राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा भर्ती मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए युवाओं की प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में भर्ती कराने के लिए पाकिस्तान से चलाए जा रहे विभिन्न सोशल मीडिया समूहों का हिस्सा था। केंद्रीय जांच एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ के रहने वाले सैयद एम इदरीस (28) को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए ने कहा कि इस संबंध में 18 मार्च को पश्चिम बंगाल में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें कहा गया था कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तान में मौजूद आका भारत में गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने और उन्हें बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के जरिए युवाओं को स्लीपर सेल में भर्ती कर रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि इदरीस, लश्कर के स्लीपर सेल के लिए युवाओं की भर्ती और आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के वास्ते एलईटी के पाकिस्तान स्थित आकाओं द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सोशल मीडिया समूहों का सदस्य था। अधिकारी ने कहा कि उसे अदालत में पेश किया जाएगा और कोलकाता में विशेष एनआईए के समक्ष पेशी के लिए उसकी ट्रांजिट रिमांड मांगी जाएगी। इस मामले में कोलकाता के निवासी तानिया परवीन के खिलाफ 10 सितंबर को आरोप पत्र दायर किया जा चुका है।