रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण (फाइल फोटो)
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में शामिल होने के लिए रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर किर्गिजस्तान की राजधानी बिश्केक के लिए रवाना हुईं। वह सोमवार को एससीओ के रक्षा मंत्रियों सम्मेलन में शिरकत करेंगी। इस दौरान वह आतंकवाद और कट्टरवाद से निपटने के लिए एससीओ द्वारा ठोस प्रयास करने पर जोर देंगी।
इसके अलावा रक्षा मंत्री एससीओ के सदस्य देशों के अपने समकक्षों से द्विपक्षीय बैठक भी करेंगी। एससीओ के रक्षा मंत्री क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर आपस में रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के तौर-तरीकों पर चर्चा करेंगे। चीन के प्रभुत्व वाले इस समूह का भारत 2017 में पूर्णकालिक सदस्य बना था। इससे पहले 2005 से वह इसमें एक आब्जर्वर के तौर पर शामिल होता रहा है।
भारत के साथ ही पाकिस्तान को भी 2017 में ही सदस्यता दी गई थी। 2001 में गठित एससीओ में रूस, चीन, किर्गिजस्तान, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान और उजबेकिस्तान सदस्य हैं।