पश्चिम बंगाल में ममता सरकार के मंत्री जाकिर हुसैन पर मुर्शिदाबाद जिला अंतर्गत निमतिता रेलवे स्टेशन पर गत 17 फरवरी की रात हुए बम से हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) करेगी। एनआईए ने इस मामले की जांच के लिए मंगलवार को एक मामला भी दर्ज किया। बता दें कि इस घटना में राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन सहित 22 लोग घायल हो गए थे।
एजेंसी के एक प्रवक्ता ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद जिले के अजीमगंज जीआरपी थाने में भारतीय दंड संहिता और विस्फोटक सामग्री अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया गया है। एक चश्मदीद के बयान के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 17 फरवरी को निमतिता रेलवे स्टेशन पर हुई थी, जिसमें 22 लोग घायल हो गए थे।
सीएम ममता ने उठाए थे सवाल
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य मंत्री जाकिर हुसैन पर बम हमले को एक साजिश करार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि दूसरी पार्टियां अपने खेमे में शामिल करने के लिए उनपर लगातार दबाव बना रही थी। इस हादसे के बाद ममता बुधवार को उनकी हालत का जायजा लेने के लिए एसएसकेएम अस्पताल पहुंचीं और उनका हालचाल जाना।
साथ ही ममता ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े करते हुए कहा कि रेल मंत्रालय अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकता। उन्होंने विपक्षी पार्टियों के राज्य में खराब कानून-व्यवस्था के दावे को भी नकार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमला रेलवे परिसर में हुआ है और यह केंद्र के अधिकार क्षेत्र में आता है।