फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: मैसूर केंद्रीय कारागार के वार्डर को किया गया निलंबित; राजकोट में पेड़ से टकराई कार, चार की मौत

Tue, 06 May 2025 03:29 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गुजरात के अमरेली जिले में शेत्रुंजी नदी में नहाते समय चार युवक डूब गए। अमरेली तालुका के पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना गावडका गांव के पास उस समय हुई जब सोमवार शाम को ये लोग नदी में उतरे थे। जिला अग्निशमन विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और देर रात शवों को बाहर निकालने में सफल रहे। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान नरेंद्र वाला (18), कौशिक राठौड़ (21), भार्गव राठौड़ (20) और कमलेश दफड़ा (27) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के पुलिस थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया।

विज्ञापन


ट्रक और कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत
मंगलवार सुबह एक ट्रक और कार की टक्कर में तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई। हुबली जिला मुख्यालय के बाहरी इलाके में इंगालाहल्ली क्रॉस के पास हादसा हुआ। पीड़ित शिवमोग्गा जिले के सागर के रहने वाले थे, जो बागलकोट जा रहे थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए कर्नाटक मेडिकल कॉलेज एवं अनुसंधान संस्थान भेज दिया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

एमके स्टालिन ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को पत्र लिखकर भारतीय मछुआरों की सुरक्षा की अपील की है। स्टालिन ने मछुआरों की सुरक्षा, हमलों की पुनरावृत्ति रोकने, पकड़ी गई मछली पकड़ने वाली नौकाओं को डूबने से रोकने और श्रीलंका द्वारा पकड़ी गई 229 मछली पकड़ने वाली नौकाओं को वापस लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की।
विज्ञापन


नक्सली विरोधी अभियान में CRPF के सहायक कमांडेंट घायल
छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर केजीएच हिल्स में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 4 मई को सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट सागर बोराडे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें दिल्ली एम्स में एयरलिफ्ट किया गया और अब उनकी हालत स्थिर है। सीआरपीएफ की 204 कोबरा बटालियन के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में एक जवान आईईडी विस्फोट में घायल हो गया। टीम का नेतृत्व कर रहे सहायक कमांडेंट बोराडे ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना घायल जवान को निकालने के लिए कदम बढ़ाया। सीआरपीएफ ने बताया कि केजीएच हिल्स कई वांछित नक्सलियों का ठिकाना है और यह इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है और यहां भारी मात्रा में घातक आईईडी भरे हुए हैं। 

आंध्र से भाजपा के सत्यनारायण ने निर्विरोध जीता राज्यसभा उपचुनाव
भाजपा के वरिष्ठ नेता पी वेंकट सत्यनारायण आंध्र प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हो गए। दो उम्मीदवारों ने परचा भरा था, पर केवल सत्यनारायण (64) ही मानदंडों पर खरे उतरे। लिहाजा, सत्यनारायण को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

ओडिशा-राजस्थान में नए हवाईअड्डों को केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सोमवार को राजस्थान के कोटा और ओडिशा के पुरी में ग्रीनफील्ड हवाईअड्डों के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी। कोटा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का संसदीय क्षेत्र है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कोटा में प्रस्तावित हवाईअड्डा न केवल शैक्षिक और औद्योगिक केंद्र के रूप में प्रसिद्ध कोटा शहर, बल्कि हाड़ौती क्षेत्र की बढ़ती आबादी और आर्थिक गतिविधियों के लिए उपयोगी होगा। पुरी में हवाईअड्डे की स्थापना का निर्णय धार्मिक पर्यटन, क्षेत्रीय विकास और समग्र कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने इन दोनों परियोजनाओं को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी गई है। भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नागरिक उड्डयन बाजारों में से एक है और यहां 150 से अधिक परिचालन हवाईअड्डे हैं। यह निर्णय देश में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

पद्मश्री केवी राबिया के निधन पर PM ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्मश्री केवी राबिया के निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर मलयालम में लिखा, केवी राबिया जी के निधन से दुखी हूं। साक्षरता बढ़ाने की दिशा में उनका किया गया काम हमेशा याद रहेगा। उनका साहस और प्रतिबद्धता, खासकर जिस तरह उन्होंने पोलियो के खिलाफ लड़ाई लड़ी, वह प्रेरणास्पद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।

परमेश्वरन करेंगे आईएमएफ बोर्ड में भारत का प्रतिनिधित्व
विश्व बैंक के कार्यकारी निदेशक परमेश्वरन अय्यर को नौ मई की अहम बैठक से पहले अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) बोर्ड में भारत के अस्थायी नामित निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में जलवायु कार्यक्रम के तहत पाकिस्तान को 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर के नए कर्ज के साथ मौजूदा सात अरब डॉलर के राहत पैकेज की पहली समीक्षा होगी।

हैदराबाद: घर में मिले दो बच्चों और पिता का शव
हैदराबाद के कोंडापुर इलाके में एक घर से पिता और उसके दो बच्चों के शव मिले। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे हमें एक फोन आया जिसमें कमरे से सड़ी हुई गंध आने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने पर हमने पाया कि दो बच्चे और उनके पिता की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान लैब कर्मचारी सुभाष के रूप में हुई और उसके बच्चे 13 वर्षीय ऋत्विक और 9 वर्षीय आराध्या थे। हमें संदेह है कि पिता ने अपने बच्चों की हत्या की और फिर खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका पत्नी से विवाद था। पुलिस ने कहा कि हमने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। 

ग्राफ्टिंग तकनीक से दोगुनी से अधिक हुई सब्जियों की पैदावार; जलवायु संकट से जूझते किसानों को उबारेगी तकनीक
जलवायु परिवर्तन और सीमित संसाधनों के साथ खेती करना बड़ी चुनौती है। ऐसे में इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर द सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स (इक्रीसैट) की नवीनतम शोध पर आधारित ग्राफ्टिंग तकनीक किसानों के लिए क्रांतिकारी समाधान बनकर उभरी है। इक्रीसैट ने अध्ययन में पाया कि पॉलीहाउस में उगाए गए ग्राफ्टेड पौधों की पैदावार परंपरागत खुले खेतों की तुलना में 63% से अधिक थी। शोधकर्ताओं ने टमाटर की खेती पर यह तकनीक लागू की तो चौंकाने वाले परिणाम सामने आए। पॉलीहाउस में उगाए गए इन पौधों से 3 से 5 बार यानी दोगुना से अिधक पैदावार ली गई। इसे बैंगन, मिर्च, खीरा, लौकी और तरबूज जैसी फसलों में भी अपनाया जा सकता है। यह तकनीक जलवायु परिवर्तन के दौर में किसानों की स्थिति में बड़ा सुधार ला सकती है।

बिहार : पूर्व एमएलसी तुनाजी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
बिहार में भाजपा के पूर्व एमएलसी तुनाजी पांडे के खिलाफ गैर जमानत वारंट जारी किया गया है। सिविल जज सीनियर डिविजन रश्मि गोयल ने चंपावत एसपी और सिवान (बिहार) के एसएसपी को पूर्व एमएलसी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। पूर्व एमएलसी वर्ष 2018 में हुए चेक बाउंस के मामले में अदालत में पेश नहीं हो रहे थे। वादी धन सिंह ने बताया कि 2018 में अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के तहत सड़क निर्माण का ठेका लिया था। काम पूरा होने के बाद वादी को दस-दस लाख रुपये के दो चेक दिए गए जो बाउंस हो गए।

आठ मई से शुरू होने वाली सीयूईटी यूजी परीक्षा स्थगित करने की तैयारी
विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की आठ मई से शुरू होने वाली कंप्यूटर आधारित (सीबीटी) सीयूईटी-यूजी, 2025 की परीक्षा स्थगित हो सकती है। दो दिन बाद शुरू होने वाली परीक्षा के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की अभी तक कोई तैयारी नहीं है। एनटीए ने अभी तक शिड्यूल या डाटाशीट तक जारी नहीं की थी। इसीलिए इस परीक्षा को स्थगित करने की तैयारी चल रही है। सूत्रों ने बताया, एनटीए ने आठ मई से एक जून तक सीयूईटी-यूजी, 2025 परीक्षा का शिड्यूल ही तैयार नहीं किया है। परीक्षा शुरू होने के पहले एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्रों की सूची आदि के बारे में भी घोषणा नहीं की है। इसलिए आठ मई से यह परीक्षा शुरू होने की संभावना नहीं है। छात्रों को एनटीए जल्द ही इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर देगा।

मिस वर्ल्ड के लिए हैदराबाद पहुंचते आगंतुक - फोटो : अमर उजाला / एजेंसी
मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता 10 से 31 तक तेलंगाना में होगी
मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता इस बार तेलंगाना में हो रही है। 10 से 31 मई तक होने वाली इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए दुनियाभर से प्रतिभागी हैदराबाद पहुंचने लगे हैं। राज्य की रेवंत रेड्डी सरकार ने तेलंगाना की वैश्विक ब्रांड छवि को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने के लिए एक कार्ययोजना तैयार की है। प्रतियोगिता के 72वें संस्करण में में शिकरत करने के लिए 120 देशों के प्रतिभागी और मेहमान हैदराबाद पहुंचने लगे हैं। मिस वर्ल्ड के अधिकारी जोनाथन मार्क शॉ, मिस वर्ल्ड लिमिटेड की अध्यक्ष जूलिया मोर्ले, कनाडा से एम्मा डीनना कैथरीन मॉरिसन और ब्राजील से जेसिका स्कैंडिउजी पेड्रोसो का हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पारंपरिक स्वागत किया गया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सरकार की राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने और राज्य को वैश्विक मानचित्र पर बहुआयामी पर्यटन केंद्र के रूप में बढ़ावा देने की योजना है। सरकार प्रतियोगिता को तेलंगाना में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के सुनहरे अवसर के रूप में उपयोग कर रही है। ‘दुनिया तेलंगाना की ओर देख रही है!’ नारे के साथ यह आयोजन राज्य के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।

केरल में यूट्यूबर गिरफ्तार, महिला के खिलाफ 'अपमानजनक' सामग्री प्रसारित करने का आरोप
केरल की साइबर पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर  यूट्यूबर को गिरफ्तार किया। महिला ने आरोप लगाया है कि यूट्यूबर ने उसके बारे में अपमानजनक सामग्री प्रसारित की। फिलहाल विदेश में रह रही महिला ने शाजन स्कारिया के खिलाफ अपमानजनक सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। सोमवार को पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी कर ली गई है तथा आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद स्कारिया को अदालत में पेश किया जाएगा।

मैसूर केंद्रीय कारागार के वार्डर को किया गया निलंबित
मैसूर केंद्रीय कारागार के एक वार्डर को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों वाला वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के बाद निलंबित कर दिया गया है। मामले में जेल अधिकारी ने बताया कि वार्डर एचएन मधु कुमार एक पूर्व सैन्यकर्मी हैं और पिछले चार वर्षों से जेल विभाग में सेवारत हैं।

अधिकारियों के अनुसार, अपने आवास पर रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, कुमार ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और 28 अप्रैल को बेलगावी में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक पुलिस अधिकारी के प्रति उनके गुस्से भरे हाव-भाव की निंदा की। प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए, मैसूर केंद्रीय कारागार के अधीक्षक बी एस रमेश ने पीटीआई को बताया कि मामला प्रकाश में आते ही वार्डर को कदाचार के लिए सोमवार शाम को ड्यूटी से निलंबित कर दिया गया। 28 अप्रैल को रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कुमार ने कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री की आलोचना की, सिद्धारमैया की पत्नी से कथित तौर पर जुड़े मुडा भूमि आवंटन घोटाले को उजागर किया और दावा किया कि मुख्यमंत्री के गृह जिले मैसूर में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।

राजकोट में पेड़ से टकराई कार, चार की मौत, दो घायल
गुजरात के राजकोट जिले में एक कार के पेड़ से टकराने के बाद पलट जाने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल है, जिनका जूनागढ़ में इलाज हो रहा है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा वाहन चालक के नियंत्रण खोने के कारण हुआ है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय मार्ग पर सुपेड़ी गांव के पास गाड़ी चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी पेड़ से जा टकराई है। हादसे में छह लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आगे बताया कि गाड़ी राजकोट जिले उपलेटा की ओर जा रही थी। 
विज्ञापन

मालदह हिंसा में मारे गए पिता-पुत्र के परिवार पर पुलिस की सख्ती का आरोप
कोलकाता हाईकोर्ट की एकल पीठ ने मंगलवार को एक याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया, जिसमें बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट पर जरूरत से ज्यादा सख्ती बरतने का आरोप लगाया गया था। यह कार्रवाई उस घर में हुई जहां हाल ही में मुर्शिदाबाद साम्प्रदायिक हिंसा में मारे गए पिता-पुत्र की विधवाएं रह रही थीं। न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष ने कहा कि मुर्शिदाबाद की घटनाओं से जुड़ी याचिकाओं पर हाईकोर्ट की दो जजों की पीठ पहले से सुनवाई कर रही है। चूंकि वर्तमान याचिकाकर्ता भी उसी हिंसा के पीड़ित हैं, इसलिए यह उचित होगा कि यह मामला उसी पीठ को सौंपा जाए। उन्होंने केस का रिकॉर्ड मुख्य न्यायाधीश को भेजने का आदेश दिया ताकि उचित पीठ को सौंपा जा सके।

क्या है मामला?
याचिका मृतक हरगोबिंदा दास और उनके बेटे चंदन की विधवाओं ने दायर की थी। वे 12 अप्रैल को मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज के जाफराबाद में दंगाइयों के द्वारा मार दिए गए थे। उनके परिजन हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने के लिए साल्टलेक में एक घर में ठहरे हुए थे। परिवार की ओर से वकील बिल्वादल भट्टाचार्य ने कोर्ट को बताया कि उस घर का दरवाजा तोड़कर बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने परिजनों के साथ दुर्व्यवहार किया और गाली-गलौच की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें