दिल्ली सरकार को आदेश सोसायटियों में पानी की बर्बादी रोके जल बोर्ड
एनजीटी ने दिल्ली जल बोर्ड को केजरीवाल सरकार की मुफ्त पानी योजना के कारण हाउसिंग सोसाइटियों में होने वाली पानी की बर्बादी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली में हर परिवार को प्रतिमाह 20 हजार लीटर पानी मुफ्त देती है। एनजीटी ने पाया कि ये लोग पानी का बिल चुकाने से बचने के लिए 20 हजार लीटर मुफ्त पानी का इस्तेमाल करने के बाद और इस्तेमाल के लिए भूमिगत जल का दोहन करते हैं।
यमुना के डूब क्षेत्र से तीन माह में अतिक्रमण हटाए डीडीए
एनजीटी ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) को निर्देश दिया है कि वह यमुना के पूरे डूब क्षेत्र को तीन महीने के अंदर अतिक्रमण से खाली कराए और उसकी तारबंदी कर उसे जैवविविधता पार्क में तब्दील करे। ट्रिब्यूनल ने यमुना किनारे खेती पर रोक लगाने की बात फिर दोहराई है।
एनजीटी अध्यक्ष जस्टिस एके गोयल ने चेतावनी दी है कि यदि डीडीए ने आदेश का अनुपालन नहीं किया तो उसे अगले साल एक अप्रैल से प्रतिमाह पांच लाख का जुर्माना भरना पड़ेगा। यह जुर्माना अधिकारियों के वेतन से वसूला जा सकता है। जुर्माने की रकम केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में जमा कराया जाएगा ताकि वह पर्यावरण को दुरुस्त कर सके। एनजीटी के निर्देश के अनुपालन की निगरानी समिति करेगी।