एनआईए ने गुरुवार को अपने पूर्व एसपी को गिरफ्तार किया। उनका नाम अरविंद दिग्विजय नेगी बताया जा रहा है। उन पर आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य को गोपनीय दस्तावेज लीक करने का आरोप है। एजेंसी के एक प्रवक्ता ने यहां यह जानकारी दी।
विज्ञापन
प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2011 बैच में पदोन्नत नेगी के खिलाफ पिछले साल छह नवंबर को एनआईए ने मामला दर्ज किया था। मामला भारत में आतंकवादी गतिविधियों की साजिश और अंजाम देने में मदद करने के लिए प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के नेटवर्क के प्रसार से जुड़ा है। एनआईए ने इस मामले में पहले छह लोगों को गिरफ्तार किया था।
प्रवक्ता ने कहा कि एनआईए से लौटने के बाद शिमला में तैनात नेगी की भूमिका की जांच की गई और उनके घरों की तलाशी ली गई। उन्होंने कहा कि यह भी पाया गया कि एनआईए के आधिकारिक गोपनीय दस्तावेज नेगी द्वारा एक अन्य आरोपी व्यक्ति को लीक किए गए थे, जो लश्कर का सदस्य है।