मास्क के बिना गोवा में पेट्रोल और राशन नहीं मिलेगा
- फोटो : PTI
गोवा में अब से मास्क के बिना लोगों को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल और सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन नहीं मिलेगा। सरकार ने कोरोना वायरस के सामुदायिक फैलाव को रोकने के लिए यह फैसला लिया है।
राज्य के मुख्य सचिव परिमल राय की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई राज्य कार्यकारी समिति की बैठक में यह निर्णय किया गया। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए समिति ने मास्क पहनने के नियम का कड़ाई से अनुपालन करने की जरूरत बताई।
आधिकारिक बयान के मुताबिक अब राज्य में बिना मास्क लगाए उचित मूल्य की दुकानों पर राशन और पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिलेगा। समिति ने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार को ‘मास्क नहीं तो पेट्रोल नहीं’ और ‘मास्क नहीं तो राशन नहीं’ जैसे अभियान चलाने चाहिए। कोरोना वायरस को लेकर लोगों के बीच जागरुकता फैलाने के लिए कई तरह के अभियान जैसे कि ‘घर पर रहें, सुरक्षित रहें’ भी चलाए जा रहे हैं।
इससे पहले पिछले साल सितंबर में जब मोटर वाहन नियमों को कड़ा बनाया गया था तब लोगों के बीच जागरुकता फैलाने के लिए कई शहरों में ‘हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं’ और ‘सीट-बेल्ट नहीं तो पेट्रोल नहीं’ जैसे अभियान चलाए गए थे।
बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1993 नए मामले सामने आए हैं और 73 लोगों की मौत हो गई है।
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 35,043 हो गई है, जिसमें 25,007 सक्रिय हैं, 8889 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1147 लोगों की मौत हो चुकी है।