नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने रविवार को ड्रग नेटवर्क के मास्टरमाइंड 'नूरुल इस्लाम' को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। उसकी गिरफ्तारी असम के सिलचर से हुई है। आरोप है कि नूरुल इस्लाम', म्यांमार से ड्रग्स की सप्लाई कई राज्यों तक पहुंचा रहा था। बॉर्डर पार से ड्रग्स लाने के बाद उसे विभिन्न प्रदेशों में सप्लाई करने के लिए उसने एक बड़ा नेटवर्क खड़ा किया था।
मेथामफेटामाइन की बरामदगी के मामले में हुई गिरफ्तारी
एनआईए के मुताबिक, यह गिरफ्तारी मई 2025 में मिजोरम के चम्फाई जिले में लगभग 30.72 करोड़ रुपये मूल्य की 236.33 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (नशीली गोलियां) की बरामदगी के मामले में की गई है। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड सहित कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।
जांच से पता चला है कि नूरुल इस्लाम ही वह मास्टरमाइंड है, जिसने म्यांमार से भारत के मुख्य भू-भाग तक एक अंतर-राज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के जरिए इन नशीली गोलियों की तस्करी की थी। यह मामला (RC-02/2026/NIA/DLI) मूल रूप से डुंगटलंग पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 17/2025 के रूप में दर्ज किया गया था। इस केस में पहले ही पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जिनमें मिजोरम से दो, त्रिपुरा से दो और असम से एक व्यक्ति शामिल हैं। इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए मामले की आगे की जांच जारी है।