फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज डायरी: कर्नाटक कैबिनेट का बड़ा फैसला, तुलु भाषा को मिला दूसरी अतिरिक्त प्रशासनिक भाषा का दर्जा

Fri, 18 Sep 2026 10:23 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
विज्ञापन
देश की बड़ी खबरें - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने तुलु को राज्य की दूसरी अतिरिक्त भाषा के रूप में मान्यता देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य रूप से दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों में बोली जाने वाली तुलु भाषा में शैक्षिक और सांस्कृतिक विकास की काफी संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से साझा किए गए मंत्रिमंडल के नोट में कहा गया है कि यह ‘दूसरी अतिरिक्त प्रशासनिक भाषा’ होगी।
विज्ञापन


शिवकुमार ने यह भी कहा कि राज्य सरकार तटीय कर्नाटक के लिए अलग पर्यटन नीति लाएगी, क्योंकि यहां लंबा समुद्री तट, समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक एवं विरासत स्थल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने 32,611 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इनमें 16,000 करोड़ रुपये ग्रामीण विकास और इतनी ही राशि तटीय क्षेत्र के लिए निर्धारित की गई है।

यूपीआई एमडीआर विवाद, कांग्रेस करेगी देशव्यापी प्रदर्शन
यूपीआई पर एमडीआर चार्ज को लेकर कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन का एलान किया है। इसे लेकर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अहम बैठक भी की है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिकी भुगतान कंपनियों के दबाव में घुटने टेक दिए हैं और भारत के लोगों की गाढ़ी कमाई को लूटने के लिए भुगतान शुल्क पर कर लगाकर उन्हें सजा दे रही है, इसलिए पार्टी जनता की इस लड़ाई को जनता के साथ लड़ेंगी। इसके तहत पार्टी जन आंदोलन करने की तैयारी कर रही है और जल्द ही इसकी व्यापक रूपरेखा साझा करेगी। इसमें ब्लॉक से लेकर संसद तक आंदोलन चलेगा। नुक्कड़ सभाएं होंगी। ज्ञापन अभियान चलाकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। कांग्रेस दुकानदारों और लोगों को सरकार की इस लूट पर जागरूक करेगी। 
विज्ञापन


तेलंगाना: ड्यूटी के बाद सर्विस रिवॉल्वर साफ करते समय चली गोली, इंस्पेक्टर की मौत
तेलंगाना के निजामाबाद जिले में शुक्रवार को सर्विस रिवॉल्वर से गलती से गोली चलने से एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई। यह घटना निजामाबाद जिला पुलिस मुख्यालय में हुई। पुलिस के अनुसार, आरक्षित निरीक्षक एच. सतीश ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी सर्विस रिवॉल्वर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक रिवॉल्वर से गोली चल गई और गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही सतीश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी जनरल अस्पताल भेज दिया है। मामले में केस दर्ज कर यह जांच शुरू कर दी गई है कि रिवॉल्वर से गोली किन परिस्थितियों में चली। शुरुआत में आशंका जताई गई थी कि आरक्षित निरीक्षक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है, लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि हथियार की सफाई के दौरान दुर्घटनावश गोली चल गई थी।

हाल के महीनों में तेलंगाना पुलिस के कुछ कर्मियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं ने विभाग की चिंता बढ़ाई है। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस (10 सितंबर) के अवसर पर पुलिस महानिदेशक सीवी आनंद ने राज्य के करीब 93 हजार पुलिसकर्मियों से अपील की थी कि वे आर्थिक या व्यक्तिगत समस्याओं के कारण आत्महत्या जैसा कदम न उठाएं।

डीजीपी ने पुलिसकर्मियों से शराब, नशे और ऑनलाइन सट्टेबाजी से दूर रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में परिवार, सहकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मदद लेने की अपील की थी। विभागीय जांच में पिछले चार महीनों में आत्महत्या करने वाले दो पुलिसकर्मियों के मामलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी से बढ़ा कर्ज प्रमुख कारण पाया गया था।





 

वीबी- जी राम जी में फर्जीवाड़े पर मंत्री शिवराज सिंह सख्त, बोले- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को विकसित भारत जी राम जी- वीबी-जी राम जी पर राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित किया और योजना में धांधलियों की शिकायत पर अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा इस योजना में फर्जीवाड़ा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। जो गड़बड़ करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। केंद्र के संज्ञान में इस योजना में भी फर्जीवाड़े की शिकायतें आ रही है। चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि सभी सीईओ और कमिश्नर सुनिश्चित करें कि योजना में किसी भी स्तर पर सेंध न लगे, क्योंकि योजना का मकसद मजदूर को 125 दिन काम और इससे गांव विकास पर फोकस रहेगा। इसके लिए उन्हें ही जवाबदेही करनी होगी। उन्होंने कहा कि जहां काम सही है वहां अभिनंदन होगा, जहां गड़बड़ी मिलेगी वहां शुरुआत में ही कार्रवाई होगी ताकि आगे हिम्मत न हो।
विज्ञापन

तेलंगाना: गर्भवती यूट्यूबर पत्नी की हत्या के आरोपी की चाकू मारकर हत्या, साले ने लिया बदला
तेलंगाना के निजामाबाद जिले में अपनी गर्भवती यूट्यूबर पत्नी की हत्या के आरोपी 25 वर्षीय सी हरिबाबू की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि हरिबाबू पर गुरुवार को हमला हुआ था, जिसके बाद उसने दम तोड़ दिया। हरिबाबू खुद भी एक यूट्यूबर था। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह हत्या बदले की नीयत से की गई है। हरिबाबू के साले ने अपनी बहन की हत्या का बदला लेने के लिए यह कदम उठाया। हरिबाबू इसी साल मार्च में जगतियाल जिले में अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल गया था। उस पर अपनी गर्भवती पत्नी का गला घोंटने और चेहरे पर चाकू से वार करने का आरोप था। मृतका के पिता ने पति, सास और उसके भाई पर दहेज प्रताड़ना का केस भी कराया था। हरिबाबू फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा था। वारदात के बाद आरोपी साला कार से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटना के बाद आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें उसने भावुक होकर कहा कि उसने अपनी बहन के कातिल को मार डाला है। उसने अपने परिवार और बच्चों का हवाला देते हुए अदालत से कम सजा दिलवाने के लिए जनता से समर्थन मांगा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें