अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर अगले सप्ताह भारत दौरे पर आएंगे। वह 23 और 24 जून को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ अंतरिम व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि 22 जून को भारत पहुंचने वाले हैं। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि उनकी अपेक्षा है कि बातचीत का केंद्र उस फ्रेमवर्क समझौते को अंतिम रूप देना होगा, जिस पर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की हालिया यात्रा के दौरान चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भी चर्चा करेंगे, जिस पर लगातार वार्ता चल रही है। इससे पहले 2 से 4 जून के बीच अमेरिका के मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में अमेरिकी टीम ने भारतीय अधिकारियों के साथ समझौते को अंतिम रूप देने पर बातचीत की थी। 5 जून को पीयूष गोयल ने कहा था कि भारत और अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के सभी लंबित मुद्दों को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे और द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अगले महीने के मध्य तक लागू किए जाने की संभावना है। अग्रवाल ने कहा कि भारत, अमेरिकी सेक्शन 301 जांचों के मुद्दे पर भी अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है।
अभिषेक बनर्जी के करीबी के खिलाफ अदालत का गिरफ्तारी वारंट
पश्चिम बंगाल के कथित भूमि घोटाले में तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित रॉय के खिलाफ अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। पुलिस का कहना है कि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे और कई प्रयासों के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। रॉय ने अग्रिम जमानत के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया है। मामले की जांच फिलहाल जारी है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, भूमि घोटाले के मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके पूर्व मेदिनीपुर विधायक सुजय हाजरा से पूछताछ के दौरान सुमित रॉय का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले में उनकी भूमिका की जांच शुरू की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कथित भूमि सौदों और वित्तीय लेन-देन में उनकी क्या भूमिका रही।
कर्नाटक: मैसूर में पब में आग लगने से दो की मौत, सात घायल
कर्नाटक के मैसूर में एक पब में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। सरस्वतीपुरम दमकल स्टेशन को दोपहर सवा तीन बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया और 15 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
संभागीय दमकल अधिकारी रंगनाथ ने बताया कि किचन में मौजूद दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हैदराबाद में अभिनेत्री की शिकयात पर कास्टिंग एजेंट पर मामला दर्ज
हैदराबाद में एक फिल्म अभिनेत्री की शिकायत पर एक कास्टिंग एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि एजेंट ने फिल्म में काम दिलाने के बाद उसका 90 हजार रुपये का पारिश्रमिक नहीं दिया। अभिनेत्री का कहना है कि आरोपी ने भुगतान करने के बहाने उसे एक स्थान पर बुलाया और कार में उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। यह घटना जनवरी 2026 की बताई जा रही है, जबकि शिकायत 12 जून को दर्ज कराई गई। पुलिस ने बंजारा हिल्स थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को पूछताछ के लिए जल्द तलब किया जाएगा।
राजस्थान के अजमेर शहर के मखुपुरा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार की देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड के कर्मचारी युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। फायर ऑफिसर गौरव तंवर ने बताया कि आग पर नियंत्रण पाने की पूरी कोशिश की जा रही है। दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगी हुई हैं। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मैसूर के रेस्टो-पब में लगी भीषण आग: दो लोगों की दर्दनाक मौत, सात गंभीर रूप से झुलसे
कर्नाटक के मैसूर में डत्तगल्ली के नेताजी सर्कल के पास स्थित एक प्रीमियम दो-मंजिला रेस्टो-पब में सोमवार को शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें झुलसकर साहिल और प्रकाश नामक दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त पब में 25 से अधिक लोग मौजूद थे और अंदर गाढ़ा धुआं भरने के कारण मची अफरा-तफरी के बीच कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी, जिसके बाद दमकल विभाग के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, वहीं पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है और सभी गंभीर घायलों को तुरंत नजदीकी सुयोग और अपोलो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
टीडीबी के पूर्व अध्यक्ष पद्मकुमार को माकपा ने पार्टी से किया निलंबित
केरल के सबरीमला मंदिर से सोना चोरी मामले में एसआईटी की कार्रवाई के बाद माकपा ने सोमवार को त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के पूर्व अध्यक्ष ए पद्मकुमार को पार्टी से निलंबित कर दिया। यह जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता टीएम थॉमस इसाक ने दी। पद्मकुमार को एसआईटी ने उनके कार्यकाल के दौरान मंदिर की कलाकृतियों से सोने की परत वाली प्लेटों को इलेक्ट्रोप्लेटिंग के लिए भेजने की अनुमति देने में उनकी भूमिका के लिए गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद माकपा ने उनके पार्टी गतिविधियों में शामिल होने पर रोक लगा दी थी और उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। बाद में राज्य समिति ने इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई का फैसला करने की जिम्मेदारी पतनमतिट्टा जिला समिति को सौंपी थी।
थॉमस इसाक और विधायक साजी चेरियन जैसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई जिला समिति की बैठक के बाद, इसाक ने पत्रकारों को बताया कि पद्मकुमार का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके कारण उन्हें पार्टी के सभी पदों से निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईटी की ओर से चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद पद्मकुमार से और विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय होगी।
नीट री-एग्जाम 2026 पर गृह मंत्रालय की बड़ी बैठक, गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्यों के साथ की हाई-लेवल समीक्षा
केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, गृह सचिव गोविंद मोहन ने आज राज्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर नीट (यूजी) री-एग्जामिनेशन 2026 की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। इस हाई-लेवल बैठक में राज्यों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के ऐसे चाक-चौबंद इंतजाम किए जाएं जिससे पूरी प्रक्रिया की गोपनीयता और शुचिता बनी रहे और धांधली की कोई गुंजाइश न बचे। इसके साथ ही, सरकार का सबसे बड़ा जोर छात्रों की सुविधा पर है, जिसके तहत स्थानीय प्रशासन को केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं जुटाने, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने और परीक्षार्थियों को हर संभव मदद देने को कहा गया है ताकि किसी भी छात्र को परेशानी का सामना न करना पड़े।
शाहजहां शेख ने जमीनों पर कब्जा कर जुटाई 5 करोड़ की काली कमाई
पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित संदेशखाली जमीन कब्जा मामले में कोलकाता की विशेष ईडी अदालत ने तृणमूल कांग्रेस से निलंबित नेता शाहजहां शेख और उसके तीन सहयोगियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए। अदालत ने मामले में सात जुलाई से गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। ईडी के अनुसार, शाहजहां के अलावा आलमगीर, शिवप्रसाद हाजरा और दीदार बख्श मोल्ला के खिलाफ भी आरोप तय किए गए हैं। इन पर स्थानीय लोगों को धमकाकर और दबाव बनाकर उनकी जमीनों पर कब्जा करने का आरोप है। मामले की सुनवाई के दौरान विशेष अदालत को बताया गया कि अभियोजन पक्ष ने कुल 30 गवाहों को सूचीबद्ध किया है। अब सात जुलाई से इन गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे। शाहजहां राष्ट्रीय स्तर पर उस समय चर्चा में आया था जब जनवरी 2024 में राशन घोटाले की जांच के सिलसिले में उसके ठिकाने पर छापे के दौरान ईडी टीम पर हमला हुआ था।
केंद्र का सुझाव कम वक्त में तैयार फसल उगाएं किसान
केंद्र सरकार ने राज्यों को अलनीनो से बचाव के लिए कम वक्त में तैयार होने वाली फसलों की बुवाई करने की सलाह दी है। केंद्र ने यह सलाह अल नीनो प्रभावित 11 राज्यों की सोमवार को हुई अहम बैठक के बाद केंद्रीय शुष्क भूमि अनुसंधान संस्थान (क्रेडा) के सुझाव पर दी है। इसमें कहा गया प्रभावित जिलों में किसानों को खरीफ बुवाई में जल्द तैयार होने वाली फसलों के साथ बागवानी, अल्पकालिक उपज देने वाली फसलों के साथ कृषि विविधीकरण को अपनाना चाहिए, ताकि उनकी आय पर नकारात्मक असर कम पड़े। बैठक में राज्यों को सुझाव दिया गया है कि वह तूर (अरहर की दाल) की 210 दिन में तैयार होने वाली किस्म और सोयाबीन की 88 से 90 दिन में तैयार होने वाली किस्म के साथ कपास की बुवाई में कीटों से बचाव के लिए एहतियात बरते। बैठक में सरकार की उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उड़ीसा, कर्नाटक गुजरात और छत्तीसगढ़ के साथ आगामी मौसमी हालात पर बातचीत हुई। दरअसल, इन राज्यों में 197 जिलों में अल नीनो की वजह से खरीफ बुवाई पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। यह पहला मौका है जब कृषि पर आपदा बनकर गिरने वाले अलनीनो से बचाव के लिए केंद्र और राज्य मिलकर रणनीति के तहत काम कर रहे हैं। इसके लिए अब तक दो बैठकें हुई हैं। इसके अलावा लगातार फसल निगरानी समूह, संकट प्रबंधन समूह ,मौसम विभाग के साथ सूखा निगरानी प्रकोष्ठ राज्यों के साथ मिलकर हालात की समीक्षा कर रहे हैं।
नाथू ला से कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू श्रद्धालुओं का पहला जत्था गंगटोक पहुंचा
करीब पांच वर्षों के अंतराल के बाद नाथू ला दर्रे के रास्ते शुरू हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा के तहत 44 तीर्थयात्रियों का पहला जत्था सोमवार को सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहुंच गया। यहां सिक्किम पर्यटन विकास निगम (एसटीडीसी) के अध्यक्ष लुकेंद्र रासाइली और उप महाप्रबंधक अमित कपिल छेत्री ने उनका स्वागत किया। पहले जत्थे में दो संपर्क अधिकारी और एक चिकित्सा अधिकारी सहित कुल 44 सदस्य शामिल हैं। इनमें 32 पुरुष और 12 महिलाएं हैं, जो बिहार, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए हैं। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार सभी तीर्थयात्रियों को ऊंचाई वाले क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुकूल बनाने के लिए गंगटोक, 15वीं माइल और शेराथांग में चार दिन का अनुकूलन कार्यक्रम कराया जाएगा। इसके बाद 20 जून को यह जत्था नाथू ला दर्रे के रास्ते चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र स्थित ग्यांत्से के लिए रवाना होगा, जो कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख ट्रांजिट केंद्र है। नाथू ला मार्ग से कैलाश मानसरोवर यात्रा को सामरिक और धार्मिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जाता है। इस मार्ग के दोबारा खुलने से देशभर के श्रद्धालुओं को एक बार फिर सिक्किम के रास्ते पवित्र कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील के दर्शन का अवसर मिलेगा।