नहीं रहे प्रख्यात लेखक और कन्नड़ कार्यकर्ता पीवी नारायण
जाने-माने लेखक पीवी नारायण (82) का निधन हो गया। वह उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्होंने 50 से अधिक वर्षों तक कन्नड़ भाषा आंदोलन में सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभाई। 1942 में कर्नाटक के तमकुरू जिले में जन्मे नारायण ने कन्नड़ और अंग्रेजी में परास्नातक की डिग्रियां हासिल की थीं। उन्होंने अंग्रेजी और तेलुगु भाषा की 22 से अधिक रचनाओं का कन्नड़ में अनुवाद भी किया। एजेंसी
कोच्चि बैकवाटर में फेंका कूड़ा गायक एमजी श्रीकुमार पर जुर्माना
कोच्चि बैकवाटर में कूड़ा फेंकने पर पार्श्व गायक एमजी श्रीकुमार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मुलवुकाड ग्राम पंचायत ने गायक को 15 दिनों के भीतर जुर्माना भरने का निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया है। एक पर्यटक ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें गायक के घर से कोच्चि बैकवाटर में कचरे का एक थैला फेंका जा रहा था। कोच्चि बैकवाटर शहर के पास एक सुंदर और शांत जलमार्गों का नेटवर्क है। एजेंसी
मणिपुर: सेना ने संयुक्त अभियान में बरामद किए हथियार, आईईडी
सेना और असम राइफल्स की टीमों ने मणिपुर के कई जिलों में 29 मार्च से 3 अप्रैल तक चले संयुक्त अभियानों में हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का भंडार बरामद किया है। सुरक्षा बलों ने यह ऑपरेशन मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी के साथ मिलकर चुराचंदपुर, इंफाल पश्चिम, कांगपोकपी, इंफाल पूर्व और बिष्णुपुर जिलों में अंजाम दिया। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इन अभियानों के दौरान 24 हथियार, आईईडी उपकरण, ग्रेनेड, गोला-बारूद और युद्धक सामग्री जब्त की गई। बिष्णुपुर जिले के थांगजिंग हिल इलाके में 30 मार्च को सेना और मणिपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो बोल्ट एक्शन राइफल, एक पिस्तौल, तीन पॉम्पी बंदूकें और गोला-बारूद बरामद हुए। वहीं, 31 मार्च को चुराचंदपुर के कापरांग क्षेत्र में आईईडी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सेना, असम राइफल्स, सीआरपीएफ और पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान 2.3 किलोग्राम वजन के दो आईईडी, गोला-बारूद और अन्य सामग्री सुरक्षित बरामद की गई।
मणिपुर में 11 उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने घाटी के प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित पीआरईपीएके के दो सक्रिय सदस्यों को गुरुवार को इंफाल पश्चिम जिले के लंगथबल कुंजा से पकड़ा गया। जबकि कांगलेई यावोल कन्ना लूप (केवाईकेएल) के एक अन्य सदस्य को अवानफ पोत्संगबाम से पकड़ा गया। वहीं प्रतिबंधित केवाईकेएल (सोरेपा) से जुड़े एक उग्रवादी को गुरुवार को थौबल जिले के उनिंगखोंग इलाके से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा इंफाल ईस्ट के चिंगारेल तेजपुर से पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का एक सदस्य, कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (सिटी मीतेई) का एक सदस्य, मोइरांग खुनौ से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) का एक सक्रिय सदस्य, केइराओ वांगखेम ममांग लेईकाई से केसीपी (नोयोन) के दो सदस्य और इंफाल ईस्ट से प्रतिबंधित संगठन यूपीपीके संगठन के दो और सदस्य पकड़े गए। एक उग्रवादी से गोलियों से भरी एक पिस्तौल भी बरामद की गई है।
गुजरात में केमिकल फैक्ट्री में लगी आग
गुजरात में भरूच के अंकलेश्वर GIDC इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। आग बुझाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
कलकत्ता हाईकोर्ट ने हावड़ा रामनवमी रैली को लेकर दिया आदेश
कलकत्ता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को हावड़ा रामनवमी रैली को लेकर आदेश जारी किया है। जिसके तहत, रैली दोपहर 3 से 5 बजे के बीच होगी और इसमें किसी को भी हथियार ले जाने की अनमुति नहीं होगी। इसके अलावा, रैली में मोटरसाइकिल भी नहीं ले जा सकेंगे। रैली को उचित पुलिस मार्गदर्शन के साथ शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए। अंजनी पुत्र सेना, विश्व हिंदू परिषद और दुर्गा वाहिनी की रैली को अनुमति दी गई है। यह रैली 500 लोगों के साथ की जाएगी। सभी रैलियां जीटी रोड के एक ही मार्ग पर होंगी।