प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले अपने चुनावी दौरे पर हैं। इसके चलते वह राज्य में चुनावी जनसभाएं कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने
कर्नाटक के मैसूर में अपना चुनावी भाषण दिया। लेकिन पीएम मोदी और उनके स्टाफ को यहां के प्रसिद्ध होटल ललित पैलेस में ठहरने के लिए जगह नहीं मिली।
खबर के मुताबिक होटल में एक शादी समारोह के चलते यहां ज्यादातर कमरे पहले से बुक थे। जिस कारण पीएम मोदी इस होटल में नहीं ठहर सके। इसके बाद मैसूर के किसी और अलीशान होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई।
होटल के महाप्रबंधक जोसेफ मथियास ने बताया कि एक अधिकारी पीएम मोदी, सुरक्षाकर्मी और उनके स्टाफ के लिए कमरा बुक करने के लिए उनके पास आए थे। लेकिन वह उन्हें कमरा नहीं दे पाए। क्योंकि यहां पहले से एक शादी समारोह के लिए ज्यादातर कमरे बुक थे। उन्होंने बताया कि वह ऐसे समय पर आए जब यहां शादी का रिसेप्शन था, और उनके पास सिर्फ तीन कमरे थे। लेकिन उनके लिए तीन कमरे पर्याप्त नहीं थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने पीएम मोदी के लिए रेडीसन ब्लू होटल में ठहरने की व्यवस्था की।
'अब कर्नाटक में जो सरकार चल रही है अब वो जितने दिन ज्यादा चलेगी, उतने दिन कर्नाटक की बर्बादी करती जाएगी
PM Modi
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में एकबार फिर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। मैसूर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि 'अब कर्नाटक में जो सरकार चल रही है अब वो जितने दिन ज्यादा चलेगी, उतने दिन कर्नाटक की बर्बादी करती जाएगी।
जिन्होंने 50 साल तक काम नहीं किया उनको आज उस काम का वादा करना उनको शोभा देता है क्या? क्या आप ऐसे लोगों पर भरोसा करेंगे?' पीएम ने कहा 'कर्नाटक के लोगों के लिए आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का उद्घाटन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। अगर हम गरीबों की जरूरतों को पूरा करना चाहते हैं तो हमें रेलवे नेटवर्क को मजबूत करना होगा। जिसपर हम पिछले चार सालों से काम कर रहे हैं।'
प्रधानमंत्री नोदी ने आगे कहा 'मैसूर से राजस्थान के उदयपुर तक चलने वाली 'पैलेस क्वीन हमसफर एक्सप्रेस' ट्रेन से टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।' प्रधानमंत्री ने दावा किया कि '6400 करोड़ रुपए की राशि के साथ जल्द ही बेंगलुरू-मैसुर नेशनल हाईवे को और चौड़ा किया जाएगा। यही नहीं मैसूर के लिए विश्व स्तरीय सैटेलाइट स्टेशन बनाया जाएगा जिसपर 800 करोड़ा खर्च किए जाएंगे।'
उन्होंने एक हॉस्पिटल का भी उद्घाटन किया
PM Modi
बता दें कि इससे पहले पीएम श्रवणबेलगोला में बाहुबली महामस्तकाभिषेक महोत्सव में भी पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक हॉस्पिटल का भी उद्घाटन किया था। पीएम मोदी ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इस महोत्सव में शामिल होने का मौका मिला।
उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने शिक्षा, स्वास्थ्य और नशा मुक्ति के लिए काफी काम किया है। पीएम मोदी ने कहा कि बजट में 'आयुष्मान भारत योजना' के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया है। इसकी प्रेरणा उन्हें सर्वे भवंतु सुखिन:, सर्वे संतु निरामय: की अवधारणा से मिली।
पीएम हेलीकॉप्टर से मैसूर से करीब 85 किमी उत्तर में स्थित जैन देवता गोमतेश्वर के अभिषेक समारोह में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वर्ल्ड कांग्रेस को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इसके जरिये आईटी क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और दुनिया भारत की तरफ आकर्षित होगी। पीएम ने टेक्नालॉजी को देश के लिए महत्वपूर्ण बताया।