कर्नाटक में पिता-पुत्री के रिश्ते को कलंकित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने नाबालिग बेटी से दुष्कर्म और उसे गर्भवती करने के आरोप में 51 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मुलागुंड पुलिस स्टेशन में पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत दुष्कर्म और धमकी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी मंगलवार को हुई। पुलिस के अनुसार यह मामला बीते सोमवार को तब प्रकाश में आया, जब 16 वर्षीय लड़की को उसकी मां पैरों में सूजन की शिकायत के बाद अस्पताल ले गई। स्कैनिंग और रक्त परीक्षण के बाद, डॉक्टर ने पीड़िता की मां को बताया कि उसकी बेटी 31 सप्ताह की गर्भवती है। जब महिला ने अपनी बेटी से इस बारे में पूछा, तो उसने खुलासा किया कि उसका पिता पिछले एक साल से घर पर किसी के न होने पर उसका यौन शोषण कर रहा था। पुलिस ने बताया कि उसने उसे धमकी भी दी कि अगर उसने परिवार में किसी को इस बारे में बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पुलिस ने कहा कि लड़की को काउंसलिंग दी गई है और विस्तृत मेडिकल जांच के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। पीड़िता की एक बड़ी बहन है जिसकी उम्र 20 साल है और वह यहां एक अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती है। उसका एक छोटा भाई भी है जो कक्षा 5 में पढ़ता है। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है
झारखंड में बनेंगे 1100 से अधिक उप-स्वास्थ्य केंद्र, सीएम हेमंत सोरेन ने भूमि की पहचान के निर्देश दिए
झारखंड सरकार ने 1117 नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन केंद्रों के निर्माण के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण के लिए 15वें वित्त आयोग से मिले अनुदान का इस्तेमाल किया जाएगा। पहले चरण में 949 केंद्र बनाए जाएंगे, दूसरे चरण में 168 केंद्र बनेंगे। जमीन चिह्नित करने के लिए ब्लॉक स्तरीय समितियां काम करेंगी। इनमें प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, अंचल अदिकारी और अंचल निरीक्षक भी शामिल होंगे।
गृह मंत्री अमित शाह का चेन्नई दौरा कल, टटोलेंगे गठबंधन की संभावना
गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को चेन्नई का दौरा करेंगे। इस दौरान शाह के वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ चर्चा करने की संभावना है। पार्टी की प्रगति की अनौपचारिक समीक्षा के अलावा शाह तमिलनाडु में गठबंधन की संभावना भी टटोलेंगे। बता दें कि तमिलनाडु में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, शाह का एक दिवसीय दौरा महत्वपूर्ण होगा क्योंकि वह पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। सूत्रों ने कहा, शाह 10 अप्रैल की रात को विशेष विमान के जरिये राष्ट्रीय राजधानी से यहां पहुंचेंगे और एक होटल में ठहरेंगे। इसी होटल में सारी अनौपचारिक बैठकें होंगी और शुक्रवार शाम को शाह वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
हथियार आपूर्ति मामले में तीन और आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) को हथियार और गोला-बारूद की आपूर्ति से संबंधित एक मामले में तीन और आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। एजेंसी ने सुधीर त्रिपाठी, सूरज निषाद और सीपीआई (माओवादी) के सशस्त्र कैडर हंगलो मडकामी को अपनी पूरक चार्जशीट में नामजद किया है। उसे छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इसके साथ ही मामले में चार्जशीट दाखिल किए गए आरोपियों की कुल संख्या आठ हो गई है। एनआईए के अनुसार, इससे पहले छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ तहसील से गिरफ्तार किए गए पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और उनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। एनआईए की जांच में खुलासा हुआ कि सुधीर और सूरज ने पहले गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों की मदद की थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश से एक रिवॉल्वर और गोला-बारूद की खरीदारी कर भैरमगढ़ में सीपीआई (माओवादी) सदस्यों तक पहुंचाने में सहायता की थी। दोनों को पिछले साल अक्तूबर में गिरफ्तार किया गया था।
विभागों में कानूनी मुद्दों पर विचार करने के लिए मंत्रियों का पैनल गठित कर सकती है पश्चिम बंगाल सरकार
विभिन्न विभागों के कानूनी मुद्दों पर विचार करने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार एक समिति गठित करने की योजना बना रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बतााया कि इस पैनल में छह वरिष्ठ मंत्रियों और मुख्य सचिव रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव मनोज पंत के अलावा मंत्री फिरहाद हकीम, अरूप बिस्वास, चंद्रिमा भट्टाचार्य, शशि पांजा, मलय घटक और ब्रत्य बसु प्रस्तावित समिति के सदस्य हो सकते हैं। यह समिति राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कानूनी मुद्दों पर विचार करेगी।
गुजरात में राजस्व प्रक्रिया होगी सरल, सीएम भूपेंद्र पटेल ने लिए महत्वपूर्ण निर्णय
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के किसानों, आम नागरिकों और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इससे राज्य में राजस्व प्रक्रिया में सरलीकरण और आम नागरिकों की सुविधा के साथ औद्योगीकरण और व्यापार-रोजगार व अफोर्डेबल हाउसिंग की प्रक्रिया को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार के सुफल सुशासन में नागरिक-केंद्रित इन निर्णयों से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और अधिक लोकोपयोगी बनाया जा सकेगा। राज्य सरकार के प्रवक्ता मंत्री ऋषिकेश भाई पटेल ने कहा कि राज्य में खेती के उद्देश्य से धारण की गई नई, अविभाज्य और प्रतिबंधित स्वामित्व वाली जमीन की बिक्री, तब्दीली और उद्देश्य में परिवर्तन/शर्त परिवर्तन के मामलों में संबंधित कलेक्टर या मामलों के संदर्भ में सरकार की ओर से निर्धारित की गई शर्तों के अधीन पूर्व मंजूरी लेने की प्रथा वर्तमान में लागू है। इसके अलावा, किसानों को ऐसी जमीनों की शर्त में परिवर्तन के समय आवश्यक प्रीमियम भी देना होता है। ऐसे मामलों में सरलीकरण करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी निर्णय लिए गए।
कैदियों की समस्याओं पर मानवाधिकार आयोग ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को भेजे नोटिस
देश भर की जेलों में कैदियों, विशेषकर महिला बंदियों की समस्याओं पर स्वतः संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को नोटिस जारी किए हैं।
आयोग ने जेलों में भीड़भाड़, बुनियादी सुविधाओं की कमी और स्वास्थ्य सेवा के अभाव जैसे मुद्दों पर चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एक बयान में आयोग ने कहा कि यह कदम विशेष निगरानीकर्ताओं खबरों और शिकायतों के आधार पर उठाया गया। इन्होंने विभिन्न जेलों का दौरा कर समस्याओं का जायजा लिया था। आयोग ने राज्यों से मांगा है कि वे अपनी रिपोर्ट में राज्य की जेलों में बंद महिला कैदियों की संख्या, जेलों में माताओं के साथ रह रहे शिशुओं की संख्या, दोषसिद्ध और अंडरट्रायल महिला कैदियों का ब्यौरा, एक साल से अधिक समय से जेल में बंद विचाराधीन महिलाओं की संख्या, पुरुष विचाराधीन कैदियों और उनकी अवधि का विवरण मांगा है। आयोग ने कहा कि यह मुद्दे मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन से जुड़े हैं।
बंगाल शिक्षक भर्ती रद्द : हस्तक्षेप के लिए राहुल का राष्ट्रपति को पत्र
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर प. बंगाल शिक्षक भर्ती रद्द मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। राहुल ने 7 अप्रैल को लिखे पत्र में कहा, वह हजारों योग्य स्कूली शिक्षकों के हवाले से महामहिम से हस्तक्षेप करने का अनुरोध कर रहे हैं।
मोदी ने अभिनेता मनोज कुमार की पत्नी को लिखी चिट्ठी, दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज फिल्म निर्माता और अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने मनोज कुमार की पत्नी शशि गोस्वामी को एक चिट्ठी लिखी और अभिनेता से हुई मुलाकातों को याद किया। मनोज कुमार का 4 अप्रैल की सुबह निधन हो गया था। प्रधानमंत्री ने पत्र में लिखा, मनोज कुमार जी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। महान अभिनेता ने अपनी फिल्मों से भारत के गौरव को सशक्त तरीके से प्रदर्शित किया। उनकी कई फिल्मों ने लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में मदद की।
गोधरा कांड : 23 साल बाद तीन नाबालिग दोषी, रिमांड होम भेजा
गुजरात के पंचमहल जिले में किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) ने मंगलवार को 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में दोषी पाए गए तीन लोगों को तीन साल के लिए रिमांड होम भेज दिया। ये लोग उस वक्त नाबालिग थे। यह फैसला इस त्रासदी के 23 साल बाद आया है। जेजेबी अध्यक्ष केएस मोदी ने तीनों पर 10-10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया। बोर्ड ने मामले में आरोपी दो अन्य लोगों को बरी कर दिया, जो इस भयावह घटना के समय नाबालिग थे।
मणिपुर में हिंसक विरोध के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
मणिपुर में वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ मंगलवार को हिंसक विरोध के बाद थौबाल और इंफाल ईस्ट जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबलों को एंटी-रायट उपकरणों के साथ तैनात किया गया है।
राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने लिलोंग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को शहर में संवेदनशील स्थानों पर बार-बार मोबाइल गश्त के जरिये सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रणनीतिक स्थानों पर कमांडो टीमों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय विधायक अब्दुल नसीर के निवास पर सुरक्षाकर्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। उधर, मणिपुर में लिआंगमाई नगाओं पर हुए हमले की संयुक्त नगा परिषद (यूएनसी), ऑल नगा स्टूडेंट्स एसोसिएशन मणिपुर और नगा महिला संघ ने निंदा की है। कोनसाखुल गांव में हुए हमले में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। संयुक्त नगा संगठनों ने इसे एक पूर्व नियोजित हमला बताया। गांव के अधिकारियों पर हमले को संगठनों ने पारंपरिक नगा मूल्यों और रिवाजों का गंभीर उल्लंघन बताया।
हैदराबाद बम धमाके में इंडियन मुजाहिदीन के 5 आतंकियों की मौत की सजा बरकरार
तेलंगाना के दिलसुखनगर में हुए बम धमाकों से जुड़े मामले में हाईकोर्ट ने इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के सह संस्थापक यासीन भटकल समेत पांच आतंकियों की मौत की सजा को बरकरार रखा है। हाईकोर्ट ने सजा के खिलाफ एनआईए की विशेष अदालत के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया। धमाके का मास्टरमाइंड और मुख्य आरोपी रियाज भटकल फरार है और पाकिस्तान में छिपा हुआ है।
वर्ष 2013 में हुए दो बम धमाके में 18 लोगों की मौत हुई थी और 131 घायल घायल हुए थे। एनआईए की विशेष अदालत ने दिसंबर, 2016 में अपना अंतिम फैसला सुनाते हुए बम धमाकों के पांच दोषियों को मौत की सजा सुनाई थी। ट्रायल कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ दोषियों ने तेलंगाना हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
जस्टिस के. लक्ष्मण और जस्टिस पी श्री सुधा की पीठ ने सजा के खिलाफ दोषियों की आपराधिक पुनरीक्षण अपील खारिज कर दी। दोषियों में से एक के वकील मोहम्मद शुजाउल्लाह खान ने कहा, हम निश्चित रूप से सुप्रीम कोर्ट में तेलंगाना हाईकोर्ट के इस आदेश के खिलाफ अपील करेंगे। क्योंकि हमें अपने देश की न्याय व्यवस्था पर भरोसा है।
कर्नाटक में 'सिर्फ फिल्म शूटिंग के लिए' लिखे नकली नोट मिलने से पुलिस में हड़कंप
दक्षिण कन्नड़ में पुलिस उस समय हड़कंप मच गई जब उन्हें दांडेली के एक घर से 500 रुपये के नकली नोट मिले, जिन पर 'सिर्फ फिल्म शूटिंग के लिए' लिखा था। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को दांडेली के गांधीनगर में एक किराए के घर की तलाशी ली और नकली नोटों के साथ-साथ पैसे गिनने वाली मशीन भी जब्त की।
पुलिस ने बताया कि अरशद खान, जो गोवा का रहने वाला है, नूरजान झुनजुवाडकर के घर में किराएदार के तौर पर रह रहा था। पुलिस को इस बात की जानकारी तब मिली जब झुनजुवाडकर ने देखा कि खान पिछले एक महीने से घर से गायब है। पुलिस ने बताया कि नकली नोटों पर 'रिवर्स बैंक ऑफ इंडिया' लिखा हुआ था, लेकिन उस पर आरबीआई गवर्नर के हस्ताक्षर नहीं थे। पुलिस ने बताया कि नोट चमकीले कागज पर छपे थे, जिन पर नंबर की जगह सिर्फ शून्य लिखा था और उन पर 'सिर्फ फिल्म शूटिंग के लिए' लिखा था। उन्होंने बताया कि खान की तलाश की जा रही है और उससे जब्ती के बारे में पूछताछ की जा रही है।
कर्नाटक के गांव में बिजली ने मचाई तबाही
कर्नाटक के यादगीर जिले के जलीबेन्ची नाम के गांव में अचानक बिजली की खराबी के कारण आग, दहशत और विनाश की एक श्रृंखला शुरू हो गई। कल देर रात हुई इस घटना में लगभग सौ घर प्रभावित हुए, जिससे कई उपकरण जल गए और कई लोग घायल हो गए। इस भयावह घटना के कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें बिजली के खंभों से चिंगारी निकलने, छतों से धुआं उठने और घरों के अंदरूनी हिस्से जलने के नाटकीय दृश्य कैद हुए हैं। प्रभावित घरों के अंदर से फुटेज में व्यापक क्षति दिखाई दे रही है।
इस घटना में दो लोगों के घायल होने की खबर है, हालांकि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और आग के खतरों को अंततः नियंत्रण में लाया गया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह घटना क्षेत्र में अचानक आई तेज हवाओं के कारण हुई। इन तेज हवाओं के कारण पुराने बिजली के तार एक-दूसरे के संपर्क में आ गए, जिसके परिणामस्वरूप शॉर्ट सर्किट हुआ और बाद में आग लग गई। हालाँकि, सटीक कारण की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भाजपा नेता की पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश, असम का मामला
असम के दीमा हसाओ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एस चंदा ने उमरंगसो पुलिस स्टेशन को 6 जनवरी की खनन हादसे में मारे गए 9 लोगों के संबंध में भाजपा नेता की पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को कहा है। जज ने कहा कि हादसे के संबंध में दर्ज पुलिस शिकायत में एक बड़ी साजिश का आरोप लगाया गया है। आरोप के अनुसार उत्तरी कछार हिल्स स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य देबोलाल गोरलोसा की पत्नी कनिका होजाई 3-कीलो क्षेत्र में अवैध रैट-होल खनन में सीधे तौर पर शामिल हैं। 20 मार्च को जारी अदालत के आदेश में कहा गया कि घटना प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध का संकेत देती है। इसलिए निर्देश दिया जाता है कि वह कनिका होजाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज करें।
पीएम मोदी को रूस के विजय दिवस समारोह में भाग लेने का निमंत्रण मिला है : विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विजय दिवस समारोह में भाग लेने के लिए रूस से निमंत्रण मिला है। जायसवाल ने कहा कि भारत उचित समय पर विजय दिवस समारोह में भाग लेने की घोषणा करेगा। इस बीच भारत सरकार के सूत्रों का हवाला देते हुए रूसी समाचार एजेंसी टीएएसएस ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 9 मई को रूस की राजधानी मॉस्को में विजय दिवस समारोह में भाग ले सकते हैं। विजय दिवस समारोह द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर सोवियत विजय का प्रतीक है। इससे पहले टीएएसएस ने फरवरी की शुरुआत में कहा था कि पीएम मोदी 9 मई को मॉस्को के रेड स्क्वायर पर होने वाली परेड के लिए रूस का दौरा कर सकते हैं, जो ग्रेट पैट्रियटिक वॉर में विजय की 80वीं वर्षगांठ मनाने के लिए है।
संसद में तमिल भाषा की आवाज बुलंद करने वाले अनंतन नहीं रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के भाषाविद तिरु कुमारी अनंथन के निधन पर शोक प्रकट किया है। अनंतन का निधन 93 साल की आयु में हुआ। पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन के पिता अनंतन के निधन पर पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, अनंतन को समाज के प्रति उनकी उल्लेखनीय सेवा और तमिलनाडु की प्रगति के प्रति जुनून के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने तमिल भाषा और संस्कृति को लोकप्रिय बनाने के लिए भी कई प्रयास किए। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।