जापान की नामी टेलिकॉम कंपनी सॉफ्टबैंक से पिछले साल दुनिया के तीसरा सबसे वेतन पाने वाला सीईओ बनने के बाद मतभेदों के कारण इस्तीफा देने वाले निकेश अरोड़ा मंगलवार को अमेरिका की पालो आल्टो नेटवर्क्स इंक के सीईओ व चेयरमैन बन गए। निकेश को दुनिया की इस सबसे बड़ी साइबर सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर निर्माता कंपनी के सीईओ के तौर पर करीब 858 करोड़ रुपये का कुल वेतन पैकेज मिला है और इसी के साथ वे दुनिया में सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले सीईओ में से एक बन गए हैं।
शेयर के दाम बढ़ेंगे तो ही मिलेगा इतना वेतन
करीब 19 बिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू वाली कैलिफोर्निया स्थित पालो आल्टो नेटवर्क्स कंपनी की दुनिया में करीब 50 हजार कंपनियों में हिस्सेदारी है और उसमें करीब 5 हजार कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी की तरफ से सोमवार को दर्ज की गई नियामक रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 50 साल के निकेश को कंपनी से मिले करीब 858 करोड़ रुपये के पैकेज की खास बात ये शर्त है कि इतने पैसे पाने के लिए उन्हें कंपनी के शेयरों का दाम चार गुना बढ़ाना होगा। निकेश कंपनी के पिछले सीईओ व चेयरमैन मार्क लाफलिन की जगह लेंगे, जो अब कंपनी के सेंट्रल बोर्ड वाइस चेयरमैन बन गए हैं। लाफलिन 2015 में कंपनी से दुनिया के 5वें सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले एक्जीक्यूटिव के तौर पर जुड़े थे।