फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: राष्ट्रपति मुर्मू ने दीं रामनवमी की शुभकामनाएं; अहमदाबाद के हॉस्टल में फंदे से लटकी मिली MBBS छात्रा

Sat, 05 Apr 2025 01:43 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रामनवमी की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, यह पावन पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। उनकी जीवन गाथा हमें सत्य, धर्म और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा, यह पर्व समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ मानवता की सेवा करने का संदेश देता है। यह पावन पर्व लोगों को त्याग, निस्वार्थ प्रेम और वचन प्रतिबद्धता जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। मानव कल्याण के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हुए मुर्मू ने कहा, आइए... भगवान श्रीराम के आदर्शों से सीख लेकर संपूर्ण मानवता के कल्याण की दिशा में मिलकर काम करें।

विज्ञापन


अहमदाबाद के हॉस्टल में फंदे से लटकी मिली MBBS छात्रा
गुजरात के अहमदाबाद में एमबीबीएस एक छात्रा के अपने हॉस्टल में खुदकुशी कर ली। पुलिस को उसका शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। एक अधिकारी ने बताया कि सुशीलाबेन वसवा (21) एनएचएल म्युनिसिपल मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह शुक्रवार देर रात अपने कमरे का दरवाजा बंद कर फंदे से झूल गई थी। उसके साथ रहने वाली छात्राओं ने दरवाजा खटखटाया तो बहुत बाद भी नहीं खुला। इसके बाद छात्राओं ने पुलिस से संपर्क किया। बताया जा रहा कि पिछले कुछ दिनों से सुशीलाबेन अलग-थलग रख रही थी और उसने दोस्तों से बात करना बंद कर दिया था। पुलिस ने कहा, आत्महत्या के कारणों का तुरंत पता नहीं चल पाया। मामले की जांच जारी है।

जैन मुनि को दुष्कर्म के जुर्म में 10 साल की कैद
एक स्थानीय अदालत ने जैन मुनि शांतिसागर जी महाराज को एक छात्रा से दुष्कर्म के मामले में 10 साल कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश एके शाह ने सात साल पुराने इस मामले में 56 वर्षीय जैन मुनि पर 25,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। सत्र अदालत ने पीड़िता के साथ-साथ अन्य गवाहों के बयान के अलावा मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शांतिसागरजी महाराज को सजा सुनाई। छात्रा (19) की शिकायत के मुताबिक यह घटना अक्तूबर 2017 में जैन धर्मशाला में हुई। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा था कि उसके पिता जैन मुनि के अनुयायी थे। उनसे लड़की का फोन नंबर लेकर जैन मुनि ने पीड़िता से संपर्क साधने की कोशिश की थी। शिकायत के मुताबिक पीड़िता, उसके पिता और भाई 1 अक्तूबर, 2017 को वडोदरा से महावीर दिगंबर जैन मंदिर पहुंचे। उसके बाद उस जैन धर्मशाला गए, जहां जैन मुनि रहते थे। मुलाकात के बाद जैन मुनि ने लड़की के पिता और भाई को दूसरे कमरे में भेज दिया और वहां कुछ मंत्रोच्चार करने के बाद उन्हें तब तक बाहर नहीं आने को कहा, जब तक कि अनुमति न दी जाए। उसके बाद शांतिसागर उस कमरे में गए जिसमें लड़की थी और उसके साथ दुष्कर्म किया। मुनि ने लड़की को धमकी दी कि यदि उसने विरोध किया तो उसके परिवार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। अभियोजन पक्ष ने पीड़िता के शारीरिक और मानसिक पीड़ा के लिए दोषी को उम्रकैद की सजा देने की मांग की थी।
विज्ञापन


आर्चर को तीन और संदीप-महीश को दो-दो विकेट मिले

सुदृढ़ बुनियादी संरचना से भारत वैश्विक कपड़ा बाजार का नेतृत्व कर सकता है: राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि सही बुनियादी ढांचे से भारत एक बार फिर वैश्विक कपड़ा बाजार का नेतृत्व कर सकता है। शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत की कपड़ा विरासत बेजोड़ है। यहां हर 100 किलोमीटर पर एक नई कला और एक नई कहानी है, लेकिन आज, हमारे कपास के बीज और खेती की तकनीक का अधिकांश हिस्सा विदेशी कंपनियों पर निर्भर है, हमारे किसानों को कम भुगतान किया जाता है, और हमारी आपूर्ति शृंखलाएं बहुत बिखरी हुई हैं। गांधी ने कहा कि उन्होंने हाल ही में दिल्ली में एच पी सिंह फैब्रिक्स चलाने वाले परिवार से मुलाकात की, ताकि आपूर्ति शृंखला को समझा जा सके। उन्होंने कहा, उनका दृढ़ विश्वास है कि भारत (जो कपड़ा निर्यात में चीन से लगभग 10 गुना पीछे है) एक बार फिर वैश्विक कपड़ा केंद्र बन सकता है, अगर सरकार सही उपायों का समर्थन करे जैसे, स्वदेशी कपास में निवेश करना, एकीकृत कपड़ा क्षेत्र बनाना और भारत के नेतृत्व वाली वैश्विक प्रमाणन प्रणाली स्थापित करना। कांग्रेस नेता ने अपने पोस्ट में स्टोर के अपने दौरे और मालिकों के साथ अपनी बातचीत का छह मिनट का वीडियो भी संलग्न किया।

उत्तर प्रदेश और बिहार में अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम होना जरूरी: खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पार्टी को वापस मजबूती प्रदान करने के लिए उसका उत्तर प्रदेश और बिहार में अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम होना जरूरी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश जिला अध्यक्षों से कहा कि वह संगठन को मजबूत करें और ब्लॉक स्तर पर स्थायित्व प्रदान करें ताकि बिना गठबंधन के भी चुनाव लड़ा और जीता जा सके। इसी के साथ पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह संगठन को मजबूत करने के लिए नए सिरे से काम करेगी, इसमें ब्लॉक स्तर पर मजबूती के लिए वरिष्ठ नेता भी काम करेंगे। दरअसल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कवायद के तहत नई दिल्ली में पार्टी नेतृत्व के साथ शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों के पदाधिकारी की भी बुलाया गया था। इस बैठक में खरगे के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी नेता केसी वेणुगोपाल भी शामिल हुए। बैठक में जिला प्रमुखों से कहा गया कि वह उत्तर प्रदेश में पार्टी की संपत्तियों को संरक्षित और सुरक्षित रखे, जिन संपत्तियों पर विवाद है और अदालती मामलों या कानूनी नोटिसों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों को पहचान कर सुलझाना और आगे बढ़ाना हैं। जो पार्टी के विकास की राह की समस्या बने हैं। बैठक के बाद सोशल मीडिया प्रबंधन पर भी एक सत्र का आयोजन किया गया। जहां जिला इकाई प्रमुखों को बताया गया की वह मौजूदा समय में राजनीतिक दलों द्वारा चलाए जाने वाले मिथ्या प्रचार को कैसे उजागर करे।

ईस्ट कोस्ट वर्कशॉप ने कोच मरम्मत में 20 दिन की जगह लगाए तीन साल
ईस्ट कोस्ट रेलवे के मंचेश्वर कैरिज रिपेयर वर्कशॉप ने कोचों की आवधिक मरम्मत के लिए तय 15-20 दिनों के बजाय तीन साल तक का समय लिया। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने संसद में बृहस्पतिवार को पेश की गई ऑडिट रिपोर्ट में यह जानकारी दी। कैग के मुताबिक, कोचों के आवधिक मरम्मत (पीरियोडिक ओव्हरहॉल या पीओएच) के लिए अनुमान यथार्थवादी नहीं थे और हर साल इसमें कमी की जाती थी।
कैग ने वर्कशॉप के संचालन में कई अनियमितताओं का भी रिपोर्ट में जिक्र किया है। वर्कशॉप की स्थापना नवंबर 1981 में की गई थी। शुरू में इस वर्कशॉप में हर महीने 45 कोचों की मरम्मत क्षमता थी। इसे 2003-04 में बढ़ाकर 100 कोच कर दिया गया। कैग की ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, 2008 से 2016 के दौरान वर्कशॉप में हर महीने कोच मरम्मत की क्षमता को बढ़ाकर 150 कर दिया गया। बावजूद हर माह 86 से 113 रेलवे कोच की ही मरम्मत की गई। एजेंसी

रेलवे बोर्ड के निर्देश पर हरकत में आई क्षेत्रीय रेलवे
रेलवे बोर्ड ने अगस्त 2012 में सभी क्षेत्रीय रेलवे को 100 दिनों के अंदर विफलताओं की निगरानी करने और निवारक कार्रवाई का निर्देश दिया। ऑडिट के दौरान पता चला कि रेलवे बोर्ड को दी गई रिपोर्ट में वर्कशॉप की पीओएच क्षमता को कम करके आंका गया था। इसके साथ वर्कशॉप में कई अन्य अनियमितताएं पाईं।

दिवंगत पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर की सुरक्षा घटाई
केंद्र ने दिवंगत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर की सुरक्षा को घटाकर जेड श्रेणी कर दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पत्नी को इससे पहले जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिल रही थी। मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की ओर से कौर की सुरक्षा की हाल ही में की गई समीक्षा के बाद उनकी सुरक्षा श्रेणी को घटाया गया है।  

सूत्रों ने बताया कि उनकी निजी सुरक्षा के साथ-साथ उनके घर की सुरक्षा के लिए करीब एक दर्जन सशस्त्र कमांडो तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के वर्गीकरण में बदलाव के कारण सिंह दंपती के लिए स्वीकृत दिल्ली पुलिस कर्मियों की संख्या में भी कमी की गई है।

कांग्रेस विधायक पर टिप्पणी मामले में गिरफ्तार भाजपा कार्यकर्ता ने जान दी
 कर्नाटक के कोडागु जिले के भाजपा कार्यकर्ता विनय सोमैया (40) ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, विनय ने अपने सुसाइड नोट में कांग्रेस विधायक एएस पोन्नन्ना के खिलाफ व्हाट्सएप ग्रुप पर की गई टिप्पणी को लेकर हुई गिरफ्तारी और प्रताड़ना को आत्महत्या का कारण बताया है। विनय उस ग्रुप का एडमिन था, जहां से पोन्नन्ना के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट साझा की गई थी।  

हैदराबाद : चलती ट्रेन के शौचालय में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म
 एक नाबालिग लड़की के साथ चलती ट्रेन के शौचालत में उसके सहयात्री की ओर से दुष्कर्म का मामले सामने आया है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि घटना 3 अप्रैल की सुबह की है। 20 साल के एक युवक ने लड़की पर ट्रेन के वॉशरूम में दुष्कर्म किया। लड़की उस समय अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लड़की का पीछा किया, जब वह वॉशरूम गई, वहां उस पर हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर सिकंदराबाद के रेलवे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। जीआरपी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि उसे गिरफ्तार किया गया है या नहीं।

इससे पहले, 22 मार्च को एक अलग घटना में दुष्कर्म से बचाव के प्रयास में 23 साल की एक महिला चलती ट्रेन से कूद गई थी। वह सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से मेडचल तक मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम ट्रेन के महिला कोच में अकेले यात्रा कर रही थी।

हिंदुस्तान कोका कोला से 2500 करोड़ जीएसटी मांग पर रोक; बॉम्बे हाईकोर्ट ने जारी किया आदेश 

बॉम्बे हाईकोर्ट ने हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेज प्रा. लि. के खिलाफ लगभग 2,500 करोड़ रुपये की वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) मांग पर अंतरिम रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा कि राजस्व विभाग की ओर से प्रावधानों की व्याख्या प्रथम दृष्टया गलत प्रतीत होती है।

राजस्व विभाग ने कंपनी को इस साल जनवरी में नोटिस जारी किया था। इसमें कहा गया था कि कंपनी ने वितरकों को पूर्वव्यापी छूट की पेशकश करके सात मूल्यांकन वर्षों में माल का कम मूल्यांकन किया। अधिकारियों के अनुसार, छूट इस प्रकार से तैयार की गई थी कि आपूर्ति का कर योग्य मूल्य कम हो जाए। ऐसा कर चोरी करने के उद्देश्य से किया गया था।

कंपनी ने नोटिस को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। जस्टिस बीपी कोलाबावाला और जस्टिस फिरदौस पूनीवाला की पीठ ने 1 अप्रैल के अपने फैसले में कहा कि कर विभाग की ओर से अपनाई गई दलील प्रथम दृष्टया गलत है। पीठ ने मांग नोटिस पर अंतरिम निषेधाज्ञा जारी की और कंपनी के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी।

महाराष्ट्र : ट्रैक्टर-ट्रॉली कुएं में गिरी, 7 महिलाओं की मौत
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले स्थित आसगांव गांव में शुक्रवार सुबह हादसे में सात महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन को बचा लिया गया। यह हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से हटकर एक पानी से भरे कुएं में जा गिरी। पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता का एलान किया।

मृतक महिलाएं हिंगोली जिले के वसमत तहसील के गुंज गांव की थीं। वे हल्दी की फसल काटने के लिए जा रही थीं। 

राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर पीएम मोदी का ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार देश के समुद्री क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में काम करती रहेगी और देश के विकास के लिए इसके बंदरगाहों का विकास जारी रखेगी। राष्ट्रीय समुद्री दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'आज राष्ट्रीय समुद्री दिवस है, यह भारत के समृद्ध समुद्री इतिहास और देश के निर्माण में इसकी भूमिका को याद करने का दिन है। हम आगे भी देश के मेरीटाइम सेक्टर को मजबूत करते रहेंगे।'
 

रेलवे परियोजनाओं की मंजूरी पर पीएम मोदी ने जताई खुशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने चार मल्टी-ट्रैकिंग रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इससे कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार होगा। सुविधा बढ़ेगी। लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी। केंद्रीय कैबिनेट ने रेल मंत्रालय की चार परियोजनाओं को मंजूरी दी है। पीएम मोदी ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II को कैबिनेट की मंजूरी सीमावर्ती गांवों में जीवन की बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करेगी। इसमें गांवों के दायरे का भी विस्तार भी किया जाएगा।

भारत ने क्वाड संगठन के साथ मिलकर म्यांमार को भेजी दो करोड़ डॉलर की आर्थिक मदद

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि भारत, क्वाड के अपने सहयोगियों अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ भूकंप पीड़ित म्यांमार और थाईलैंड के साथ खड़ा है। म्यांमार के लिए द्विपक्षीय मदद के अलावा हमने क्वाड सहयोगियों के साथ भी म्यांमार को दो करोड़ डॉलर की मदद देने का फैसला किया है। 
 

केरल के सरकारी अस्पतालों में डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू
केरल के सरकारी अस्पतालों में डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू की गई है। इस संबंध में शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने घोषणा की। पहले चरण में, 313 अस्पतालों को डिजिटल भुगतान प्रणाली से लैस किया गया है। एक महीने के भीतर अन्य अस्पतालों में भी इस प्रणाली का विस्तार किया जाएगा। डिजिटल भुगतान प्रणाली के जरिये लोग अस्पतालों में क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई (गूगल पे, फोन पे) का उपयोग करके भुगतान कर सकेंगे। 

कल तमिलनाडु जाएंगे पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी कल यानी 6 अप्रैल को तमिलनाडु जाएंगे। इस संबंध में पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट कर कहा, 'कल, 6 अप्रैल को, रामनवमी के पावन अवसर पर, मैं तमिलनाडु के अपने भाइयों और बहनों के बीच आने के लिए उत्साहित हूं। नए पंबन रेल ब्रिज का उद्घाटन किया जाएगा। मैं श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में प्रार्थना करूंगा। 8300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन या शिलान्यास भी किया जाएगा।'
 

केरल : आरएसएस नेता की हत्या के मुख्य हमलावर को एनआईए ने किया गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केरल के पलक्कड़ में आरएसएस नेता श्रीनिवासन हत्याकांड के मुख्य हमलावर को गिरफ्तार किया है। वह पिछले तीन वर्षों से फरार था। आरोपी शमनाद ई के उर्फ शमनाद इल्लीकल की गिरफ्तारी पर 7 लाख रुपये का इनाम था। एजेंसी ने बताया कि इल्लीकल पर कई अन्य मामले भी दर्ज है। आरोपी प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के संरक्षण में था और आरएसएस नेता श्रीनिवासन की हत्या के बाद से गुप्त पहचान के साथ रह रहा था। एजेंसी ने कहा कि सितंबर 2022 में हत्या की साजिश पीएफआई नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने के उद्देश्य से रची गई थी।

वक्फ समर्थक बीजद सांसद सस्मित पात्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग
वक्फ विधेयक का समर्थन करने के मामले में बीजद के राज्यसभा सांसद सस्मित पात्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। बीजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रताप जेना ने इस संबंध में पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने सांसद पात्रा द्वारा वक्प विधेयक के पक्ष में वोट देने का हवाला दिया है। 

टाटा नगर एक्सप्रेस से मासूम बच्ची का अपहरण, केस दर्ज
तमिलनाडु के पलक्कड़ जिले में टाटा नगर एक्सप्रेस से एक साल की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोपी ने मासूम को उस वक्त अगवा किया, जब वह अपने माता-पिता के साथ कोच में सो रही थी। यह घटना शुक्रवार की रात ओलावक्कोडे में हुई। आरोपी ने चुपके से बच्ची को गोद में लिया और ट्रेन से उतर गया, लेकिन कुछ देर बाद बच्ची ने रोना शुरू कर दिया। जब वह चुप नहीं हुई तो ऑटो चालकों समेत स्थानीय लोगों ने उससे सवाल करना शुरू किया। आरोपी जब संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और पुलिस बुला ली। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी की जाएगी। उन्होंने कहा, अपहृत बच्ची ओडिशा के एक दंपती की है, जो अलुवा जा रहे थे। दंपती ने टीवी चैनलों को बताया कि जिस कोच में वे सवार थे, वह लगभग खाली था। दोनों बेटी के साथ सो रहे थे, जब नींद खुली तो वह लापता थी।

जगुआर विमान दुर्घटना में घायल पायलट किरकी सैन्य अस्पताल में रेफर
गुजरात में दुर्घटनाग्रस्त हुए वायुसेना के विमान जगुआर के घायल पायलट को पुणे के किरकी के प्रमुख सैन्य अस्पताल में रेफर किया गया है। अभी तक जामनगर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। गौरतलब है कि जामनगर हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने वाला दो सीटों वाला वायुसेना का जगुआर विमान रात्रि मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव की मौत हो गई थी, जबकि जामनगर में वायुसेना के 224 स्क्वाड्रन के ग्रुप कैप्टन मनीष कुमार सिंह (43) घायल हो गए थे। वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं।

सेना चिकित्सा कोर के सूत्रों ने बताया कि ग्रुप कैप्टन मनीष कुमार सिंह के दाहिने पैर में टिबिया और फिबुला की हड्डी में फ्रैक्चर होने और आग से जलने के कारण घायल होने के कारण अभी तक उनका जामनगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। लेकिन फिर उन्हें किरकी स्थित सैन्य अस्पताल (एमएच) में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है। गौरतलब है कि एमएच किरकी सशस्त्र बलों का प्रमुख आर्थोपेडिक संस्थान है। उन्होंने बताया कि सशस्त्र बलों में रीढ़ की हड्डी की चोटों के लिए विशेष रूप से सेवा प्रदान करने वाला यह एकमात्र केंद्र भी है।

केरल : साइबर घोटाले में सेवानिवृत्त जज से 90 लाख की ठगी में तीन गिरफ्तार
फर्जी शेयर ट्रेडिंग एप के जरिये केरल हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से 90 लाख रुपये ठगने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कन्नूर के मोहम्मद शा (33), कोझिकोड के मीरशाद एन (32) और मोहम्मद शारजिल टी (22) के रूप में हुई है। घटना 2013 में सेवानिवृत्त हुए न्यायमूर्ति शशिधरन नंबियार से जुड़ी है। वे वर्तमान में कोच्चि में रहते हैं। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें एक फर्जी शेयर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश का लालच देकर 4 दिसंबर से 30 दिसंबर, 2024 के बीच 90 लाख रुपये की रकम हड़प ली। उन्हें न तो मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस मिला। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद शुरू हुई जांच में खुलासा हुआ कि ठगी की रकम का देशभर में 280 से अधिक बैंक खातों के जरिये लेनदेन किया गया। इसमें 311 वित्तीय लेनदेन दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एटीएम और चेक से नकदी निकालकर उसे क्रिप्टोकरेंसी और डॉलर में तब्दील कर लिया। इस घोटाले का कम्बोडिया स्थित एक बड़े साइबर अपराध नेटवर्क से संबंध भी पाया गया।
विज्ञापन

तमिलनाडु: हिरासत में मौत मामले मेंडीएसपी समेत 9 को आजीवन कारावास
तूतीकोरिन जिला अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने 1999 में हिरासत में हुई मौत के मामले में डीएसपी स्तर के अधिकारी समेत नौ लोगों को शनिवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने 11 आरोपियों में से दो को बरी कर दिया। एक इंस्पेक्टर को दोषी ठहराया गया, जबकि अन्य सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अदालत ने दोषी ठहराए गए लोगों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह मामला विंसेंट की मौत से जुड़ा है, जिसकी मौत थलामुथु नगर पुलिस स्टेशन में हुई थी। पुलिस उपाधीक्षक उस समय इंस्पेक्टर थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें