भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 20 जनवरी (मंगलवार) को अपने पूर्णकालिक अध्यक्ष के एलान का दिन तय किया है। इससे पहले आज का दिन भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने के लिए तय है। मौजूदा समय में बिहार के प्रमुख नेता नितिन नबीन पार्टी के कार्यकारी प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। माना जा रहा है कि नितिन नबीन के नामांकन दाखिल करने के बाद अगर कोई नेता नामांकन दाखिल नहीं करता तो उन्हें ही एकमत से भाजपा अध्यक्ष का पद मिल सकता है। इससे पहले जगत प्रकाश नड्डा पार्टी के अध्यक्ष पद पर पांच साल से ज्यादा समय तक रहे।
गौरतलब है कि नड्डा का आधिकारिक तौर पर कार्यकाल लोकसभा चुनाव से पहले ही खत्म हो चुका था। लेकिन पार्टी ने सर्वसम्मति से चुनाव के मद्देनजर उनका कार्यकाल बढ़ा दिया। इसके साथ ही बीते एक साल से नए भाजपा अध्यक्ष की खोज जारी रखी। दिसंबर 2025 के मध्य में भाजपा ने अपने कुछ नए प्रदेशाध्यक्षों का एलान भी किया था। इसके बाद नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद से ही अटकलें लगने लगीं कि भाजपा अगले महीने तक नए अध्यक्ष का एलान कर सकती है।
ये भी पढ़ें: Nitin Nabin: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन रहे नितिन नवीन के बारे में 5 खास बातें; कहां से शुरू हुआ था सफर?