महाराष्ट्र में कोरोना के नए मरीज मिलने का सिलसिला तेज होता जा रहा है। रविवार शाम जारी बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य में 16 हजार नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। यह संख्या देश में सर्वाधिक है। नए मरीज मिलने के साथ ही संक्रमण रोकने के लिए पाबंदी भी लगाई जा रही है। लातूर जिले में रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। 31 मार्च तक के लिए सभी साप्ताहिक बाजारों पर पाबंदी लगा दी गई है।
देश में 25 हजार से ज्यादा नए केस
देश में एक बार फिर से हालात चिंताजनक हो गए हैं, क्योंकि हर दिन कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। भारत में लोगों को दूसरे चरण के तहत टीकाकरण अभियान के तहत वैक्सीन तो लगाई जा रही है, लेकिन इस बीच रविवार सुबह तक देश में कोरोना के 25 हजार से अधिक मामलों सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में देशभर से 25,320 नए कोरोना केस दर्ज किए गए हैं जबकि इस घातक बीमारी से 161 लोगों की जान चली गई है। हालांकि, 16,637 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं।