राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को शनिवार को बड़ी कामयाबी मिली है। एजेंसी ने देश में बडे़ आतंकी हमले करने की साजिश रच रहे एक गिरोह का तमिलनाडु में पर्दाफाश किया है। एनआईए के मुताबिक यह गिरोह देश में आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिए साजिश रचने, फंड जुटाने और तैयारी में जुटा हुआ था।
एनआईए ने चेन्नई स्थित सैयद बुखारी के घर और ऑफिस में छापेमारी की। इसके अलावा नागपट्टिनम जिले में हसन अली और मोहम्मद युसुफुद्दीन के घर पर छापेमारी की गई। एनआईए ने गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत इन तीनों संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन तीनों से फिलहाल एनआईए पूछताछ करने में जुटी है और इन्हें जल्दी ही गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
एनआईए ने अपनी छापेमारी की कार्रवाई करते हुए 9 मोबाइल, 15 सिम कार्ड्, 7 मेमोरी कार्ड् , 3 लैपटॉप, 5 हार्ड डिस्क, 6 पेन ड्राइव, दो टैबलेट और तीन सीडी और डीवीडी बरामद हुई हैं। इसके अलावा कई पत्रिकाएं, बैनर्स, नोटिस, पोस्टर और किताबें भी बरामद की गई हैं।