भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा कि नोटबंदी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान ने विपक्षी नेताओं राहुल गांधी और ममता बनर्जी की रातों की नींद उड़ा दी है। भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग की रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि दोस्तों सरकार के नोटबंदी के फैसले से वही लोग परेशान हैं जिनका काला धन बर्बाद हो गया है।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की नींद उड़ा दी है। इनके चेहरे का रंग भी उतर गया है। शाह ने कहा कि 7 नवंबर तक बसपा, सपा, कांग्रेस के साथ ही ममता और केजरीवाल जैसे लोग मोदी जी से पूछ रहे थे कि काला धन लाने के लिए क्या कर रहे हैं, लेकिन 8 नवंबर की आधी रात के बाद उनके सुर बदल गए और वे पूछने लगे कि मोदी जी ने ऐसा (नोटबंदी) क्यों किया।