हैदराबाद में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण दो सगी बहनों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 17 और 13 वर्ष की दो बहनें तथा उनके परिवार के दो अन्य सदस्य 6 जून को भोजन करने के बाद बीमार पड़ गए थे। सभी ने खाने के बाद आम खाए थे। हालांकि आम खाने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बड़ी बहन की 7 जून और छोटी बहन की 9 जून को उपचार के दौरान मौत हो गई।
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वी. सी. सज्जनार ने गुरुवार को बताया कि अधिकारियों को मृतक बच्चियों के विसरा सुरक्षित रखने और विशेषज्ञों की राय लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, 'हम इस मामले की गहराई से जांच करेंगे और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाएंगे।'
पुलिस ने बताया कि 5 जून को परिवार का एक रिश्तेदार कर्नाटक से आया था और अपने साथ दो किलोग्राम आम लेकर आया था। अधिकारी के मुताबिक, एक किलोग्राम आम संबंधित परिवार को दिए गए, जबकि बाकी एक किलोग्राम पड़ोस के एक अन्य परिवार को दिए गए थे। दोनों परिवारों ने आम खाए थे। उन्होंने कहा, '6 जून की शाम को संबंधित परिवार के चार सदस्य बीमार पड़ गए और उन्हें दस्त तथा उल्टी की शिकायत हुई। बाद में उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, आम लाने वाले रिश्तेदार और पड़ोसी परिवार के सदस्यों को कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं हुई।'
मृतक बहनों के परिजनों की शिकायत के आधार पर नारायणगुड़ा पुलिस थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 (संदिग्ध मृत्यु) के तहत दो मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम भी कराया है। जांच अधिकारी ने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि बच्चियां आम खाने से बीमार हुई थीं या किसी अन्य खाद्य पदार्थ अथवा किसी अन्य कारण से उनकी तबीयत बिगड़ी थी।
इंडिगो की उड़ान का मार्ग बदला, तेलंगाना के सीएम भी थे सवार
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी जिस इंडिगो की उड़ान में सवार थे, शुक्रवार शाम खराब मौसम के कारण उसका मार्ग बदल दिया गया। यह उड़ान दिल्ली से रवाना हुई थी और उसे लगभग रात 9 बजे हैदराबाद पहुंचना था। लेकिन मौसम ठीक न होने की वजह से इसे बंगलूरू की ओर मोड़ दिया गया। मुख्यमंत्री रेड्डी 11 जून को नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली आए थे। उन्होंने इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी से भी शिष्टाचार भेंट की थी।
पीएम मोदी व फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों कल करेंगे भारत इनोवेट्स 2026 का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को फ्रांस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मिलकर भारत इनोवेट्स 2026 का उद्घाटन करेंगे। भारत सरकार की ओर से आयोजित, भारत इनोवेट्स 2026 में 120 भारतीय नवोन्मेषक, 15 उच्च शिक्षा संस्थान और 500 से अधिक निवेशक भाग ले रहे हैं। यह एडवांस्ड कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण जैसे 13 प्रमुख क्षेत्रों पर आधारित होगा।