गर्मियों की छुट्टियों का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ घूमने की तैयारी कर रहे हैं तो इंडिगो ने यात्रियों के लिए खास ऑफर पेश किया है। हवाई सफर को सस्ता और सुविधाजनक बनाने के लिए एयरलाइन ने ग्रेट कनेक्शंस फेस्ट सेल लॉन्च की है।
इस लिमिटेड पीरियड ऑफर के तहत घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट टिकटों पर भारी छूट दी जा रही है। कंपनी ने कहा, इस सेल के जरिए यात्री कम खर्च में अपने समर वेकेशन की प्लानिंग कर सकेंगे। खास बात यह है कि यात्रियों को कई रूट्स पर किफायती किराए के साथ अतिरिक्त ट्रैवल बेनिफिट्स भी मिलेंगे, जिससे छुट्टियों का सफर और आसान हो जाएगा।
कंपनी के अनुसार, इस ऑफर के तहत घरेलू उड़ानों का शुरुआती किराया महज 3,999 रुपए रखा गया है। वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए यात्रियों को 9,999 रुपए की शुरुआती कीमत पर टिकट बुक करने का मौका मिलेगा। कंपनी का कहना है कि इस ऑफर के जरिए यात्री कम बजट में देश और विदेश की यात्रा का आनंद ले सकेंगे।
इस सेल में केवल फ्लाइट टिकट पर ही नहीं, बल्कि अतिरिक्त सेवाओं पर भी खास छूट दे रही है। यात्रियों को फास्ट फॉरवर्ड सर्विस 250 रुपए की शुरुआती कीमत पर मिलेगी, जबकि इमरजेंसी XL सीट्स 500 रुपए की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध कराई जाएंगी। कंपनी ने टिकट बुकिंग के लिए यात्रियों को कई सुविधाजनक विकल्प भी दिए हैं, ताकि सफर की प्लानिंग आसान हो सके। हालांकि, इंडिगो के अनुसार यह ऑफर सिर्फ कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर लागू होगा। डायरेक्ट फ्लाइट्स में यात्रियों को इस छूट का फायदा नहीं मिलेगा।
यह ऑफर किसी एक खास रूट तक सीमित नहीं है। कंपनी के घरेलू और इंटरनेशनल नेटवर्क की सभी कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर यात्रियों को इस छूट का लाभ मिलेगा। यानी अगर किसी गंतव्य तक पहुंचने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती है, तो उस रूट पर भी यह ऑफर लागू रहेगा। कंपनी ने बताया कि इस ऑफर का फायदा उठाने के लिए यात्रियों को 12 मई 2026 से 15 मई 2026 के बीच टिकट बुक करनी होगी। वहीं, इस अवधि में बुक किए गए टिकटों पर 22 मई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक यात्रा की जा सकेगी।