रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने शनिवार को अगस्ता वेस्टलैंड मुद्दे को लेकर गांधी परिवार पर अपना हमला तेज कर दिया। उन्होंने कहा कि दोषी साबित होने पर सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगी। कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है चाहे वह पहले परिवार से हो या अंतिम परिवार से। वह गांधी परिवार से जुड़े एक सवाल का जवाब दे रहे थे जिन्हें भारतीय राजनीति में अक्सर ‘पहला परिवार’कहा जाता है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें केजरीवाल ने कहा था कि सरकार में सोनिया गांधी को गिरफ्तार करने का पर्याप्त साहस नहीं है।
परिकर ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अलग-थलग महसूस कर रहे हैं क्योंकि पिछले दस दिनों से उन्हें मीडिया में जगह नहीं मिली है। मीडिया का पूरा ध्यान वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले पर है। परिकर ने लोकसभा में दिए अपने बयान का उल्लेख किया जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई थी कि हेलीकॉप्टर घोटाले में वह सब होगा जो बोफोर्स मामले में नहीं हो सका।
उन्होंने कहा, ‘हममें इच्छाशक्ति और गंभीरता है और मैं सुनिश्चित करूंगा कि उचित और अच्छे प्रयास इस मामले में किए जाएं। ’परिकर ने कहा कि वायुसेना के पूर्व प्रमुख और गौतम खेतान ‘छोटे लोग’हैं जिन्होंने सिर्फ (भ्रष्टाचार की) बहती गंगा में हाथ धोया और सरकार इस बात का पता लगाएगी कि यह नदी आखिर जाती कहां थी।