गडकरी ने कहा, जवानी में मैंने भी बहुत नियम तोड़े हैं, लेकिन तब इसका अहसास नहीं था कि यह कितना खतरनाक है। उन्होंने कहा, कॉलेज के दिनों में चुनाव के टाइम पर वे एक स्कूटर पर चार लोग बैठकर घूमते थे। नंबर प्लेट को हाथ से छिपा लेते थे, जिससे चालान न हो। उन्होंने कहा, हमें अपनी मानसिकता को बदलना होगा और नियमों का पालन करना ही होगा।
नितिन गडकरी ने कहा, मैं कुछ समय पहले चार मुख्यमंत्रियों की कारों में बैठा था। सभी ने फ्रंट सीट पर सीट बेल्ट वाली जगह पर क्लिप लगाई हुई थी, जिससे चेतावनी अलार्म न बजे। मैंने जब यह देखा तो ड्राइवर को डांटा और क्लिप हटवाई। इसके बाद मैंने इस तरह की क्लिप बनाने पर ही रोक लगवा दी।
केंद्रीय परिवहन मंत्री ने कहा, भारत में कारें बनाने वाली कंपनियां जब विदेशों में एक्सपोर्ट करती हैं तो छह एयरबैग लगाकर देती हैं, लेकिन भारत में वह चार एयरबैग लगाकर बेचती हैं। क्या भारत में लोगों की जान की कीमत नहीं है? उन्होंने कहा, यह भी कहना गलत होगा कि छह एयरबैग से कार की कीमत 50 से 60 हजार रुपये ज्यादा हो जाएगी। उन्होंने कहा, जब बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है तो एक एयरबैग की कीमत 900 रुपये के आसपास होती है।
अहमदाबाद-मुंबई हाइवे पर साइरस मिस्त्री की मौत के बाद गडकरी ने कहा, यह हाइवे बहुत ही खतरनाक है। यहां, ट्रैफिक पीसीयू 1.20 लाख है, जिसे कम किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा, इसे घटाकर 20 हजार पीसीयू करना है। गडकरी ने कहा, रोड सेफ्टी की दिशा में बहुत से काम हो रहे हैं। हमें सड़क हादसों को कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा।