कोझिकोड रेलवे स्टेशन पर 130 साल पुराना क्लॉक टावर ढहा
केरल के कोझिकोड रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह करीब 11:10 बजे 130 साल पुराना क्लॉक टावर ढह गया। टावर का मलबा प्लेटफॉर्म नंबर-2 और ओवरहेड बिजली लाइनों पर गिरा, लेकिन उस समय वहां कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्टेशन पर खड़ी कोझिकोड-कन्नूर पैसेंजर ट्रेन लॉक थी और उसमें कोई सवार नहीं था। घटना के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-2 और 3 को एहतियातन बंद कर दिया गया। वहीं, कुछ ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। शुरुआती जांच में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इमारत के कमजोर होने को हादसे की वजह माना गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इमारत में पहले से दरारें देखी गई थीं और उसकी जर्जर हालत को लेकर चेतावनी भी मिली थी। फिलहाल प्रभावित क्षेत्र को पूरी तरह घेरकर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। स्थानीय विधायक ने स्टेशन की पुरानी इमारतों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने और लापरवाही की जांच की मांग की है।
तेलंगाना हाईकोर्ट ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे बंडी भगीरथ को पॉक्सो मामले में नियमित जमानत दे दी है। कोर्ट ने जमानत देते हुए कुछ शर्तें भी लगाई हैं। इसके तहत भागीरथ को 1 लाख रुपये का मुचलका भरना होगा और इसके साथ दो जमानतदार देने होंगे।
हाईकोर्ट ने जमानत के साथ कुछ अन्य शर्तों का पालन करने का भी निर्देश दिया है। यह मामला बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने वाले कानून (पॉक्सो) के तहत दर्ज किया गया था।