पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पर सरकार का भरोसा, घबराने की जरूरत नहीं- किशन रेड्डी
केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे सैन्य तनाव की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की सप्लाई और कीमतों पर दबाव जरूर पड़ा है, लेकिन भारत में इसका कोई बड़ा असर नहीं है। किशन रेड्डी ने तेल कंपनियों और डीलर्स के साथ बैठक के बाद बताया कि कुछ जगहों पर पेट्रोल पंप पर जो कमी की खबरें आई हैं, वो अस्थायी हैं और ज्यादातर अफवाहों या सोशल मीडिया के कारण लोगों के घबराकर ज्यादा खरीदने की वजह से हुई हैं। उन्होंने साफ कहा कि देश में पर्याप्त मात्रा में ईंधन का स्टॉक मौजूद है और रिफाइनरियां लगातार काम कर रही हैं।
सरकार और तेल कंपनियां मिलकर पूरी सप्लाई चेन पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि हर राज्य में पेट्रोल-डीजल और गैस की सप्लाई बिना रुकावट जारी रहे। साथ ही, विदेशों से कच्चा तेल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद भी लगातार की जा रही है, ताकि देश की जरूरतें पूरी हो सकें। कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में भी कमी की है, जिससे आम लोगों पर ज्यादा बोझ न पड़े। किशन रेड्डी ने लोगों से अपील की कि वे घबराकर पेट्रोल, डीजल या गैस का स्टॉक न करें, क्योंकि इससे कृत्रिम कमी पैदा हो सकती है और जरूरतमंद लोगों को दिक्कत हो सकती है। सरकार का कहना है कि वह लंबे समय के लिए ऊर्जा सुरक्षा पर भी काम कर रही है, जैसे रिफाइनरी क्षमता बढ़ाना, एलपीजी का इस्तेमाल बढ़ाना और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना, ताकि आयात पर निर्भरता कम हो सके।