनों में सेल्फी लेने की कोशिश में कई जानें गई हैं। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों को एडवाइजरी जारी की है और कहा है कि वह खरतनाक स्थलों पर सेल्फी लेने पर पांबदी लगाए। साथ ही ऐसे क्षेत्रों की पहचान करें जहां सेल्फी लेना खतरनाक हो सकता है। यानी अब तक स्थलों पर 'सेल्फी निषेध क्षेत्र' सेल्फी डेंजर जोन चिन्हित किए जाएंगे।
पर्यटन और संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने लोकसभा में बताया कि महाराष्ट्र और कर्नाटक की सरकारों ने इस दिशा में अच्छी पहल की है। महाराष्ट्र और कर्नाटक की सरकारों ने साइनेज और अन्य साधनों से लोगों को इस संबंध में जागरुक किया है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि राज्य अपनी-अपनी टूरिस्ट साइट पर वॉलंटियर या टूरिस्ट पुलिस तैनात करें। गौरतलब है कि साल 2015 में देश में सेल्फी लेने के चलते 15 पर्यटकों की मौत हुई । 2016 में जुलाई तक यह आंकड़ा 37 तक पहुंच चुका है।