केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को असम के शिवसागर जिले में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी थे। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए हर संभव मदद देगी।
नड्डा ने क्या कहा?
बाढ़ प्रभावित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा 'भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से, मैं हिमंत बिस्वा सरमा और आप सभी को भरोसा दिलाता हूं कि राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। राज्य को पूरी आर्थिक मदद दी जा रही है। केंद्र की टीमें यहां हुए नुकसान का जायजा ले रही हैं। हम पुनर्वास के कामों में पूरी तरह जुटे हुए हैं।'
'केंद्र असम के साथ खड़ा रहेगा'
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब ऊपरी असम के कई इलाके इस मॉनसून के दौरान आई सबसे भयानक बाढ़ से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। लगातार बारिश और नदियों के उफान से गांवों में पानी भरने के कारण शिवसागर जिले, खासकर नजीरा सब-डिविजन और उससे सटे बिहुबोर नेपाली खुटी इलाके में बड़े पैमाने पर बाढ़ आई, जमीन का कटाव हुआ और खेती की जमीन को भारी नुकसान पहुंचा है।
को-डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर ने क्या बताया?
इससे पहले, नजीरा की को-डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर प्रतिभा मेश्राम ने एएनआई को बताया कि हालांकि ज्यादातर इलाकों में बाढ़ की स्थिति काबू में आ गई है, लेकिन 23 जगहों पर अभी भी असर है। इनमें नेपाली खुटी सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाकों में से एक है, जहां लोगों को फिर से बसाने की जरूरत पड़ सकती है।
मेश्राम ने यह भी कहा कि ताजा रिपोर्ट के मुताबिक चार-पांच लोग लापता हैं और 26-27 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों में बदलाव हो सकता है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन मौसम की रोजाना जानकारी के लिए नागालैंड के पहाड़ी इलाकों के अधिकारियों के संपर्क में है, क्योंकि ऊपरी इलाकों में हो रही बारिश का असर असम में बाढ़ की स्थिति पर पड़ रहा है।