गुजरात स्थित सूरत के सचिन इलाके में एक ज्वेलरी शोरूम में हथियारबंद चार लोगों ने सोमवार रात करीब पौने नौ बजे लूट की कोशिश की। एसीपी एनपी गोहिल ने बताया कि आरोपी श्रीनाथजी ज्वेलर्स शोरूम में घुसे थे। आरोपी वहां बंदूक दिखाकर सोने-चांदी के गहने लूटने लगे। तभी पास की दुकान पर मौजूद शोरूम मालिक का छोटा भाई आशीष वहां पहुंच गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने आरोपियों का पीछा कर एक को पकड़ लिया, जबकि तीन भागने में कामयाब रहे। लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर में चोट आई है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी की पहचान दीपक पासवान के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पीछा करते समय नाजिम शेख नाम का एक व्यक्ति घायल हो गया, उसके पैर में चोट आई है।
भारत ने पनडुब्बी-रोधी रॉकेट प्रणाली का सफल परीक्षण किया
भारत ने एक लंबी दूरी तक मार करने वाली पनडुब्बी-रोधी रॉकेट प्रणाली का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। इससे भारतीय नौसेना की मारक क्षमता को काफी बढ़ाने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि विस्तारित लंबी दूरी के पनडुब्बी रोधी रॉकेट (ईआरएएसआर) का परीक्षण आईएनएस कवरेत्ती में सफलतापूर्व किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ, भारतीय नौसेना और इस प्रणाली के विकास और परीक्षण से जुड़े उद्योगों को बधाई दी। रक्षा मंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, इस प्रणाली की सफल तैनाती भारतीय नौसेना की हमलावर क्षमता को और अधिक मजबूत करेगी।
भारत की हज कमेटी ने 2026 की यात्रा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली भारत की हज समिति ने आधिकारिक रूप से हज 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन विंडो 31 जुलाई 2025 तक खुली रहेगी। बयान में कहा गया है कि आवेदन करने से पहले आवेदकों को दिशा-निर्देश और शर्तें ध्यानपूर्वक पढ़ना जरूरी है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी किया गया मशीन से पढ़ने योग्य भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट होना आवश्यक है, जिसकी वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2026 तक होनी चाहिए।
हज समिति ने आवेदकों को सलाह दी है कि वे आवेदन करने से पहले अपनी तैयारी और क्षमता पर गंभीरता से विचार करें। बयान में यह भी कहा गया कि मृत्यु या गंभीर चिकित्सा आपातकाल जैसी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति को छोड़कर किसी भी अन्य कारण से आवेदन रद्द करने पर जुर्माना लग सकता है और वित्तीय नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस घोषणा के साथ ही भारत सरकार द्वारा समर्थित और सुविधा प्राप्त हज यात्रा के लिए हजारों भारतीय मुसलमानों के लिए एक और अवसर की शुरुआत हो गई है।
पिछले सप्ताह अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए आयोजित हज 2025 अब तक का सबसे बेहतर आयोजन रहा है। उन्होंने यह भी बताया था कि 2025 में भारतीय हाजियों की मृत्यु दर में भारी गिरावट दर्ज की गई, जहां इस वर्ष 64 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि 2024 में यह संख्या 200 से अधिक थी।
तमिलनाडु: तंजावुर में कार-ट्रक की टक्कर, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
तमिलनाडु के तंजावुर-कुंभकोणम रोड पर मंगलवार सुबह एक कार और मिनी ट्रक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े बजे उस समय हुई, जब चेन्नई के पेरुंगलाथुर निवासी एस. कुमार (57 वर्षीय) अपने परिवार के साथ बृहदीश्वर मंदिर के दर्शन के लिए कार से जा रहे थे। जब कार विक्रवंडी-तंजावुर हाईवे पर कुरुंगलूर के पास से गुजर रही थी, उसी समय धान की बोरियां ले जा रहा मिनी ट्रक विपरीत दिशा से गलत लेन में आ गया। तेज रफ्तार कार सीधे उस ट्रक से टकरा गई, जो गलत दिशा में आकर उसके रास्ते में आ गया था, जिससे चालक को प्रतिक्रिया देने का कोई समय नहीं मिला।
पुलिस ने बताया, कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में उनके साथ यात्रा कर रहीं उनकी पत्नी जया (55 वर्षीय), बेटी दुर्गा (32 वर्षीय) और तीन वर्षीय नातिन नीलवनी सूर्य घायल होने के बाद दम तोड़ गईं। तीन अन्य लोग, जिनमें मिनी ट्रक का चालक भी शामिल है, घायल हुए हैं और उन्हें तंजावुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। तंजावुर तालुक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कर्नाटक के भटकल में आवारा कुत्तों के हमले से 70 घंटे में 15 से अधिक लोग घायल
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल शहर में पिछले 70 घंटों के दौरान आवारा कुत्तों के हमलों में 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हालांकि किसी की मौत की सूचना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, अधिकतर पीड़ित बच्चे और बुजुर्ग हैं, जिन्हें रिहायशी इलाकों या बाजारों से गुजरते समय कुत्तों ने काटा। हमले 6 जुलाई से शुरू हुए और तब से लगातार बढ़ते जा रहे हैं। घायलों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में किया गया है और कई लोगों को एंटी-रेबीज टीके भी लगाए गए हैं।
आवारा कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ गई है। लोग नगर प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों का आरोप है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर पहले की गई शिकायतों को नगर निकायों ने नजरअंदाज किया गया। भटकल नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और जल्द ही नसबंदी अभियान चलाने की योजना है। पशुपालन विभाग आक्रामक कुत्तों की पहचान करने और उन्हें हटाने के लिए सहयोग करेगा। संभावित रेबीज संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भटकल नगरपालिका प्रशासन की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जनता की चिंताओं को दूर करने और सुधारात्मक कदमों की योजना बनाने के लिए अगले सप्ताह की शुरुआत में एक समीक्षा बैठक आयोजित की जा सकती है।
ओडिशा में बिजली गिरने से दो भाइयों की मौत, एक घायल
ओडिशा के भद्रक जिले में सोमवार को खेत में काम कर रहे दो भाइयों की बिजली गिरने से मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान तिहिडी पुलिस सीमा के अंतर्गत चंदासाही गांव के मदन महाराणा (60) और हुरदानंद महाराणा (57) के रूप में हुई है। हालांकि उन्हें तिहिडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अलग घटना में चरिबतिया गांव के एक अन्य किसान गिरिधारी मोहालिका (64) बिजली गिरने से झुलस गए। पुलिस ने बताया कि उन्हें पहले तिहिडी सीएचसी में इलाज कराया गया, लेकिन बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।