कर्नाटक के पूर्व डीजीपी एच.टी सांगलियान ने 2012 दिल्ली गैंगरेप पीड़िता निर्भया की मां आशा देवी पर विवादित बयान दिया है। बंगलूरू में महिलाओं के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी ने कहा कि 'मैं निर्भया की मां का फिजिक देखकर अंदाजा लगा सकता हूं कि उनकी बेटी (निर्भया) कितनी सुंदर रही होगी।'
वह यही नहीं रुके और उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा पर भी विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि 'अगर आपको किसी ने काबू कर लिया है तो आपको वहां सरेंडर कर देना चाहिए, इससे हम खुद को मौत के मुंह से बचा सकते हैं।' बता दें कि कार्यक्रम में निर्भया की मां आशा देवी भी मौजूद थीं। पूर्व डीजीपी के इस बयान पर विवाद बढ़ गया।
निर्भया की मां ने भी पूर्वी डीजीपी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 'बेहतर होता अगर वह व्यक्तिगत टिप्पणी करने की बजाए हमारे संघर्ष के बारे में बात करते। इससे साफ है कि हमारे समाज की सोच अभी तक नहीं बदली है।'
अपने बयान पर सफाई देते हुए पूर्व डीजीपी ने कहा 'मेरे बयान पर लोग बेवजह विवाद बढ़ा रहे हैं मेरा बयान सीमा के अंदर था। मैंने अपने बयान के जरिए महिलाओं की सुरक्षा के महत्त्व को बताया क्योंकि उन्हें हर समय सुरक्षा दी जानी चाहिए।'
बता दें कि राजधानी में 16 दिसंबर 2012 में निर्भया गैंगरेप की घटना ने पूरे देश को हिला दिया था बल्कि विदेशों में भी इस घटना की चर्चा हुई थी।