चुनाव आयोग ने बुधवार को कहा है कि उसने एनसीपी प्रमुख शरद पवार को उनके चुनावी हलफनामों के सिलसिले में नोटिस जारी करने के लिए केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) को कोई निर्देश नहीं दिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता पवार ने मंगलवार को कहा था कि आयकर विभाग ने उन्हें चुनाव आयोग को जमा किए गए उनके चुनावी हलफनामों के सिलसिले में नोटिस भेजा है।
शरद पवार ने पत्रकारों से कहा था कि आयकर विभाग ने उनसे उनके कुछ चुनावी हलफनामों के सिलसिले में स्पष्टीकरण एवं जवाब मांगा है। चुनाव आयोग ने मीडिया की खबरों का हवाला देते हुए एक बयान में कहा, भारत चुनाव आयोग ने पवार को नोटिस जारी करने के लिए सीबीडीटी को ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया है।