सदन में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान सबसे पहले टीडीपी के सांसद जयदेव गल्ला ने बहस की शुरुआत की। इसके बाद भाजपा के राकेश सिंह ने अपनी बात रखी और जिन तीन राज्यों में साल के अंत में चुनाव होने वाले हैं उनमें हुए विकास कार्यों के बारे में बात की। इसके बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सदन में सरकार पर आरोपों की बौछार की। उन्होंने मोदी सरकार को जुमले वाली सरकार बताया और कहा कि हमें एक नया राजनीतिक हथियार मिल गया है जिसका नाम जुमला स्ट्राइक है।
राहुल ने चर्चा के दौरान कहा कि पीएम मोदी उनसे घबरा रहे हैं और वह मुझसे नजरें नहीं मिला रहे हैं। मैं समझ सकता हूं वह मेरी आंखों में नहीं देख सकते, मैं यह जानता हूं, क्योंकि वह सच्चे नहीं हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मैं आपके लिए पप्पू हो सकता हूं।
अपने भाषण में राहुल ने निजी तौर पर रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण पर हमला किया। गांधी ने कहा कि मैं दिल से कहता हूं कि मैं प्रधानमंत्री, बीजेपी और आरएसएस का आभारी हूं कि इन्होंने मुझे कांग्रेस का असली मतलब समझाया। आपने मुझे हिंदू होने और शिव भक्त बना दिया।
ये भी पढ़ें- जानें अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में किसने क्या कहा?
यह कहने के बाद गांधी अचानक अपनी सीट से उठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास गए। पीएम मोदी के पास पहुंचकर राहुल ने उन्हें गले लगाया। उनके द्वारा अचानक इस तरह के बर्ताव की वजह से पीएम आश्चर्यचकित रह गए। इसपर अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर ने कहा कि यह संसद है। पप्पी-झप्पी का एरिया नहीं। इसके बाद राहुल द्वारा राफेल समझौते को लेकर खुद पर लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए जैसे ही निर्मला खड़ी हुईं। गांधी ने अपने सांसदों को देखकर आंख मारी।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, मैं हिंदू हूं नफरत नहीं जानता। विपरित विचारधारा वाले लोगों पर जो भी हमला होता है वह हमला उस व्यक्ति पर नहीं बल्कि आंबेदकर पर है, उनके बनाए संविधान पर है और इस संसद पर है।
राहुल ने कहा कि मुझे मालूम है कि आप हमें पप्पु कहते हैं। मेरे लिए आपके दिल में नफरत है। आप मुझे गालियां दे सकते हो। मगर मैं शिवभक्त हिंदू हूं, हिंदुस्तानी हूं, इसलिए मुझे नफरत नहीं आती। मेरे मन में आपके प्रति रत्ती भर भी नफरत नहीं है। मैं आपको प्रेम सिखाऊंगा और एक-एक करके सबको कांग्रेस में बदल दूंगा।
राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाएगी सरकार
राफेल डील में सीधे पीएम पर वार से तिलमिलाई सरकार ने कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की घोषणा की है। सदन में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि राफेल सौदे के तथ्य सार्वजनिक न करने का समझौता यूपीए सरकार के कार्यकाल 2008 में हुआ। संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने राहुल पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा सरकार जल्द ही उनकेखिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाएगी।