फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: केरल में अवैध संबंध के शक में रिश्तेदार की हत्या, मदुरै में दो बसों की भीषण टक्कर, पांच की मौत

Mon, 13 Jul 2026 11:52 PM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गुजरात के अहमदाबाद में 16 जुलाई को निकलने वाली 149वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राज्यभर में निकलने वाली 230 से अधिक रथयात्राओं के शांतिपूर्ण आयोजन के निर्देश दिए। राज्य पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत के अनुसार, शहर में रथयात्रा की सुरक्षा के लिए 31 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। पूरे मार्ग की निगरानी 65 ड्रोन, 240 से अधिक रूफटॉप ऑब्जर्वेशन प्वाइंट और 2,800 से अधिक बॉडी-वॉर्न कैमरों के जरिये की जाएगी। 16 किलोमीटर लंबी रथयात्रा सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों जमालपुर, कालूपुर, शाहपुर और दरियापुर से होकर गुजरेगी। अहमदाबाद नगर निगम ने 15 चिकित्सकों, 100 स्वास्थ्यकर्मियों, 31 दमकल वाहनों और 237 अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की है। पुलिस ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए शांति समिति, मोहल्ला समिति और विभिन्न धर्मों के नेताओं के साथ कई बैठकें भी आयोजित की हैं।
विज्ञापन

टीसीएस एआई के लिए 8,900 इंजीनियरों की विशेष टीम बनाएगी
देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में खुद को सबसे आगे रखने के लिए एक बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी ने ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से एआई टूल्स को तेजी से लागू करने के लिए 8,900 फॉरवर्ड-डिप्लॉयड इंजीनियर्स (एफडीई) की एक विशेष टीम बनाने का फैसला किया है। साथ ही, वह एआई व साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में कंपनियों के अधिग्रहण पर भी विचार कर रही है। टीसीएस के सीईओ के कृतिवासन ने बताया कि कंपनी कुल कर्मचारियों के 1-1.5 फीसदी हिस्से को एफडीई के रूप में तैयार करेगी। 

मंदिर की जमीन हड़पी, सूचना विभाग का निदेशक गिरफ्तार
पुडुचेरी में कामाचियम्मन मंदिर की जमीन हड़पने के आरोप में सूचना और प्रचार विभाग के निदेशक ए सुरेश राज को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद राज को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। राज पुडुचेरी सिविल सर्विस कैडर का अधिकारी है। विजिलेंस व एंटी-करप्शन यूनिट ने मामले में राज की संलिप्तता पाए जाने के बाद शनिवार की रात उसे घर से गिरफ्तार कर लिया। राज, पहले पुडुचेरी का सब-रजिस्ट्रार था। कुछ साल पहले रेनबो नगर में स्थित मंदिर के फर्जी पंजीकरण में उसकी अहम भूमिका बताई जाती है। पुलिस इस घोटाले के सिलसिले में पहले ही 17 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें राजस्व एवं भूमि अभिलेख विभाग के कुछ अधिकारी भी शामिल हैं।

6 लोगों की हत्या कर फरार पॉक्सो आरोपी पर दो लाख का इनाम, 12 टीमें गठित
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में छह लोगों की हत्या करने के बाद फरार हुए पॉक्सो आरोपी पी राजकुमार की तलाश के लिए पुलिस ने 12 विशेष टीमें गठित की हैं। फ्यूचर सिटी पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने रविवार को राजकुमार की तस्वीरें जारी कर दी हैं और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय राजकुमार पर पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज था। उस पर एक नाबालिग लड़की का पीछा करने और उसे परेशान करने का आरोप है। नाबालिग लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर मई में मामला दर्ज हुआ था और हाल ही में वह जमानत पर जेल से छूटा था। पुलिस के मुताबिक, राजकुमार ने वारदात से एक दिन पहले अपनी पत्नी के मोबाइल से ऑनलाइन भुगतान कर किराये पर कार ली थी। सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड की जांच में कार का पता चला, जिसे ईंधन खत्म होने के बाद उसने नंदीगामा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास छोड़ दिया। आरोपी राजकुमार ने शुक्रवार देर रात अपनी पत्नी, दो बच्चों और शिकायतकर्ता परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी।

भाजपा नेता प्रवीण नेट्टारू की हत्या में चार साल से फरार दो आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कर्नाटक के स्थानीय भाजपा नेता प्रवीण नेट्टारू की हत्या के मामले में चार साल से दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के कार्यकर्ताओं पर साल 2022 में इस हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप है। एनआईए ने बताया कि अब्दुल नासिर पी उर्फ नासिर को केरल के कोच्चि से और नौशाद को तमिलनाडु के होसुर से शनिवार तड़के गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई आंध्र प्रदेश पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर दोनों राज्यों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई। नासिर और नौशाद की गिरफ्तारी के साथ नेट्टारू हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। मामले में अब भी तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश चल रही है। बंगलूरू स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) और गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों को चार-चार लाख रुपये का इनाम देने का एलान किया था।

सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को हत्या की धमकी, केस दर्ज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर जान से मारने की धमकी दी गई है। केरल पुलिस मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने बताया कि मलप्पुरम साइबर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।  अधिकारियों के अनुसार, यह वीडियो नियमित साइबर जांच के दौरान पकड़ में आया। वीडियो पोस्ट में पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां और जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने जांच में पाया कि इस वीडियो को फेसबुक, यूट्यूब व इंस्टाग्राम के कई अकाउंट्स के जरिये साझा किया गया था। पुलिस ने एक स्थानीय निवासी की पहचान की है, जिस पर इस पोस्ट से जुड़े होने का संदेह है। पुलिस उससे पूछताछ करेगी।

ईपीएफओ ने छूट प्राप्त पीएफ ट्रस्ट वाले प्रतिष्ठानों के लिए शुरू की माफी योजना
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने छह महीने के लिए माफी योजना-2026 शुरू की है। इस योजना के तहत आयकर अधिनियम, 1961 के तहत मान्यता प्राप्त छूट के साथ भविष्य निधि ट्रस्ट संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों को अपनी स्थिति नियमित करने का एकमुश्त अवसर प्रदान किया गया है। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय ने कहा है कि यह योजना छह महीने तक लागू रहेगी। योजना उन प्रतिष्ठानों पर लागू होगी, जो आयकर अधिनियम के तहत मान्यता प्राप्त भविष्य निधि ट्रस्ट का संचालन कर रहे हैं। मंत्रालय के अनुसार, पात्र प्रतिष्ठानों को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को ई-मेल के जरिये औपचारिक आवेदन पेश करना होगा। छूट प्राप्त भविष्य निधि एक नियोक्ता-प्रबंधित पीएफ योजना है जो अपने भविष्य निधि योगदान को सीधे ईपीएफओ में जमा करने के बजाय एक निजी ट्रस्ट के माध्यम से आंतरिक रूप से संचालित करती है।

पत्नी पर शक में रिश्तेदार की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
केरल के अलप्पुझा में विवाहेतर संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान साउथ थुंबोली निवासी 29 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। आरोपी रॉबिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, रॉबिन को शक था कि उसकी पत्नी और मनीष के बीच विवाहेतर संबंध हैं। रविवार शाम करीब 4 बजे वह मनीष के घर पहुंचा, जहां उसकी पत्नी मौजूद थी। गुस्से में उसने पहले पत्नी पर चाकू से हमला किया। मनीष जब उसे बचाने आया तो आरोपी ने उस पर भी कई वार किए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मनीष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, रॉबिन की पत्नी गंभीर रूप से घायल है, लेकिन उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अलप्पुझा नॉर्थ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

लॉटरी घोटाले में टीएमसी के पूर्व उम्मीदवार तीर्थंकर घोष गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व उम्मीदवार तीर्थंकर घोष को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। तीर्थंकर पर लॉटरी घोटाले, जबरन वसूली और हथियारों के दम पर लोगों को धमकाने सहित कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। वह लंबे समय से फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया। सोमवार को उसे उत्तर 24 परगना जिला अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उसकी रिमांड की मांग करेगी। तीर्थंकर, टीएमसी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्य सचेतक निर्मल घोष का बेटा है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा और एक स्थानीय ड्राइवर से कथित तौर पर करीब एक करोड़ रुपये की लॉटरी राशि छीनने के मामले में भी दोनों के नाम सामने आए थे। 2026 के विधानसभा चुनाव में तीर्थंकर को भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ से 28 हजार से अधिक वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।

मदुरै में दो बसों की भीषण टक्कर

तमिलनाडु के मदुरै जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 42 लोग घायल हो गए। हादसा कोट्टमपट्टी के पास वंदिनगर के निकट चार-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां चेन्नई से मार्थंडम जा रही एक निजी ओमनी बस बेकाबू होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (टीएनएसटीसी) की बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निजी बस सड़क किनारे बने यात्री शेल्टर से जा भिड़ी, जबकि टीएनएसटीसी बस पलट गई। दोनों बसों में कई यात्री फंस गए, जिन्हें पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों ने विशेष उपकरणों की मदद से बाहर निकाला। सभी घायलों को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

अंडमान में स्कूबा डाइविंग को मिलेगा बढ़ावा

अंडमान और निकोबार प्रशासन ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तर और मध्य अंडमान में स्कूबा डाइविंग के आठ नए स्थानों की पहचान की है। यह पहल सूचना, प्रचार एवं पर्यटन निदेशालय (IP&T) ने स्कूबा स्कूल्स इंटरनेशनल (SSI) के सहयोग से की है। इसका उद्देश्य इस क्षेत्र को एडवेंचर टूरिज्म का नया केंद्र बनाना और पर्यटकों को नए अनुभव देना है। नए डाइविंग स्थलों में मायाबंदर के नॉर्थ ऑफ साउंड आइलैंड रॉक, मार्कर-077 और बोचांग शामिल हैं। वहीं डिगलीपुर में हिरण टिकरी, लैंडफॉल ईस्ट, रॉस एंड स्मिथ का हाउस रीफ, पैगेट आइलैंड और लैंडफॉल साउथ को भी डाइविंग के लिए चुना गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, इन स्थानों पर पर्यटक सुरक्षित तरीके से समुद्री जीव-जंतुओं, प्रवाल भित्तियों (कोरल रीफ) और पानी के भीतर की प्राकृतिक दुनिया का आनंद ले सकेंगे। इस योजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे पहले मई में डिगलीपुर के चार डाइविंग स्थलों को मंजूरी दी गई थी। अब उत्तर और मध्य अंडमान में कुल 12 स्कूबा डाइविंग साइट्स उपलब्ध होंगी। प्रशासन ने डाइविंग संचालकों से तय दिशा-निर्देशों के तहत पंजीकरण कराने की अपील की है। सभी गतिविधियां सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए कराई जाएंगी।

माकपा नेता शिवनकुट्टी ने भाजपा के चुनावी फंड के कथित दुरुपयोग की पुलिस जांच की मांग की

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के वरिष्ठ नेता वी शिवनकुट्टी ने सोमवार को भाजपा के विधानसभा चुनाव अभियान में कथित वित्तीय अनियमितताओं की व्यापक पुलिस जांच की मांग की। उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी के फंड के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग के आरोप सामने आए हैं।

एक बयान में शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि मीडिया रिपोर्ट्स ने चुनाव प्रचार के लिए हेलिकॉप्टर और वाहनों को किराये पर लेने में हुए खर्च को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पार्टी के एक करोड़ पार्टी झंडे बनाने के लिए 3.5 करोड़ रुपये के कथित ठेके में गड़बड़ी से जुड़ी खबरों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

माकपा नेता ने आरोप लगाया कि जनता से मिले चंदे और पार्टी कार्यकर्ताओं से जुटाए गए धन का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने लाने और तथ्यों को जनता के सामने रखने के लिए पुलिस की गहन जांच जरूरी है। उन्होंने पुलिस से मामले की पूरी जांच शुरू करने और आरोपों के पीछे की सच्चाई सामने लाने के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को सच जानने का अधिकार है।
 

केरल में शराब पीकर स्कूल बस चलाने वाले 29 ड्राइवरों पर कार्रवाई
केरल के एर्नाकुलम रेंज में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 29 स्कूल बस और छात्र परिवहन वाहन चालकों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एर्नाकुलम, अलाप्पुझा, कोट्टायम और इडुक्की जिलों के 1,231 शिक्षण संस्थानों से जुड़े 3,333 चालकों की जांच की। इनमें 29 चालक शराब के नशे में पाए गए। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को ऐसे चालकों को सेवा से हटाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे औचक अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

INS महेंद्रगिरि में लगे रोल्स-रॉयस के आधुनिक जनरेटर
हाल ही में भारतीय नौसेना में शामिल किए गए स्टेल्थ फ्रिगेट आईएनएस महेंद्रगिरि में रोल्स-रॉयस के चार आधुनिक एमटीयू जनरेटर सेट लगाए गए हैं। कंपनी के अनुसार, ये जनरेटर जहाज को सभी जटिल सैन्य अभियानों के दौरान भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराते हैं। रोल्स-रॉयस ने बताया कि हाल में नौसेना में शामिल आईएनएस अग्रय और आईएनएस दुनागिरि में भी कंपनी के mtu इंजन और तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। आईएनएस अग्रय में तीन एमटीयू इंजन लगे हैं, जिनकी मदद से जहाज 25 नॉट की अधिकतम गति हासिल कर सकता है।

तमिलनाडु में सतर्कता विभाग के प्रमुख का तबादला
तमिलनाडु सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ए. अरुण का तबादला कर दिया है। उन्हें भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (DVAC) के निदेशक पद से हटाकर चेन्नई स्थित तमिलनाडु पुलिस अकादमी का निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह फिलहाल डीवीएसी में आईजी सी. मगेश्वरी को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अरुण को दो महीने पहले ही डीवीएसी प्रमुख बनाया गया था। इससे पहले वह चेन्नई पुलिस आयुक्त थे। चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग ने उन्हें अनिवार्य प्रतीक्षा सूची में भेज दिया था।

ओडिशा में कोविड निगरानी बढ़ाई गई
पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद ओडिशा सरकार ने राज्य में कोविड-19 की निगरानी बढ़ा दी है। विशेष रूप से सीमावर्ती जिलों में स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक रवींद्रनाथ मिश्रा ने बताया कि अभी तक ओडिशा में कोरोना का कोई नया मामला नहीं मिला है। उन्होंने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई। आगामी रथ यात्रा को देखते हुए भी स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों में जांच और निगरानी तेज कर दी है।

हैदराबाद में 3.12 करोड़ रुपये का हशीश तेल बरामद, 7 गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 25 लीटर हशीश तेल बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 3.12 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दो आरोपी आंध्र प्रदेश से हशीश तेल लाकर बेंगलुरु भेजने की तैयारी में थे। दूसरी कार्रवाई में तीन तस्करों और दो ग्राहकों को पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अधिक कमाई और आलीशान जीवनशैली के लिए नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।

बारुईपुर हिंसा मामले में CPI(M) नेता आठ दिन की पुलिस हिरासत में
पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के बाद हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार CPI(M) नेता लहेक अली को अदालत ने आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का आरोप है कि अली के भड़काऊ बयानों के बाद भीड़ ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। बचाव पक्ष ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया, लेकिन अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया। मामले की जांच जारी है।

मणिपुर में आगजनी मामले में तीन गिरफ्तार, सुरक्षा बढ़ाई गई
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में आगजनी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राज्य के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने बताया कि सीआरपीएफ और राज्य पुलिस बल को प्रभावित इलाके में तैनात किया गया है। अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। शनिवार को करीब 600 लोगों की भीड़ ने तीन घरों में आग लगा दी थी, जिससे इलाके में फिर तनाव फैल गया। सरकार ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

कोलकाता में महिला से दुष्कर्म के आरोप में तीन गिरफ्तार
दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर इलाके में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके एक परिचित ने अपने घर में उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दो अन्य लोगों ने उसकी मदद की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और सबूतों की विस्तार से जांच की जा रही है।
 

तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय ने पेरम्बूर का दौरा किया, एप का शुभारंभ किया
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार पेरम्बूर में आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने अपने नए रूप से तैयार किए गए विधायक कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने पेरम्बूर के लोगों के लिए शिकायत दर्ज कराने वाला तकनीक आधारित मोबाइल एप का भी शुरू किया। 
 
नफरती भाषण मामले में महुआ मोइत्रा की याचिका पर 15 जुलाई को सुनवाई
कलकत्ता हाईकोर्ट बुधवार को तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा की कथित नफरती भाषण मामले में दायर याचिका पर सुनवाई करेगा।

मोइत्रा ने कोर्ट से मांग की है कि मामले में पुलिस की किसी भी सख्त कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगाई जाए। उन्होंने पूछताछ के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये शामिल होने की अनुमति भी मांगी है। जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने कहा कि वह बुधवार को याचिका पर सुनवाई करेंगे। उन्होंने मोइत्रा के वकील से राज्य सरकार के पक्षकारों को नोटिस देने को कहा।

मोइत्रा के वकील ने कहा कि एक महिला सांसद होने के बावजूद हाल ही में जब वह नदिया जिले की एक अदालत गई थीं, तो कुछ लोगों ने चेहरा छिपाकर उन पर अंडे फेंके। उन्होंने इस घटना का विरोध किया। वकील ने कहा कि मोइत्रा पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा था, जिसमें कहा गया था कि चेहरा छिपाने वाले लोगों को बुर्का पहनना चाहिए। 

वकील ने कहा कि इस बयान को नफरती भाषण माना गया। आरोप लगाया गया कि उन्होंने हिंदुओं को बुर्का पहनने के लिए कहा, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मोइत्रा के वकील ने कहा कि पुलिस उन्हें बार-बार पूछताछ के लिए नोटिस भेज रही है। उन्हें डर है कि अगर वह पूछताछ के लिए थाने जाती हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

तेलंगाना: छह लोगों की हत्या के आरोपी का शव मिला, आत्महत्या की आशंका
तेलंगाना पुलिस ने सोमवार को बताया कि पड़ोसी रंगारेड्डी जिले में छह लोगों की हत्या के आरोपी 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस को शक है कि उसने आत्महत्या की है।

पी राजकुमार नाम का यह किसान पॉक्सो मामले में आरोपी था। उस पर आरोप है कि उसने 10 जुलाई की रात छह लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें एक नाबालिग लड़की, उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले परिवार के दो सदस्य, उसकी पत्नी और दो बच्चे शामिल थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि सोमवार को कोठूर थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने शव देखकर डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी।

अधिकारी ने कहा, उसका शव मिल गया है। शव के पास कीटनाशक की एक बोतल मिली है। हमें लगता है कि उसने इसे पी लिया होगा, क्योंकि उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसके परिवार वालों को जानकारी दी। परिवार ने शव की पहचान राजकुमार के रूप में की।

लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर इस साल मई में नाबालिग लड़की का पीछा करने और परेशान करने के आरोप में राजकुमार के खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने कथित तौर पर छह पीड़ितों पर चाकू से हमला किया था और उनका गला काट दिया था।

पुलिस के अनुसार, हत्या के तुरंत बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर अपराध कबूल किया था। उसने कहा था कि वह अपनी जान देने जा रहा है और इसके बाद अपना फोन बंद कर दिया था। आरोपी के माता-पिता ने इसके बाद पुलिस को सूचना दी। राजकुमार मौके से फरार हो गया था और छिपा हुआ था। तेलंगाना पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 12 टीमें बनाई थीं और बड़े स्तर पर तलाश अभियान चलाया था।

केरल में माकपा नेता पर मामला दर्ज
केरल बाल अधिकार आयोग ने सोमवार को माकपा नेता केटी जलील के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर पलक्कड़ में सम्मान समारोह के दौरान छात्रों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप है।

जलील पहले शिक्षक रह चुके हैं और पिनरई विजयन सरकार के पहले कार्यकाल में उच्च शिक्षा मंत्री भी थे। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने एक बयान में कहा कि टीवी चैनलों पर दिखाई गई तस्वीरों के आधार पर यह कार्रवाई शुरू की गई है।

वीडियो में जलील एक कार्यक्रम में उन छात्रों से सवाल करते दिख रहे हैं, जिन्होंने 10वीं की परीक्षा में ए-प्लस अंक हासिल किए थे। उन्होंने छात्रों से पूछा कि क्या उन्हें वर्णमाला भी आती है। यह भी आरोप है कि एक छात्र को मंच पर बुलाने के बाद पता और लिखने में हुई गलती को लेकर उन्होंने छात्र का कान खींचा।

यह घटना पलक्कड़ के मन्नारक्कड़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इसमें अलग-अलग नगर निकाय क्षेत्रों से अच्छे अंक हासिल करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया था। आयोग ने कहा कि अध्यक्ष केवी मनोज कुमार ने वीडियो देखने के बाद खुद से मामला दर्ज किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री के व्यवहार से बच्चों को मानसिक परेशानी पहुंचने का आरोप है।

इससे पहले मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन ने जलील के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। संगठन ने आरोप लगाया था कि उन्होंने छात्रों को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया और ऐसा व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
 

सिक्किम: भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर यातायात प्रभावित
सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर बागपुल के पास हुए भूस्खलन से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गंगटोक जाने वाला यातायात प्रभावित हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सिलीगुड़ी से करीब 24 किलोमीटर दूर बागपुल में भूस्खलन का मलबा हटाने के लिए मशीनें और कर्मचारियों को लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बागपुल में भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर भारी जाम लग गया है और सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। यह राजमार्ग हिमालयी राज्य सिक्किम की राजधानी गंगटोक को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से जोड़ता है।

उन्होंने बताया कि यात्रियों से धैर्य बनाए रखने, यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और स्थिति सामान्य होने तक इस प्रभावित रास्ते पर गैरजरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है।
 

17 जुलाई को मंगलागिरि रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आंध्र प्रदेश के पुनर्विकसित मंगलागिरि रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 12.5 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का आधुनिकीकरण किया गया है। यहां नया स्टेशन भवन, बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, वीआईपी लाउंज, लिफ्ट, रैंप, आधुनिक शौचालय, पार्किंग और बेहतर प्लेटफॉर्म सुविधाएं विकसित की गई हैं। रेलवे के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है।

एयर इंडिया को बोइंग 787 और 777 विमानों के लिए डिजिटल लॉगबुक की मंजूरी
विमानन नियामक डीजीसीए ने एयर इंडिया को उसके बोइंग 787 और 777 विमानों के लिए इलेक्ट्रॉनिक टेक्निकल लॉगबुक (ETL) इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी है। इससे कागजी रखरखाव रिकॉर्ड की जगह डिजिटल प्रणाली अपनाई जाएगी। एयर इंडिया ने बताया कि नई व्यवस्था से विमान रखरखाव, खराबी की जानकारी और मरम्मत की प्रक्रिया अधिक तेज, सटीक और प्रभावी होगी। इससे इंजीनियरों और संचालन टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और विमानों की परिचालन क्षमता भी बढ़ेगी।

 

तमिलनाडु के कोटागिरि में काली मक्खियों के झुंड से दहशत
तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के पहाड़ी क्षेत्र कोटागिरि में लाखों काली मक्खियों के अचानक फैलने से लोगों में दहशत है। ये मक्खियां घरों, दीवारों और खाने-पीने की चीजों पर बड़ी संख्या में दिखाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों को बीमारी फैलने की आशंका है, हालांकि अधिकारियों ने कहा कि ये मक्खियां कोई बीमारी नहीं फैलातीं। इनके काटने से दर्द, खुजली और सूजन हो सकती है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।

सेवोक NH-10 पर भूस्खलन, पश्चिम बंगाल-सिक्किम मार्ग बाधित
पश्चिम बंगाल के सेवोक NH-10 पर सोमवार शाम करीब 4:30 बजे भूस्खलन होने से सिक्किम को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग प्रभावित हो गया। सड़क पर मलबा और कीचड़ फैलने से कई वाहन फंस गए और लंबा जाम लग गया। सड़क फिसलन भरी होने से यातायात में काफी दिक्कत हुई। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गईं। सेवोक पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य और यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी रहीं।
विज्ञापन

इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड में भारतीय छात्रों का जलवा
भारतीय छात्रों ने कोलंबिया में आयोजित 56वें इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। इसके साथ ही भारत टीम ने चीन, कजाकिस्तान, रूस, दक्षिण कोरिया और ताइवान के साथ संयुक्त रूप से विश्व में पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में 87 देशों के 381 छात्रों ने भाग लिया। कनिष्क जैन (पुणे), रिद्धेश अनंत बेंदाले (इंदौर), ऋषित गर्ग (दिल्ली), श्रेष्ठ सुरैया (मुंबई) और स्वरित जोशी (अहमदाबाद) ने भारत के लिए स्वर्ण जीते। यह उपलब्धि इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड में भारत के लगातार शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाती है। पिछले दस वर्षों में भारत का हर प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में पदक जीतने में सफल रहा है। भारतीय ओलंपियाड कार्यक्रम का संचालन होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश की युवा शक्ति की असीम क्षमता और विज्ञान व शोध के प्रति उनके जुनून का प्रमाण है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें