भारत ने पाकिस्तान के सैन्य एवं असैन्य विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद रखने की समयसीमा बढ़ाकर 24 अक्तूबर तक कर दी है। पाकिस्तान ने भी 24 अक्तूबर तक भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद अप्रैल से ही दोनों देशों ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपने-अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर रखा है। भारत और पाकिस्तान दोनों ने हवाई क्षेत्र बंद रखने की अवधि बढ़ाने संबंधी नोटिसेज टु एयरमेन (एनओटीएएम) जारी किया है।
टैक्सी ड्राइवर की हत्या मामले में चार गिरफ्तार
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के बाहर एक टैक्सी ड्राइवर की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय बिद्याधर साहू के रूप में हुई है, जो खुर्दा जिले के अरंगा गांव का रहने वाला था। उसकी लाश चंडका थाना क्षेत्र में स्थित पिटापल्ली-बरंगा रोड के पास जूझागड़ा गांव के पास मिली थी। मामले में पुलिस के अनुसार, साहू पर आरोप है कि उसने कुछ लोगों से सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये और शैक्षणिक प्रमाणपत्र लिए थे। जब पीड़ितों को शक हुआ कि उन्हें ठगा गया है, तो 15 सितंबर को उन्होंने साहू का अपहरण कर लिया और जबरन जाजपुर ले गए। आरोपियों ने साहू की पत्नी से 1.5 करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी थी।
बंधक बनाकर रखा, फिर खुदकुशी
पुलिस कमिश्नर एस. देव दत्ता सिंह ने बताया कि साहू को जाजपुर के एक घर में बंदी बनाकर रखा गया था, जहां उसने 19 सितंबर को कथित रूप से आत्महत्या कर ली। इसके बाद आरोपियों ने उसकी लाश को ठिकाने लगा दिया और उसकी टैक्सी को चंडका क्षेत्र में छोड़ दिया।
असम बीटीसी चुनाव में 77.75% मतदान, शांतिपूर्ण तरीके से हुआ मतदान
असम के बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) चुनाव में सोमवार को 26.58 लाख मतदाताओं में से करीब 77.75% ने मतदान किया। यह चुनाव बोडोलैंड क्षेत्रीय क्षेत्र (BTR) के पांच जिलों — कोकराझार, बाक्सा, चिरांग, उदालगुड़ी और तमुलपुर में हुआ। चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, किसी भी मतदान केंद्र से हिंसा या गड़बड़ी की कोई खबर नहीं आई। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “असम के इतिहास में पहली बार इतना शांतिपूर्ण काउंसिल चुनाव हुआ है, एक भी गोली नहीं चली।
बता दें कि इस बार कुल 316 उम्मीदवार मैदान में हैं और मतदान 40 सीटों के लिए हुआ। इनमें से 30 सीटें अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के लिए आरक्षित हैं, पांच सीटें गैर-ST के लिए और बाकी 5 सीटें सभी वर्गों के लिए खुली हैं। बीटीसी प्रमुख प्रमोद बोरो ने तमुलपुर जिले के गोइबारी में मतदान किया, जबकि बीपीएफ प्रमुख हग्रामा मोहिलारी ने कोकराझार में देवर्गांव हाई स्कूल में वोट डाला। इस बार भाजपा ने BTC चुनाव पहली बार अकेले लड़ने का फैसला किया है, जबकि यूपीपीएल (यूपीपीएल) और बीपीएफ (बीपीएफ) भी मुकाबले में हैं।
कस्टडी में मौत के मामले में चौद्वार थाने के एसीपी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
कटक जिले के चौद्वार थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की कथित पुलिस कस्टडी में मौत के मामले में तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सस्पेंड किए गए अधिकारियों में चौद्वार थाने के प्रभारी एसीपी बिष्णु रंजन साहू, सब-इंस्पेक्टर निरंजन गोडा और कांस्टेबल कमल लोचन माझी शामिल हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल निलंबन का आदेश दिया गया।
क्या है मामला?
धनकनाल ज़िले के रहने वाले रसानंद नायक को हाल ही में वाहन चोरी के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया था। पुलिस का दावा है कि उसके खिलाफ बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं। लेकिन रसानंद के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि थाने में उसे थर्ड डिग्री टॉर्चर (बेहद कठोर शारीरिक यातना) दी गई, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।
रसानंद के भाई ने मीडिया से कहा कि मैंने खुद देखा कि तीन पुलिसकर्मी मेरे भाई को पीट रहे थे।" उनकी पत्नी ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। रसानंद को गंभीर हालत में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसकी मौत हो गई। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, मामला बढ़ता देख मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषी अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
तमिलनाडु में 24 अक्तूबर से शुरू होगा विधानसभा सत्र
तमिलनाडु का विधानसभा सत्र 14 अक्तूबर से शुरू होगा। मुख्यमंत्री सचिवालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी।
कर्नाटक में भीड़ ने प्रतिबंधित मांस ले जा रहे वाहन को जलाया
कर्नाटक की कागवाड़ तालुका के ऐनापुर कस्बे में सोमवार रात एक ट्रक को कथित तौर पर स्थानीय लोगों ने आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि यह ट्रक कथित रूप से अवैध तरीके से प्रतिबंधित मांस लेकर पड़ोसी राज्य तेलंगाना जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, यह ट्रक रायबाग तालुका के कुदाची कस्बे से हैदराबाद की ओर जा रहा था। रास्ते में सिद्धेश्वर मंदिर के पास स्थानीय लोगों ने उसे रोक लिया। जब उन्होंने वाहन की तलाशी ली तो उसमें प्रतिबंधित मांस पाया गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक को मौके पर ही आग लगा दी। जब तक बेलगावी दमकल विभाग और उगार शुगर फैक्ट्री से दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।
इस मामले में गोवंश वध निषेध कानून और लूटपाट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गोहत्या रोकथाम कानून और पशु क्रूरता निषेध कानून के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
पटना में होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल कहते हैं कि हम पटना में (सीडब्ल्यूसी बैठक) कर रहे हैं। कई मुद्दों पर चर्चा होनी है। वोट चोरी के खिलाफ एक राष्ट्रीय आंदोलन चल रहा है। पूरे देश में हस्ताक्षर अभियान चल रहा है। इसलिए, हमें कई अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा करनी है। बेशक, बिहार चुनाव चर्चा का विषय होगा। जीएसटी सुधारों पर उन्होंने कहा कि पिछले आठ साल से कांग्रेस, पूरा विपक्ष, जीएसटी मानदंडों में बदलाव के लिए संघर्ष कर रहा है। अभी भी लोगों को नहीं पता कि इससे आम लोगों और गरीब एमएसएमई को क्या फायदा होगा। देखते हैं क्या होता है?
हिरासत में मौत मामले में एसीपी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
वाहन चोरी के मामले में पकड़े गए एक व्यक्ति की हिरासत में मौत को लेकर एसीपी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, चौद्वार थाने के प्रभारी एसीपी विश्व रंजन साहू को थाने में हिरासत में मौत की सूचना मिलने के बाद निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में उप-निरीक्षक निरंजन गोडा और कांस्टेबल कमल लोचन माझी को पहले ही काम में लापरवाही के आरोप में हटाया गया है यह कार्रवाई ढेंकनाल जिले के निवासी रसानंद नायक की मौत के बाद की गई। इसे वाहन चोरी के एक मामले में चौद्वार पुलिस थाने में हिरासत में लिया गया था।
नायक पर पहले भी मोटरसाइकिल चोरी के आरोप थे। उसे हाल ही में पुलिस ने पकड़ा था और थाने में हिरासत में रखा था। मृतक के भाई ने दावा किया, पुलिस थाने में उसके भाई को की थर्ड-डिग्री प्रताड़ना दी गई, इससे आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि नायक को गंभीर हालत में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार दोपहर लगभग 12.30 बजे उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने थाने में तीन पुलिसकर्मियों को अपने भाई के साथ मारपीट करते देखा था।
सीबीआई ने आईडीबीआई के पूर्व डिप्टी एमडी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला बंद किया
सीबीआई ने आईडीबीआई बैंक के पूर्व उप प्रबंध निदेशक बी के बत्रा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला बंद कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि बत्रा भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या की बंद हो चुकी किंगफिशर एयरलाइंस के खिलाफ 950 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले में भी जांच के घेरे में हैं। सीबीआई ने एयरलाइंस को दिए गए ऋण के संबंध में गिरफ्तारी के एक साल बाद 2018 में बत्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उन पर एक जनवरी 2008 से 30 जुलाई 2016 के बीच बैंक में मुख्य महाप्रबंधक कार्यकारी निदेशक और उप प्रबंध निदेशक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान कथित तौर पर 1.69 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। केंद्रीय एजेंसी ने बत्रा की संपत्ति की जांच तब शुरू की थी जब बैंक से उनकी सेवानिवृत्ति से पहले उनके बैंक खाते में 60 लाख रुपये की क्रेडिट प्रविष्टियां पाई गई थीं। यह रकम गुरुग्राम के एक निवासी द्वारा हस्तांतरित की गई थी। जांच के दौरान सीबीआई को पता चला कि बत्रा ने अपना फ्लैट गुरुग्राम निवासी को बेचा था और इसकी बिक्री के लिए उन्हें 60 लाख रुपये की एडवांस रकम मिली थी। सीबीआई ने मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करने का निर्णय लिया, जिसे हाल ही में एक विशेष अदालत ने स्वीकार कर लिया।
विशाखापत्तनम घोषणापत्र भारत के डिजिटल परिवर्तन का रोडमैप: केंद्र
भारत के डिजिटल परिवर्तन का रोडमैप विशाखापत्तनम घोषणापत्र होगा। इस घोषणापत्र का मुख्य लक्ष्य ई-गवर्नेंस को देश के हर कोने तक पहुंचाना है। केंद्र सरकार और आंध्र प्रदेश सरकार की ओर से मंगलवार को विशाखापत्तनम में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन में इसकी घोषणा की गई। इस घोषणापत्र का मुख्य लक्ष्य ई-गवर्नेंस को उन क्षेत्रों में भी पहुंचाना है, जहां अब भी इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या है। जैसे-पूर्वोत्तर और लद्दाख। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि, इसके लिए नेशनल ई-गवर्नेंस सर्विसेज डिलीवरी असेसमेंट (एनईएसडीए) के तहत जरूरी डिजिटल सेवाओं को बढ़ाना होगा। घोषणापत्र में यह भी कहा गया कि सरकार को पूरे सरकारी तंत्र को डिजिटल रूप से मजबूत बनाना चाहिए। मतलब सरकारी कर्मियों को डिजिटल काम करने की ट्रेनिंग दी जाएगी और कामकाज को डाटा आधारित बनाया जाएगा। सम्मेलन का विषय- विकसित भारत: सिविल सेवा और डिजिटल परिवर्तन था, जो विकसित भारत 2047 और न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप है। बताया गया कि एआई, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन और डाटा एनालिटिक्स जैसी नई तकनीकें पारदर्शी, टिकाऊ और नागरिक-केंद्रित शासन का आधार बनेंगी। यह घोषणापत्र आगामी वर्षों के लिए भारत की डिजिटल शासन रणनीति की दिशा तय करता है, जिसका मुख्य जोर समावेश, सुरक्षा और नवाचार पर है, ताकि हर नागरिक को सशक्त बनाया जा सके और सेवाओं को बेहतर ढंग से पहुंचाया जा सके।
महिलाओं को वहां उम्मीदें, जहां राज्य धर्मनिरपेक्ष: तस्लीमा नसरीन
निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका और नारीवादी कार्यकर्ता तस्लीमा नसरीन ने कहा कि महिलाओं को वहां उम्मीदें हैं जहां राज्य धर्मनिरपेक्ष है। अगर महिलाओं के लिए सच्ची समानता हासिल करनी है तो राज्य को धर्म से अलग करने की जरूरत है। नारीवाद कोई पश्चिमी संस्कृति नहीं है। वह अपने अनुभव से प्रभावित हैं। भुवनेश्वर में एक कार्यक्रम में नसरीन ने कहा कि विश्व में संघर्ष दो विचारों के बीच है, पहला धर्मनिरपेक्षता और कट्टरवाद, दूसरा तर्कसंगत, तार्किक सोच और अतार्किक, अंधविश्वास। मैं अब भी मानती हूं कि अगर हममें सवाल पूछने का साहस हो तो बदलाव संभव है। शासन में धार्मिक प्रभाव का सभी समुदायों की महिलाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।