असम के सोनीपुर जिले में रविवार की रात एक एंबुलेंस की ट्रक से टक्कर हो जाने के कारण छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सोनीपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरुन पुरकायस्ता ने बताया कि एक मरीज और उसके परिवार के सदस्यों को ले जा रही एंबुलेंस तेजपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान ढेकियाजुली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर यह दुर्घटना हुई।
उन्होंने कहा, "छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल लोगों को तेजपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" अधिकारी ने आगे बताया कि पुलिस के साथ आपातकालीन सेवा दल दुर्घटनास्थल पर तुरंत पहुंचे, बचाव अभियान शुरू किया और राजमार्ग को खाली कराया।
मणिपुर के थोबल में प्रतिबंधित संगठन के 14 उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने थोबल जिले से एक प्रतिबंधित संगठन के 14 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी उग्रवादी यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ-कोइरेंग) गुट से जुड़े हैं। पुलिस ने सोमवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इस बड़ी कामयाबी की जानकारी दी। पुलिस ने इन उग्रवादियों को रविवार को नोंगपोक सेकमाई थाना क्षेत्र के हाओखोंग इलाके से पकड़ा। तलाशी के दौरान इनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। पुलिस ने इनके पास से दो इंसास (INSAS) राइफल, आठ इंसास एलएमजी मैगजीन, पांच इंसास राइफल मैगजीन और 100 कारतूस जब्त किए हैं। हथियारों के अलावा पुलिस ने इनके पास से एक लाख रुपये नकद और पांच हेलमेट भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि संगठन के अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
कर्नाटक के रामनगर में भीषण बस हादसा, चार यात्रियों की मौके पर ही मौत
कर्नाटक के रामनगर जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे पर चन्नापटना तालुक के पास एक निजी बस बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान केरल के कालीकट निवासी मोहम्मद फरहान (22), सुल्फी (45), बेंगलुरु के रशीद (45) और साकेर के नाम से हुई है। हादसे में दो अन्य यात्री, अब्दुल और एलन घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए चन्नापटना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीके ट्रेवल्स की यह बस केरल के कालीकट से बेंगलुरु जा रही थी। सुबह करीब 4:10 बजे ड्राइवर रियाज को शायद झपकी आ गई, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया। बस में कुल 42 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस रेलिंग तोड़ने के बाद भी करीब 100 मीटर तक आगे चली गई। घटना की जानकारी मिलने पर चन्नापटना ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ड्राइवर रियाज को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अगर वहां सुरक्षा घेरा नहीं होता, तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था। इससे पहले 25 दिसंबर को चित्रदुर्ग में भी एक बस हादसे में छह लोगों की जलकर मौत हुई थी।
रूस के साथ मिलकर साझा चुनौतियों से निपटेगा भारत, बोले विदेश मंत्री जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान मानवता-प्रथम और जन-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ रूस के साथ सहयोग को और मजबूत करेगा। उन्होंने वर्चुअल सम्मेलन ‘भारत और रूस: एक नए द्विपक्षीय एजेंडे की ओर’ को संबोधित करते हुए दोनों देशों के गहरे और पुराने संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। जयशंकर ने कहा कि भारत और रूस वैश्विक चुनौतियों का संतुलित और समावेशी तरीके से समाधान करने के लिए साथ काम करेंगे। उन्होंने दिसंबर 2025 में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इससे संबंधों को कई नए क्षेत्रों में विस्तार मिला है। उन्होंने बताया कि दोनों देश व्यापार को 2030 तक 100 अरब डॉलर तक ले जाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। साथ ही स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, समुद्री सहयोग और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाई जा रही है। जयशंकर ने कहा कि यह रणनीतिक साझेदारी आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित है।
असम चुनाव: 9 अप्रैल को पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित
असम सरकार ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 9 अप्रैल को पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने यह आदेश परक्राम्य लिखित अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत जारी किया है। यह निर्णय भारत निर्वाचन आयोग और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुसार लिया गया है। अधिसूचना के मुताबिक, मतदान के दिन सभी सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसमें पंचायती राज संस्थाएं, शहरी निकाय, स्कूल-कॉलेज और निजी संस्थान भी शामिल हैं। साथ ही बैंक, चाय बागान, उद्योग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी अवकाश का पालन करना होगा। इसका उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाना और लोगों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
गोवा क्लब अग्निकांड: बर्च बाय रोमियो लेन के सह-मालिक को जमानत
गोवा की एक अदालत ने बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के सह-मालिक अजय गुप्ता को जमानत दे दी है। यह मामला दिसंबर में हुए भीषण अग्निकांड से जुड़ा है, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी। कोर्ट ने सुनवाई के बाद गुप्ता को राहत दी। इस घटना ने सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े किए थे।
आर्यन खान केस: समीर वानखेड़े ने हाईकोर्ट में रिश्वत के आरोपों से किया इनकार
आर्यन खान ड्रग्स मामले में एनसीबी के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने बॉम्बे हाईकोर्ट में कहा कि उन्होंने कभी शाहरुख खान से रिश्वत नहीं मांगी। उनके वकील आबाद पोंडा ने अदालत में दलील दी कि सीबीआई के पास रिश्वत मांगने या लेने का कोई ठोस सबूत नहीं है। सीबीआई ने आरोप लगाया था कि वानखेड़े और अन्य लोगों ने आर्यन खान को छोड़ने के लिए 25 करोड़ रुपये की मांग की थी। बचाव पक्ष ने कहा कि क्रूज पर छापेमारी कानूनी सूचना के आधार पर की गई थी। यह मामला अक्तूबर 2021 से जुड़ा है, जब आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें क्लीन चिट मिल गई। मामले की सुनवाई जारी है।
पूरी जगन्नाथ मंदिर में कल 48 साल बाद खुलेगा रत्न भंडार
ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने सोमवार को घोषणा की कि पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार के आभूषणों और मूल्यवान वस्तुओं की गणना 25 मार्च से शुरू होगी। 48 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद होने वाली इस प्रक्रिया के लिए वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और 3डी मैपिंग जैसे आधुनिक इंतजाम किए गए हैं। पहली बार गणना कार्य में रत्न विशेषज्ञों (जेमोलॉजिस्ट) और रिजर्व बैंक अधिकारियों के साथ अनुभवी स्वर्णकारों को भी शामिल किया जाएगा।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस अभ्यास का उद्देश्य केवल पारदर्शी दस्तावेजीकरण और सत्यापन है, वस्तुओं का मूल्यांकन नहीं। उन्होंने निर्देश दिया कि इस दौरान मंदिर के दैनिक अनुष्ठान बाधित नहीं होने चाहिए। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा तैयार मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन किया जाएगा। समीक्षा बैठक में रत्न भंडार समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति विश्वनाथ रथ और मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी भी मौजूद रहे।
हैदराबाद: क्यूनेट से जुड़े हजारों करोड़ के फ्रॉड का खुलासा, 32 लोग गिरफ्तार
हैदराबाद सिटी पुलिस ने सोमवार को हांगकांग स्थित क्यूआई ग्रुप की फ्रैंचाइजी क्यूनेट से जुड़े एक बड़े धोखाधड़ी मामले में 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 11 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार के अनुसार, यह गिरोह मल्टी-लेवल मार्केटिंग के जरिये अवैध मनी सर्कुलेशन स्कीम चलाकर देशभर में हजारों करोड़ की ठगी कर रहा था।
सेंट्रल क्राइम स्टेशन की विशेष जांच टीम ने तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और बंगलूरू में एक साथ छापे मारकर यह कार्रवाई की। आरोपी विहान डायरेक्ट सेलिंग प्राइवेट लिमिटेड के नाम से सॉफ्टवेयर इंजीनियरों, गृहिणियों और बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाते थे। उन्हें ई-कॉमर्स और पार्ट-टाइम नौकरी के बहाने होटलों में बुलाकर 5 से 10 लाख रुपये के निवेश पर दो साल में 4 करोड़ रुपये तक के रिटर्न का लालच दिया जाता था। पीड़ितों के निवेश को उनकी जानकारी के बिना धोखाधड़ी स्कीमों और अन्य अवैध व्यावसायिक योजनाओं में लगा दिया जाता था।
2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र: इसरो प्रमुख
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी नारायणन ने सोमवार को विश्वास जताया कि विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप, भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। वे कलकत्ता विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने अंतरिक्ष अनुसंधान में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित देवा प्रसाद पदक से सम्मानित किया। नारायणन ने 1857 में स्थापित कलकत्ता विश्वविद्यालय की विरासत की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर दिया कि विश्वविद्यालयों को नवाचार, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग को निरंतर बढ़ावा देना चाहिए। इस समारोह में शिक्षाविदों, छात्रों और गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भारत के बौद्धिक और वैज्ञानिक परिदृश्य को आकार देने में संस्थानों की भूमिका पर चर्चा भी की गई।
महाराष्ट्र: फार्मा कंपनी में गैस रिसाव, 22 कर्मचारी अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के पालघर में बॉयसर स्थित तारापुर एमआईडीसी की एक फार्मास्युटिकल कंपनी में रविवार दोपहर रासायनिक रिसाव (केमिकल लीक) होने से 22 कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई। यह हादसा दोपहर करीब 1:45 बजे उस समय हुआ, जब एक टैंकर में डाई-मिथाइल सल्फेट (डीएमएस) भरा जा रहा था। कलेक्टर इंदु रानी जाखड़ ने बताया कि टैंकर भरते समय केमिकल ओवरफ्लो होकर जमीन पर गिर गया था। रिसाव को तुरंत रोक लिया गया, लेकिन सफाई और शुद्धिकरण की प्रक्रिया के दौरान निकली जहरीली गैस की चपेट में सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारी आ गए। प्रभावितों ने आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की, जिसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें अधिकारी लाइफलाइन मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीजों की स्थिति अब स्थिर है। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आसपास के इलाकों के लिए कोई जोखिम नहीं है। फिलहाल संबंधित एजेंसियां इस लापरवाही की जांच कर रही हैं।
पश्चिम बंगाल- कांग्रेस नेता थामा भाजपा का दामन
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कोलकाता नगर निगम के वार्ड 45 के पार्षद संतोष पाठक ने सोमवार को भाजपा ज्वाइन कर ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उनका पार्टी में स्वागत किया। माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें चौरंगी सीट से उम्मीदवार बना सकती है, जिससे पार्टी को कोलकाता के मध्य क्षेत्र में मजबूती मिल सकती है।
संतोष पाठक चार बार पार्षद रह चुके हैं और टीएमसी के बढ़ते प्रभाव के बावजूद अपने क्षेत्र में जीत हासिल करते रहे हैं। 2021 के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चौरंगी सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सिर्फ 13% वोट मिले थे। उस चुनाव में टीएमसी की नयना बंदोपाध्याय ने 62% वोट लेकर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 22% वोट मिले थे। इस बार भी टीएमसी ने नयना को ही उम्मीदवार बनाया है। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
एसआईआर: पूरक मतदाता सूची जारी करने में हुई देरी
पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के "निर्णय के अधीन" श्रेणी के मतदाताओं की पूरक सूची, जिसे सोमवार शाम को प्रकाशित किया जाना था, रात 10.15 बजे तक जारी नहीं की गई। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने इससे पहले पत्रकारों को बताया था कि पूरक सूची रात करीब 9.30 बजे जारी की जाएगी। 60 लाख से अधिक मतदाताओं को "विचाराधीन" श्रेणी में रखा गया है, और उनके भाग्य का फैसला न्यायिक अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। सीईओ ने कहा कि चल रही संशोधन प्रक्रिया के तहत अब तक लगभग 29 लाख नामों पर कार्रवाई की जा चुकी है।