फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: टैक्स बचाने को 'फर्जी रसीद' पर शिकंजा, IT भेजेगा नोटिस; असम में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़

Mon, 08 Apr 2024 10:58 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सत्ताधारी दल- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को आड़े हाथों लिया है। पश्चिम मेदिनीपुर में एक सवाल के जवाब में उन्होंने टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी को भी खूब सुनाया। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'बुआ-भतीजा' एनआईए पर हमला कर रहे हैं, यह कोई नई बात नहीं। वे ईडी और सीबीआई पर भी हमले करते रहे हैं। पिछले तीन साल से टीएमसी केंद्रीय एजेंसियों को रोक रही है। वे भ्रष्टाचारियों को बचाना चाहते हैं।. एनआईए देश की रक्षा के लिए काम करती है... संसद ने एनआईए को यह जिम्मेदारी दी है। एनआईए पर हमला करने का मतलब संविधान पर हमला करना है। ममता बनर्जी हर साल रामनवमी से पहले ध्रुवीकरण करती हैं। शुभेंदु ने अल्पसंख्यकों से ममता बनर्जी के जाल में न फंसने और शांति बरकरार रखने की अपील भी की।
विज्ञापन

खुशबू तमिलनाडु में भाजपा का प्रचार करने नहीं जा सकेंगी
राजनीतिक सरगर्मियों के बीच भाजपा से जुड़ा एक अन्य घटनाक्रम भी सामने आया है। तमिलनाडु में बेहद लोकप्रिय खुशबू सुंदर भाजपा का प्रचार नहीं कर सकेंगी। स्वास्थ्य कारणों के चलते भाजपा नेता खुशबू सुंदर इस बार तमिलनाडु में पार्टी के लिए प्रचार अभियान में शामिल होने में असमर्थता जताई है। अभिनेत्री व नेत्री खुशबू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को इस संबंध में पत्र लिखा है कि टेलबोन फ्रैक्चर के कारण चिकित्सकों ने उन्हें शारीरिक गतिविधियां न्यूनतम करने को कहा है। 

नागपुर सड़क हादसे में चार जख्मी, बेकाबू कंटेनर की चपेट में आए 11 वाहन और 12 लोग

नागपुर में सड़क हादसे के बाद तस्वीरें - फोटो : ani
महाराष्ट्र के नागपुर में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मनकापुर इलाके में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने 9 कारों, एक एम्बुलेंस और दो दोपहिया वाहनों सहित 12 लोगों को टक्कर मार दी। नागपुर पुलिस ने बताया कि इस भीषण हादसे में चार लोग घायल हुए हैं।
 

रवांडा नरसंहार के 30 साल पूरे; कुतुब मीनार को खास रंग से रोशन

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत ने पूर्वी अफ्रीकी देश रवांडा के लोगों के साथ एकजुटता दिखाने का फैसला लिया है। एकजुटता दिखाते हुए हुए, भारत ने आज कुतुब मीनार को खास रंग से रोशन किया। इस दिन को रवांडा में तुत्सी के खिलाफ 1994 में हए नरसंहार की याद में संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय चिंतन दिवस मनाया जाता है। जायसवाल ने बताया कि विदेश मंत्रालय के सचिव (ईआर) दम्मू रवि ने रविवार को राजधानी किगाली में भारत का प्रतिनिधित्व किया। गौतरलब है कि इस साल नरसंहार के 30 साल पूरे हो चुके हैं।

बंगाल की महिलाओं ने कांग्रेस प्रत्याशी अधीर रंजन को दिए अपनी बचत के हजारों रुपये

अधीर रंजन चौधरी (फाइल) - फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद पहुंचे कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को स्थानीय महिलाओं ने 11,000 रुपये दिए। बेहरामपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अधीर रंजन को कंडी शहर के रणग्राम गांव की 11 महिलाओं ने आर्थिक सहयोग के रूप में यह राशि सौंपी। महिलाओं ने यह पैसा अपने घरेलू खर्चों, फसलों, बकरियों के दूध और अपने पति की एक दिन की कमाई से इकट्ठा किया है। 

पंधेर समेत चार किसान नेता तमिलनाडु में गिरफ्तार

हरियाणा-पंजाब की शंभू सीमा पर किसान आंदोलन की अगुवाई कर रहे किसान मजदूर मोर्चा के कोऑर्डिनेटर और पंजाब के किसान नेता सरवण सिंह पंधेर समेत चार नेताओं को तमिलनाडु के कोयंबटूर में गिरफ्तार किया गया है। इस सीट से तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई चुनाव लड़ रहे हैं। पंधेर, गुरमीत सिंह मांगट, मनजीत सिंह राय व हरविंदर सिंह मसानिया कोयंबटूर में केंद्र सरकार का पुतला फूंक रहे थे। हालांकि, पुतला फूंकने से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अन्नाद्रमुक उम्मीदवार ने कांग्रेस को अवसरवादी पार्टी बताया

कांग्रेस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
दक्षिण चेन्नई निर्वाचन क्षेत्र से अन्नाद्रमुक उम्मीदवार जे. जयवर्धन ने आरोप लगाया, कांग्रेस एक अवसरवादी पार्टी है। यह हर संभव तरीके से लोगों को धोखा देने की कोशिश करती है। अगर यह चुनाव घोषणापत्र में कुछ भी कहती है, तो इसे कभी लागू नहीं किया जाता है। खासकर तमिलनाडु में, हमने देखा है कि अधिकार छीन लिए गए। एक पार्टी के रूप में कांग्रेस अपने चुनावी वादों को कभी लागू नहीं करेगी।

बिहार के भागलपुर में लगी आग; कर्नाटक में नकदी और गहने जब्त

मणिपुर : 24 हजार से अधिक लोग राहत शिविरों से डालेंगे वोट

हिंसा प्रभावित मणिपुर में 50 फीसदी मतदान केंद्र अति सवेंदनशील हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार झा ने कहा कि 24,500 से अधिक विस्थापित लोग राहत शिविरों से मतदान करेंगे। इसके लिए राहत शिविरों में विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में कुल 2,955 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। 94 विशेष मतदान केंद्र भी स्थापित होंगे, जिसमें विस्थापित लोग मतदान कर सकेंगे। मतदाताओं से सहानुभूतिपूर्वक व्यवहार करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। 

तमिलनाडु में तीन लोगों से जब्त किए चार करोड़ रुपये

तमिलनाडु के चेंगलपेट जिले में एक उड़नदस्ते ने ट्रेन से तिरुनेलवेली जा रहे तीन लोगों से चार करोड़ रुपये जब्त किए और मामला आयकर विभाग को सौंप दिया। संदेह है कि ये लोग भाजपा उम्मीदवार नैनार नागेंद्रन के समर्थक हैं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि तीनों को तांबरम स्टेशन पर रोका और उनके पास से चार करोड़ बरामद किए। पूछताछ में वे इसका कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
सत्तारूढ़ द्रमुक ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष मामला उठाया और नागेंद्रन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, नागेंद्रन ने दावा किया कि जब्त पैसे से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

ओडिशा में खंभे से टकराकर पुल से नीचे गिरी स्कूटी, तीन की मौत

ओडिशा के कंधमाल जिले में एक स्कूटर के ब्रिज से गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। रविवार की रात तीनों ही डंडा नाच (फोक डांस) देखकर रायकिया गांव की तरफ वापस आ रहे थे, तभी उनकी स्कूटी एक खंभे से टकरा गई और वे बुदामाहा पुल से नीचे गिर गए। तीनों की पहचान 27 वर्षीय ब्रह्मानंद भोई, 25 वर्षीय बसंत पांडा और 25 वर्षीय कुशल दिगल के तौर पर की गई है। तीनों के शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। 

असम में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़
असम में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़ किया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सोमवार को असम के कामरूप जिले के रंगिया में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 10,000 याबा टैबलेट जब्त किए गए। विश्वसनीय इनपुट के आधार पर, स्पेशल टास्क फोर्स ने एक ऑपरेशन चलाया और रंगिया में एक वाहन को रोका। उन्होंने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान 10,000 याबा टैबलेट बरामद की गईं और तीन लोगों को पकड़ा गया है। बता दें कि याबा टैबलेट भारत में अवैध हैं।

असम में महिला ने धारदार हथियार से अपने तीन बच्चों को मार डाला
असम के करीमगंज में एक महिला ने कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी एवं अपनी नाबालिग बहन को घायल कर दिया । इसके बाद उसने आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला और उसकी बहन की स्थिति नाजुक है और दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को रामकृष्ण नगर में आरोपी महिला ने अपने घर में कथित रूप से धारदार हथियार से वार कर दो, छह और आठ साल के तीन बच्चों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद उसने सात साल की बहन पर हमला किया और अपनी भी जान देने की कोशिश की। अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी ने उसके घर में शोर सुना तो मौके पर पहुंचे इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। महिला के बच्चों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।


 

कर्नाटक : केंद्रीय मंत्री के सामने लिंगायत संत लड़ेंगे चुनाव

प्रमुख वीरशैव लिंगायत संत व शिरहट्टी फक्किरेश्वर मठ के फकीरा दिंगलेश्वर स्वामी ने सोमवार को कर्नाटक के धारवाड़ सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की। इस सीट से भाजपा के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पर निशाना साधते हुए लिंगायत सत ने उन पर वीरशैव-लिंगायत और अन्य समुदायों को दबाने और लिंगायत मठ का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। संत की घोषणा के बाद भाजपा उम्मीदवार जोशी ने कहा, दिंगलेश्वर स्वामी जो भी कहते हैं, वह मेरे लिए आशीर्वाद जैसा है। स्वामी ने संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस पर सत्ता में आने के बाद लिंगायतों की उपेक्षा करने और समुदाय के योग्य नेताओं को उपयुक्त पद नहीं देने का भी आरोप लगाया।

कर्नाटक: 30.92 करोड़ के जाली नोट के साथ पांच गिरफ्तार

कर्नाटक पुलिस ने जाली नोट का कारोबार चलाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। 30.92 करोड़ के जाली नोट जब्त किए हैं। बंगलूरू के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने सोमवार को बताया कि यह गिरोह विभिन्न ट्रस्ट को निशाना बनाता था और उन्हें विभिन्न कंपनियों के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कोष के तहत 40 लाख देने पर एक करोड़ रुपये दिलाने का वादा करता था। उन्होंने कहा, यह ठगी करने का एक नया तरीका है, जो पहले कभी नहीं देखा गया।

केंद्रीय मंत्री की कार से टकराकर भाजपा कार्यकर्ता की मौत

कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू के केआर पुरम में सोमवार को केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे की कार के खुले दरवाजे से टकराकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि मंत्री कार के अंदर थीं और वह चुनाव प्रचार के लिए जा रही थीं। जैसे ही उनकी कार का दरवाजा खुला तो भाजपा कार्यकर्ता प्रकाश उससे टकराकर गिर गया और पीछे से आ रहा एक ट्रक उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे पर करंदलाजे ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण था कि हमारी पार्टी के वफादार कार्यकर्ता की मृत्यु हो गई। हम उनके परिवार के साथ हैं और उसके लिए जो कुछ भी कर सकते हैं वह करेंगे। 

सन परिवार के सीईओ मेथुकु रविंदर की 25 करोड़ की संपत्ति अटैच

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सन परिवार समूह की कंपनियों के सीईओ मेथुकु रविंदर, उनके परिवार के सदस्यों और उनसे जुड़े लोगों की 25.20 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को अटैच किया है। जांच एजेंसी ने सोमवार को बताया कि ईडी के हैदराबाद जोनल कार्यालय ने सन परिवार पोंजी स्कीम मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत इन संपत्तियों को अटैच किया है। 

असम में सीएए के तहत सिर्फ एक आवेदन : सीएम हिमंत

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि असम में सीएए के तहत नागरिकता के लिए अब तक केवल एक आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने अधिक विवरण दिए बिना कहा कि एकमात्र आवेदन बराक घाटी में किया गया। सरमा ने कहा, सीएए विरोधी आंदोलन झूठ पर आधारित था। इसका विरोध करने वालों को अब जवाब देना होगा। इतने दिन बीत गए हैं, और आज तक राज्य में केवल एक आवेदन किया गया है। सीएम जोरहाट लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले शिवसागर जिले के सोनारी में एक चुनावी रैली के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
विज्ञापन

टैक्स बचाने के लिए दे रहे हैं फर्जी रसीद, विभाग जांच कर भेजेगा नोटिस

आयकर विभाग को वित्त वर्ष 2020-21 के लिए वेतनभोगी कर्मचारियों की ओर से टैक्स बचाने के लिए फर्जी रसीद जमा करने की जानकारी मिली है। विभाग ने किरायेदार की रसीद और मकान मालिक को मिले किराये में अंतर पाया है। इसलिए इसकी जांच कर लोगों को नोटिस भेजने की योजना बनाई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, विभाग हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए) के मामलों को फिर से खोलने के लिए एक विशेष अभियान चला रहा है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने कहा कि किरायेदार द्वारा भुगतान किए गए किराए और प्राप्तकर्ता द्वारा प्राप्त किराए का सत्यापन किया गया था। हालांकि, इस तरह के मामलों की संख्या काफी कम है। आयकर विभाग ने कहा, यह सत्यापन बड़ी संख्या में मामलों को दोबारा खोले बिना इसका पता लगाया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें