एयर इंडिया ने आज अपने यात्रियों को फिर से यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया कि उसके विमान में खटमल नहीं है। दरअसल, पिछले महीने कुछ यात्रियों की शिकायत के बाद कंपनी ने 'फ्यूमिगेशन' अभियान चलाया था।
गौरतलब है कि जुलाई में बिजनेस क्लास के कई यात्रियों ने अलग अलग दिन इस बात की शिकायत की थी कि उन्हें उड़ान के दौरान खटमलों ने काटा है। इस परेशानी का सामना यात्रियों को नेवार्क-मुंबई की उड़ान के बीच करना पड़ा। ट्विटर पर यात्रियों ने इससे संबंधित कई फोटो भी साझा किए। जिनमें मच्छरों के काटने के निशान थे। इस बात से नाराज यात्रियों ने एक के बाद एक शिकायत की थी।
इसके बाद एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा था कि
एयर इंडिया अपने यात्रियों के खटमल काटने से संबंधित मामलों पर चिंतित है। इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया है और इसके लिए हर स्तर पर संभव कदम उठाए जाएंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यात्रियों के साथ होने वाली घटनाओं से एयरलाइंस का प्रदर्शन प्रभावित न हो।
विमान में सवार एक यात्री ने तो 17 जुलाई को ट्वीट करते हुए अपनी तकलीफ बयां की थी। प्रवीण तोनसेकर नामक उस व्यक्ति ने ट्वीट करते हुए कहा कि 'एयर इंडिया 144 बिजनेस क्लास से परिवार के साथ अभी-अभी पहुंचा हूं। हमारी सारी सीटों पर खटमल थे। सर, ट्रेनों में खटमल के होने के बारे में सुना था लेकिन अपने महाराजा (एयर इंडिया) में और वो भी बिजनेस क्लास में इसका अनुभव पा कर स्तब्ध हूं।' उन्होंने अपने इस ट्वीट में एयरलाइन और नागरिक विमानन मंत्री सुरेश प्रभु को भी टैग किया था।
हालांकि, एयर इंडिया ने देर शाम ट्वीट कर कहा कि एयर इंडिया यह फिर से कहता है कि खटमल के काटने की शिकायत के बाद सीटों आदि की विस्तृत जांच की गई और कोई खटमल नहीं मिला।