नोटबंदी और जीएसटी लागू करने पर विरोधियों के निशाने पर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिर कहा है कि आर्थिक सुधार पर कड़े कदम उठाते रहेंगे।
वहीं पीएम मोदी ने गुजरात चुनाव की तिथि को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि "मैं दिवाली पर वड़ाेदरा क्यों आया इस पर लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। मुझे तो कुछ कह नहीं सकते इसलिए चुनाव आयोग पर दबाव बना रहे हैं। लेकिन मैं उनको कहना चहता हूं कि उनको चुनाव आयोग पर उंगली उठाने का कोई हक नहीं है।"
एक दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने व्यापारियों से मुलाकात की और कहा कि यदि वह जीएसटी में पंजीकरण करवा लेते हैं, तो आयकर विभाग उनके पिछले रिकॉर्ड की जांच नहीं करेगा।
यहां एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सुधारों और कड़े कदम उठाने के बाद देश की अर्थव्यवस्था अब पटरी पर और सही दिशा में बढ़ रही है। अर्थव्यवस्था के आलोचकों को उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि ज्यादातर अर्थशास्त्री एकमत से इस बात पर सहमत हैं कि अर्थव्यवस्था की नींव मजबूत है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के आंकड़ों को देखें तो कोयला, बिजली, प्राकृतिक गैस और अन्य चीजों का उत्पादन तेजी से बढ़ा है। विदेशी निवेशक देश में रिकॉर्ड निवेश कर रहे हैं।
विदेशी मुद्रा भंडार तीस हजार करोड़ से 40000 करोड़ डॉलर हो गया है। जीएसटी का बचाव करते हुए मोदी ने कहा कि नई कर व्यवस्था से कारोबारी हर दिन जुड़ रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में 27 लाख अतिरिक्त लोग अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था से जुडे़ हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी से भ्रष्टाचार पर लगाम लगा है।