फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: केरल में जलापूर्ति बाधित, स्कूलों में छुट्टी का एलान; मुडा मामले में सुनवाई 12 सितंबर तक टली

Mon, 09 Sep 2024 11:11 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
13 अप्रैल की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
केरल की राजधानी में जलापूर्ति बाधित होने के कारण राज्य सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। तिरुवनंतपुरम जिला कलेक्टर ने नगर निगम सीमा के अंतर्गत सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि, कॉलेजों में चल रही प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। गौरतलब है कि तिरुवनंतपुरम-नागरकोइल रेलवे लाइन पर ट्रैक दोहरीकरण किया जा रहा है। इस कारण पाइपलाइनों को नए सिरे से बिछाना पड़ रहा है। इस कारण पिछले कुछ दिनों से शहर के कुछ हिस्सों में जलापूर्ति बाधित है।
विज्ञापन


सीजीएसटी अधीक्षक समेत तीन लोग घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई में सीजीएसटी अधीक्षक सचिन गोकुलका समेत तीन लोगों को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने कारोबारी से 60 लाख रुपये की रिश्वत मांगी व दबाव बनाने के लिए 18 घंटे तक उसे सीजीएसटी दफ्तर में बंधक बनाकर रखा। सीबीआई ने मुंबई में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) की कर चोरी निरोधक शाखा में तैनात छह अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें अतिरिक्त आयुक्त दीपक शर्मा, संयुक्त आयुक्त राहुल कुमार व चार अधीक्षक गोकुलका, बिजेंद्र जनवा, निखिल अग्रवाल, नितिन कुमार गुप्ता शामिल हैं। गोकुलका के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट राज अग्रवाल और एक अन्य अभिषेक मेहता को गिरफ्तार किया गया। 

हवाला के जरिये तीस लाख देने पर छोड़ा:
सीबीआई के मुताबिक, कारोबारी के चचेरे भाई ने हवाला के जरिये 30 लाख रुपये की रकम भेजी, जिसके बाद कारोबारी को छोड़ा गया। जांच एजेंसी ने पहले सीए को 20 लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा। फिर, गोकुलका को बुलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन


उपराष्ट्रपति धनखड़ बोले-एनईपी गेमचेंजर, राज्यों को करना चाहिए पुनर्विचार
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने देशवासियों से छह महीने में कम से कम एक व्यक्ति और साल में दो लोगों को साक्षर बनाने का आह्वान किया। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के मौके पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए नागरिकों का साक्षर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति एक गेमचेंजर है। जिन राज्यों ने इसे अभी तक नीति नहीं अपनाया है, उन्हें अपने रुख पर पुनर्विचार करना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए धनखड़ ने उन लोगों के प्रति आगाह किया जो भारत की संस्थाओं को कलंकित और अपमानित करते हैं। उन्होंने लोगों से उन गुमराह लोगों को रोशनी दिखाने का आग्रह किया जो देश के प्रभावशाली विकास को स्वीकार नहीं करना चाहते। उपराष्ट्रपति ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम 100% साक्षरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता और जुनून के साथ मिशन मोड में काम करें। उन्होंने कहा, शिक्षा एक ऐसी चीज है जिसे कोई चोर आपसे नहीं छीन सकता। 

सूरत में गणेशोत्सव के दौरान पथराव
गुजरात के सूरत में गणेशोत्सव के दौरान पथराव की खबरें सामने आने के बाद रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात सूरत में विरोध-प्रदर्शन हुए। फर्जी अधिकारी को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया
गुजरात के अहमदाबाद में क्राइम ब्रांच ने 34 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स की पहचान भरत छाबड़ा के रूप में हुई है। छाबड़ा पर आरोप है कि उसने केंद्रीय एजेंसी का अधिकारी बनकर कई लोगों से कथित तौर पर धोखाधड़ी की। मणिपुर सीएम बीरेन बोले, कुकी समूहों की मांगें न माने केंद्र
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को राज्यपाल के लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को राज्य की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए कदम उठाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से कुकी समूहों की तरफ से उठाई गई एक अलग प्रशासन की मांग को न मानने का आग्रह भी किया व दो कुकी उग्रवादी संगठनों से समझौता रद्द करने की मांग की। सूत्रों के मुताबिक विधानसभा के स्पीकर और 20 से अधिक  विधायकों के साथ राजभवन पहुंचे सीएम ने कहा है कि केंद्र को मणिपुर में चुनी हुई सरकार को पर्याप्त शक्ति देनी चाहिए। 

आगरा में सामाजिक न्याय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय  उत्तर प्रदेश के आगरा में दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित कर रहा है। सोमवार-मंगलवार के इस आयोजन में देशभर में चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। मंत्रालय के मुताबिक योजनाओं के कार्यान्वयन के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर सामंजस्य और समन्वय को बढ़ावा दिया जाएगा। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सामाजिक न्याय विभागों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और नीति निर्माता शरीक होंगे। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विजन 2047' के अनुरूप रणनीति विकसित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

तमिलनाडु: ट्रैक्टर पलटने से तीन लड़कों की मौत
तमिलनाडु की थेनी पुलिस ने बताया कि सोमवार को इस जिले में 14 साल के तीन लड़कों की मौत हो गई, जब वे ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक इस हादसे के दौरान ट्रैक्टर पलटकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। पीड़ितों की पहचान विशाल, निवास और किशोर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वे विनायक प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि यह हादसा जिले के देवराम में हुआ। पीड़ितों की मौके पर ही मौत हो गई।

कर्नाटक: हाईकोर्ट ने सीएम सिद्धारमैया की याचिका पर सुनवाई 12 सितंबर तक टाली
कर्नाटक हाईकोर्ट ने सोमवार को मुडा मामले में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की याचिका पर सुनवाई को 12 सितंबर तक के लिए टाल दिया। इस याचिका में सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत की ओर से उनके खिलाफ दी गई मुकदमा चलाने की अनुमति की वैधता को चुनौती दी है। कोर्ट ने अगस्त 19 के अंतरिम आदेश को भी बढ़ा दिया, जिसमें जनप्रतिनिधियों की विशेष अदालत को मामले में शिकायतों की सुनवाई को अगले तारीख तक टालने का निर्देश दिया गया था।

हिंदी की स्वीकार्यता बढ़ाने की जरूरत: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश में हिंदी की स्वीकार्यता बढ़ाने की जरूरत है। राजभाषा की संसदीय समिति को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई शिक्षा नीति में प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में दिए जाने पर जोर दिया है। मातृभाषा में बुनियादी शिक्षा मिलने पर बच्चे कई भाषाओं से जुड़ते हैं। शाह ने कहा कि किसी भी भारतीय भाषा के साथ प्रतिस्पर्धा किए बिना हिंदी की स्वीकार्यता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हिंदी अब एक तरह से रोजगार और तकनीक से जुड़ गई है। भारत सरकार आधुनिक तकनीक को हिंदी के साथ जोड़ने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। नई शिक्षा नीति में सभी भारतीय भाषाओं को महत्व देने का संकल्प लिया गया है और संसदीय समिति इसे और आगे ले जाएगी। गृह मंत्री ने कहा कि आज़ादी के 75 वर्षों के बाद ये बहुत जरूरी है कि देश का शासन देश की भाषा में चले और इसके लिए कई प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्रियों के एम मुंशी और एन जी आयंगर ने बहुत सारे लोगों से विचार-विमर्श करके ये तय किया था कि हिंदी को राजभाषा के रूप में स्वीकार करने और इसे सरकारी कामकाज में आगे बढ़ाने के क्रम में किसी भी स्थानीय भाषा के साथ हिंदी की स्पर्धा न हो। शाह ने कहा कि राजभाषा विभाग इस प्रकार का सॉफ्टवेयर बना रहा है जिससे आठवीं अनुसूची की सभी भाषाओं का अपने आप तकनीकी आधार पर अनुवाद हो जाए। इसे कामकाज में हिंदी की बहुत तेज गति से स्वीकृति होगी और विकास होगा।
विज्ञापन

पॉक्सो मामले में येदियुरप्पा के खिलाफ की सुनवाई 19 सितंबर को
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ पॉक्सो मामले को रद्द करने की अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई 19 सितंबर तक स्थगित कर दी। अदालत ने मामले की जांच कर रहे आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को वरिष्ठ भाजपा नेता को गिरफ्तार करने से रोकने के अपने अंतरिम आदेश को भी बढ़ा दिया। न्यायमूर्ति एम नागप्रसन्ना ने कहा वकील प्रोफेसर रवि वर्मा कुमार को राज्य सरकार ने मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है। वकील अशोक नाइक ने दलील दी कि यदि दस दिन का समय दिया जाता है तो वरिष्ठ वकील को जानकारी दी जाएगी। प्रतिवादी के वकील के अनुरोध पर इस मामले को 19 सितंबर को सूचीबद्ध किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अगली सुनवाई तक अंतरिम आदेश/सुरक्षा जारी रहेगी। सीआईडी ने 27 जून को फास्ट ट्रैक अदालत में मामले में आरोपपत्र दाखिल किया। येदियुरप्पा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच कर रही सीआईडी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने और तीन अन्य आरोपियों ने कथित पीड़िता और उसकी मां को चुप रहने के लिए पैसे दिए थे। येदियुरप्पा ने आरोप से इन्कार किया है और कहा है कि वह कानूनी तौर पर मामला लड़ेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें