पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी शिविरों के खिलाफ सफल सर्जिकल स्ट्राइक से उत्साहित भाजपा पार्टी के सदस्यों ने यूपी विधानसभा चुनावों के लिए विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। खबरों की मानें तो दशहरा के बाद बीजेपी यूपी में राजनीतिक यात्रा का शुभारंभ कर सकती है। दशहरा पर प्रधानमंत्री मोदी लखनऊ में रावण दहन करेंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि दशहरा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से भाजपा चुनावी अभियान का शुभारंभ कर सकती है।
यूपी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने में लगे बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को पार्टी के मुख्य कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर अहम जिम्मेदारी सौंपीं। दिल्ली में यूपी बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में यूपी बीजेपी के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या, यूपी बीजेपी के प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, बीजेपी के संगठन महामंत्री रामलाल, बीजेपी सह संगठन महामंत्री शिवकुमार, यूपी में पार्टी के संगठन मंत्री सुनील बंसल, प्रदेश के सहप्रभारी रमेश बिधूड़ी, रामेश्वर चौरसिया, सुनील ओझा मौजूद थे।
सूत्रों के मुताबिक यूपी बीजेपी की कोर ग्रुप की इस बैठक में समाजवादी पार्टी की सरकार के खिलाफ बीजेपी यूपी में चार जगह सहारनपुर, ललितपुर, सोनभद्र और बलिया से परिवर्तन यात्रा निकलेगी और इन चारो यात्रा को अलग अलग समय पर यूपी से केंद्र सरकार में मंत्री और यूपी के बड़े नेता इन यात्रा को नेतृव करेंगे। इस बैठक में परिवर्तन यात्रा को लेकर भी चर्चा हुई। मीटिंग में भीड़ प्रबंधन से लेकर महिला सम्मेलन व ओबीसी रैलियों से संबंधित जिम्मेदारी दी गई।